केजरीवाल की वजह से जल्द बिखर जाएगी AAP; दिल्ली चुनाव रिजल्ट पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी
- Delhi election 2025: दिल्ली विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आम आदमी पार्टी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आप जल्दी ही बिखर जाएगी क्योंकि इसका पूरा एकाधिकार अरविंद केजरीवाल के हाथों में है।

दिल्ली विधानसभा चुनाव 2025 के नतीजे लगभग आ चुके हैं। आम आदमी पार्टी के सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल ने जनादेश के सम्मान की बात कहते हुए अपनी हार को स्वीकार कर लिया है। भाजपा के खेमें में 27 साल बाद हासिल हुई इस जीत के बाद खुशी की लहर है। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने आम आदमी पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि केजरीवाल के एकाधिकार के कारण आम आदमी पार्टी आने वाले समय में पूरी तरह से बिखर जाएगी।
एजेंसी से बात करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केजरीवाल के नेतृत्व में आप ने दिल्ली जनता को 10 सालों तक मूर्ख बनाया है। वह दिल्ली की जनता को बहुत कुछ बेहतर दे सकते थे लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। इसलिए उन्हें चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। अगर आप का मौजूदा स्वरूप नहीं बदला तो वह दिन दूर नहीं जब यह जल्दी ही बिखर जाएगी। क्योंकि पार्टी का पूरा एकाधिकार अरविंद केजरीवाल के पास है। आप आतिशी से जाकर पूछिए कि उन्हें निर्णय लेने की कितनी आजादी थी, जबकि वह तो मुख्यमंत्री थीं।
पंजाब में रिमोट कंट्रोल होगा कमजोर
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी की हार से पंजाब का रिमोट कंट्रोल भी कमजोर होगा। इस हार ने पंजाब में भाजपा के लिए 2027 का रास्ता साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि पंजाब में इस समय अब भगवंत मान पर निर्भर है कि वह राज्य को किस तरफ ले जाना चाहते हैं। आज के नतीजों के बाद यह निश्चित है कि भाजपा दिल्ली में सरकार बना रही है। और इसके बाद 2027 में पंजाब में भी सत्ता में आएगी।