Hindi Newsउत्तर प्रदेश न्यूज़who will pass who will fail in exam of milkipur by election yogi adityanath akhilesh yadav bjp sp put in full force

मिल्कीपुर के 'धर्मयुद्ध' में योगी और अखिलेश का भी इम्तिहान, दोनों ने खुद संभाला मोर्चा

  • भाजपा किसी भी तरह मिल्कीपुर जीतकर लोकसभा चुनाव में अयोध्या की हार का हिसाब बराबर करना चाहती है, वहीं समाजवादी पार्टी के लिए भी 2027 से पहले कार्यकर्ताओं का जोश बनाए रखने के लिए जीत जरूरी है। मिल्‍कीपुर में प्रचार अभियान की कमान CM योगी और अखिलेश यादव ने खुद संभाल रखी थी।

Ajay Singh हिन्दुस्तान, विशेष संवाददाता, लखनऊTue, 4 Feb 2025 05:41 AM
share Share
Follow Us on
मिल्कीपुर के 'धर्मयुद्ध' में योगी और अखिलेश का भी इम्तिहान, दोनों ने खुद संभाला मोर्चा

Milkipur by-election: अयोध्या के मिल्कीपुर में सोमवार शाम चुनावी प्रचार का शोर थम गया। अंतिम समय तक भाजपा और सपा ने यहां पूरी ताकत झोंकी। भाजपा किसी भी तरह मिल्कीपुर जीतकर लोकसभा चुनाव में अयोध्या की हार का हिसाब बराबर करना चाहती है। वहीं सपा के लिए भी 2027 से पहले खुद को मैदान में मजबूत दिखाने और कार्यकर्ताओं का जोश बनाए रखने के लिए जीत जरूरी है। भाजपा ने सपा से यह सीट छीनने को सरकार और संगठन दोनों मोर्चों पर आखिर तक एड़ी-चोटी का जोर लगाया। मिशन मिल्कीपुर की कमान खुद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संभाल रखी थी। प्रयाग महाकुंभ के साथ योगी मिल्कीपुर के मोर्चे पर भी डटे रहे। उधर, सपा के प्रचार अभियान की कमान खुद राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष अखिलेश यादव ने संभाली और प्रचार के अंतिम दिन तक कोई कसर नहीं छोड़ी।

भाजपा ने उतारी मंत्रियों की फौज

यूपी की आठ सीटों के साथ मिल्कीपुर का उपचुनाव भले न हुआ हो लेकिन भाजपा ने यहां तैयारियां बंद नहीं कीं। मिल्कीपुर के मैदान में पार्टी ने आधा दर्जन भारी-भरकम मंत्रियों की फौज उतार रखी थी। बीते एक पखवारे से अधिक समय से यह मंत्री वहीं मोर्चा संभाले हैं। इनमें सूर्य प्रताप शाही, स्वतंत्रदेव सिंह, जेपीएस राठौर, दयाशंकर मिश्र दयालु, सतीश शर्मा शामिल हैं। शाही-स्वतंत्रदेव के चुनावी अनुभव और जेपीएस राठौर की मोर्चेबंदी का लाभ पार्टी इस उपचुनाव में उठाना चाहती है। कटेहरी सीट सहित आठ में से सात सीटों पर उपचुनाव में मिली जीत से भी भाजपा उत्साहित है। उधर, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार मिल्कीपुर पर निगाहें जमाए हुए हैं। चुनावी घोषणा से पहले और बाद में मुख्यमंत्री ने वहां कई सभाएं और कार्यक्रम किए हैं।

ये भी पढ़ें:अब मिल्‍कीपुर पर टिकीं निगाहें, मैदान में बसपा के न होने का किसे मिलेगा फायदा?

इन सभाओं में योगी ने सीधे तौर पर सपा मुखिया को घेरने के साथ ही विरोधियों पर सनातन विरोधी होने के आरोप जड़े। सपा पर लगातार तीखे हमले बोले। योगी ने इस दांव से सपा को एक विशेष दायरे में समेटने का प्रयास किया है। वहीं पासी बिरादरी का नया चेहरा उतारकर पार्टी ने इसी जाति से आने वाले अजीत प्रसाद को घेरने की पूरी कोशिश की है।

