संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत, हत्या का आरोप
Mirzapur News - चेतगंज, हिन्दुस्तान संवाद। चील्ह थाना क्षेत्र के तिलठी गांव में रविवार की सुबह

चेतगंज, हिन्दुस्तान संवाद। चील्ह थाना क्षेत्र के तिलठी गांव में रविवार की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में विवाहिता की मौत हो गई। मृत विवाहिता के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है जबकि ससुराल पक्ष का कहना है कि विवाहिता ने फंदे पर झूलकर आत्महत्या कर लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जौनपुर जिले के सुरेरी थाना क्षेत्र के कोचारी गांव निवासी चंद्रप्रकाश यादव की पुत्री 27 वर्षीय प्रियंका यादव की शादी 20 मई 2018 में चील्ह थाना क्षेत्र के तिलठी गांव के राघो यादव के साथ हुई थी।
चंद्रप्रकाश यादव का आरोप है कि बेटी की शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले दहेज के लिए प्रियंका को प्रताड़ित करते थे। 11 मई 2025 को ससुराल पक्ष के लोग दबाव बनाकर सोने की चेन लिए थे। 14 मई 2025 को 15 लोगों के साथ प्रियंका का देवर गोलू यादव मायके आया और विवाद के बाद प्रियंका की विदाई कर ससुराल ले आए। रविवार की सुबह सात बजे दहेज के लिए प्रियंका के ससुराल वाले उसकी हत्या कर दिए। चंद्रप्रकाश ने मृत बेटी के पति, ससुर, सास, देवर के विरुद्ध हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। मृतका प्रियंका को दो पुत्र हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। चील्ह थाना प्रभारी विजय शंकर सिंह ने बताया कि विवाहिता की मौत हुई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट होगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।