पोखरे में डूबने से चचेरी बहनों की मौत
Azamgarh News - अहरौला के मेहियापार गांव में दो चचेरी बहनों, 10 वर्षीय राजिया और 12 वर्षीय साजिया की पोखरे में डूबने से मौत हो गई। दोनों मवेशी चराने गई थीं और नहाने के दौरान गहरे पानी में चली गईं। घटना की जानकारी...

अहरौला, हिन्दुस्तान संवाद। क्षेत्र के मेहियापार गांव में गुरुवार शाम पोखरे में डूबने से चचेरी बहनों की मौत हो गई। दोनों मवेशी चराने के लिए गई थीं। शाम छह बजे परिवार के लोगों को घटना की जानकारी हुई। इसके बाद पोखरे पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घंटेभर की मशक्कत के बाद दोनों के शव बरामद हुए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की। अहरौला थाना क्षेत्र के खजुरी धनेजपट्टी गांव निवासी 10 वर्षीय राजिया पुत्री नौशाद और 12 वर्षीय साजिया पुत्री इरशाद चचेरी बहन थीं। गुरुवार अपराह्न करीब तीन बजे दोनों मवेशी चराने के लिए घर से निकली थीं। साथ में साजिया का भाई आठ वर्षीय आदित्य भी गया था।
तीनों मवेशियों के साथ घर से करीब एक किलोमीटर दूर पड़ोस के गांव मेहियापार के सीवान में चले गए। राजिया और साजिया शाम करीब पांच बजे पोखरे में नहाने लगीं। गहरे पानी में जाने के कारण दोनों पोखरे में डूब गईं। यह देख बाहर रहा आदित्य शोर मचाने लगा। वह भागकर गांव में पहुंचा और घटना की जानकारी दी। इस पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। गांव के लोगों ने करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद किसी तरह दोनों के शव बाहर निकाले। प्रभारी थानाध्यक्ष कुलदीप सिंह ने बताया कि दोनों बालिकाओ के शव का पंचनामा तैयार किया गया। परिजनों के आग्रह पर शव उन्हें सौंप दिए गए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।