संगठन मंत्री ने किया सामाजिक समीकरण पर फोकस: वहीं संगठन का मोर्चा भाजपा के प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह ने संभाला। मिल्कीपुर को लेकर उन्होंने कई दौर में बैठकें कीं। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र, बूथ और पन्ना प्रमुखों तक से संवाद किया। उन्हें मतदान तक मैदान में डटे रहने का मंत्र दिया। धर्मपाल सिंह ने संघ से समन्वय के साथ ही सामाजिक समीकरण के हिसाब से नेताओं की चुनावी ड्यूटी भी लगाई। अंतिम दिन प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने भी मिल्कीपुर में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान कार्यकर्ताओं से किया। भाजपा के यह सारे प्रयास कितने सफल हुए, इसका फैसला आठ फरवरी को होगा।

बीजेपी प्रदेश अध्‍यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने अखिलेश पर साधा निशाना

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र चौधरी ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या आने के बाद भी रामलला का दर्शन न करने पर सवाल खड़ा किया है। इनायतनगर के एक स्कूल में पत्रकारों को सम्बोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि अखिलेश यादव उपचुनाव के प्रचार में अयोध्या आए हैं। इससे पहले भी वह अयोध्या आ चुके हैं। प्रभु राम का दर्शन करने के लिए उन्हें समय नहीं मिला। लेकिन सियासत वह जरूर करते हैं।

ये भी पढ़ें:PDA की बिसात पर मिल्‍कीपुर में बढ़ीं मुश्किलें, और कठिन हुई भाजपा-सपा की जंग

उन्होंने कहा कि सपा के लोग सनातन धर्म व साधू संतों के बारे में टिप्पणी करते रहते हैं। उनका स्वभाव व चरित्र सनातन का विरोध करने का रहा है। मुलायम व अखिलेश की सरकार में जिस तरह से अराजकता, गुंडागर्दी, बेइमानी व भ्रष्टचार रहता था। उस समय पूरी सरकार अराजक तत्वों के संरक्षण में खड़ी रहती थी। इस प्रकार की लगातार घटनाएं रही हैं, जिसमें सपा का चरित्र माफियाओं व अपराधियों के साथ खड़ा होने का रहा है। आज भाजपा सरकार है। यूपी के विकास के लिए सरकार ने काम किया है। संस्कृति, आस्था व विरासत के आधार पर हम आगे बढ़ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार ने उत्तर प्रदेश में अपराध और अपराधियों के खिलाफ जीरो टालरेंस की नीति के तहत काम किया है। अपराधियों पर हो रही कार्रवाई की वजह से अपराध में काफी कमी आयी है। सपा की सोच व प्राथमिकताओं में अपना परिवार व जाति है। सपा के लोग अपनी पारिवारिक विरासत को लेकर आगे बढ़ते हैं। भाजपा हमेशा 140 करोड़ की विरासत को लेकर आगे बढ़ती है। सपा के समय अयोध्या में किस प्रकार गतिविधि होती थी, कारसेवकों के नरसंहार का काम सपा की सरकार में हुआ है। आज अयोध्या के विकास के लिए सरकार ने जो काम किया है। उसकी चर्चा हर जगह हो रही है। जिस प्रकार से 500 वर्षों के संघर्ष के बाद भगवान राम के मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा हुई है और लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच रहे है। आज उत्तर प्रदेश निश्चित रूप से देश में सर्वाधिक धार्मिक पर्यटन वाला राज्य बन गया है। उत्तर प्रदेश आज बदलता हुआ प्रदेश सबसे सामने है। प्रेस वार्ता के दौरान प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, प्रत्याशी चन्द्रभानु पासवान, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी हिमांशू दूबे, जिला मीडिया प्रभारी दिवाकर सिंह, बब्लू मिश्रा मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें:मिल्‍कीपुर की पिच पर BJP ने खेला बडा दांव, चंद्रभानु को उतार एक तीर से कई निशाने

बैठक में बनाई मतदान के दिन की रणनीति

इनायत नगर के एक स्कूल में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने मंडल प्रवासियों तथा शक्ति केन्द्र प्रवासियों के संग बैठक कर मतदान के दिन की रणनीति पर मंथन किया। पदाधिकारियों से चुनावी तैयारियों की रिपोर्ट ली। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि सभी मंडल प्रवासी तथा शक्ति केन्द्र प्रवासी बूथ पदाधिकारियों तथा पन्ना प्रमुख के साथ मिल कर मतदाताओं के शत प्रतिशत मतदान की योजना बना लें। शत प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करें। शक्ति केन्द्र के प्रवासी सभी बूथ पदाधिकारियों से समन्वय स्थापित कर हर घर मतदाता पर्ची पहुंचाएं। जिन घरों में मतदाता पर्ची नही पहुंची है उसे जल्द पहुंचाने के लिए कहे। प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने कहा वोटिंग के दिन कार्यालय पर वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहें तथा लगातार बूथ लेबल के कार्यकर्ताओं के सम्पर्क में रहें। बूथ पर आ रही प्रशासनिक तथा अन्य दिक्कतों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण कराएं। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने शक्ति केन्द्र के प्रभारी, बूथ अध्यक्षों तथा पन्ना प्रमुखों को मतदान पर्ची को लेकर अपडेट लेते रहने की जिम्मेदारी सौंपी । बैठक में प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह, एमएलसी अवनीश पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष कमलेश मिश्र, जिला प्रभारी मिथिलेश त्रिपाठी, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह, जिला महामंत्री राघवेन्द्र पाण्डेय सहित सभी मंडल प्रवासी व शक्तिकेन्द्र प्रभारी मौजूद रहे।

