मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चाओं ने कईयों की नींद उड़ाई, कुंडली दिखाकर पूछ रहे ग्रहों-नक्षत्रों की स्थिति
- संगठन से लेकर सरकार तक हलचलें तेज हैं। इस महीने संगठन से सरकार तक बहुत कुछ बदलाव होने की चर्चाएं हैं। सबसे पहले जिलाध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी होनी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह सूची संगठन और जनप्रतिनिधियों की चाहत के बीच फंस गई है।

यूपी में मंत्रिमंडल विस्तार की चर्चाओं ने तमाम माननीयों की नींद उड़ा दी है। चैन खोने वालों में टीम योगी के कुछ मौजूदा सदस्यों के साथ ही टीम में शामिल होने की चाहत रखने वाले भी शामिल हैं। कुर्सी बचाने और पाने के इस खेल में शामिल लोग ऊपर वाले की शरण में हैं। इसमें संघ और दिल्ली दरबार के साथ ही ईश्वर की चौखट पर हाजिरी भी शामिल हैं। होली बाद प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार प्रस्तावित है। इसकी भनक लगते ही कई मंत्रियों और संभावित दावेदारों ने धार्मिक अनुष्ठान शुरू करा दिए हैं। ज्योतिषियों से ग्रह-नक्षत्रों की चाल भी दिखवाई जा रही है।
भगवा दल में इन दिनों हलचलें तेज हैं। ऐसा संगठन से लेकर सरकार तक में है। दरअसल पार्टी में इस महीने संगठन से सरकार तक बहुत कुछ बदलाव होने हैं। सबसे पहले जिलाध्यक्षों की बहुप्रतीक्षित सूची जारी होनी है। पार्टी सूत्रों का कहना है कि यह सूची संगठन और जनप्रतिनिधियों की चाहत के बीच फंस गई है। वहीं पार्टी को नया प्रदेश अध्यक्ष भी इसी महीने मिलना है। इसके अलावा सबसे ज्यादा चर्चा योगी मंत्रिमंडल के विस्तार की है।
घर से लेकर प्रदेश के बाहर भी करा रहे अनुष्ठान
माना जा रहा है कि टीम योगी में छह से सात नये चेहरों को जगह मिल सकती है। एकाध मंत्री को बाहर का रास्ता भी दिखाने के साथ ही कुछ लोगों के विभागों में भी फेरबदल किया जा सकता है। इन चर्चाओं के बीच ज्यादातर मंत्रियों और दावेदारों ने धार्मिक अनुष्ठानों के जरिए ईश्वर को प्रसन्न करने की कवायद तेज कर दी है। धार्मिक यात्राओं का सिलसिला भी तेज हो गया है।
मंत्री बनने को आतुर एक नये एमएलसी अपने घर में पिछले कुछ दिनों से अनुष्ठान करा रहे हैं। एक मंत्री यूं तो पहले से गाय पालते हैं, मगर इन दिनों उन्होंने गौसेवा का सिलसिला तेज कर दिया है। एक माननीय के पीतांबरा पीठ में अनुष्ठान कराए जाने की खबर है। वहीं एक पूर्व मंत्री भी लगातार पूजा-पाठ करा रहे हैं।