अखिलेश ने सीएम योगी पर किए सियासी वार

यूपी के पूर्व सीएम और समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को मिल्‍कीपुर में सीएम योगी पर तीखे वार किए। कहा कि लोग वस्त्र से योगी नहीं, विचार से योगी होते हैं। सत्य पर चलने वाला योगी होता है,जो सत्य छुपाए वह योगी नहीं हो सकता। मिल्कीपुर विधानसभा के किसान इंटर कॉलेज कल्याणपुर के पास आयोजित चुनावी जनसभा में अखिलेश यादव अपने 58 मिनट के भाषण के दौरान योगी और योगी सरकार पर ही हमलावर रहे। अखिलेश यादव ने कहा मिल्कीपुर का चुनाव अब चुनाव नहीं रह गया है,यह चुनौती बन गया है। यह जनता बनाम प्रशासन का चुनाव हो रहा है,यह मतदाता बनाम शासन का चुनाव हो रहा है। आने वाले समय का परिणाम मिल्कीपुर से ही जाएगा।

महाकुंभ पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि महाकुंभ में जो घटनाएं घटी हैं उसकी हम लोग कल्पना नहीं कर सकते। यह सरकार रोज आंकड़े उपलब्ध कराती है कि करोड़ों की संख्या मे टूरिस्टों ने स्नान किया लेकिन जो मर गए उनका आंकड़ा नहीं दे रहे हैं। यह पहले सीएम हैं जो सच्चाई को स्वीकार नहीं करते। जो करोड़ों टूरिस्ट को गिन रहे हैं उन्हें मृतकों की संख्या गिनने में 17 घंटे लग गए। ऐसा पहली बार हुआ है कि करोड़ों लोगों को स्नान के लिए बुलाया गया और उन्हें बिना स्नान के ही वापस भेज दिया गया।

ये भी पढ़ें:मिल्‍कीपुर में बदला चुकाने की कोशिश में बीजेपी, योगी की अगुवाई में झोंकी ताकत

सीएम योगी पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि हमारे सीएम को गूगल करना भी नहीं आता,अगर सोशल मीडिया के बारे में जानते हैं तो इतना ही टाइप कर दे हैशटैग कुंभ भगदड़ ताकि कुंभ की सच्चाई का पता चल सके। अयोध्या पर बोलते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर हमारी सरकार 2027 में बनी तो हम अयोध्या को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाएंगे साथ ही साथ इकाना जैसा वर्ल्ड क्लास का स्टेडियम अयोध्या में बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यह सपा के द्वारा बनाए गए स्टेडियम में शपथ तो लेते हैं लेकिन एक भी स्टेडियम नहीं बना सकते।

बिना बार के पांच सितारा होटल नहीं खुल सकता

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या मे पांच सितारा होटल बनाना चाहते हैं लेकिन उनको नहीं पता है कि बिना बार के पांच सितारा होटल नहीं खोला जा सकता। सीएम योगी के द्वारा दिए गए नारे का जिक्र करते हुए कहा कि सीएम योगी कहते हैं कि सपा का यह नारा है खाली प्लाट हमारा है तो अब मेरी सरकार नहीं है अयोध्या की रजिस्ट्री ओपन कर दो तो पता चल जाएगा कि भू माफिया कौन है,जितने भी भू माफिया होंगे सब भाजपाई होंगे। डॉ भीमराव अंबेडकर की चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि बाबा जी हमारे लिए भगवान की तरह हैं,हम लोग उन्हें पूजते हैं,संविधान हमारे लिए संजीवनी है,संविधान हमारा ढाल है,संविधान हमारा सुरक्षा कवच है। अभी तक संविधान ने पीडीए की रक्षा की है, अब पीडीए वाले संविधान की रक्षा करेंगे।

अगला लेखऐप पर पढ़ें