Hindi Newsदेश न्यूज़How will the Punjab government be shaken by AAP defeat in Delhi

हारे अरविंद केजरीवाल टेंशन भगवंत मान की बढ़ेगी! कैसे दिल्ली की हार से हिलेगी पंजाब सरकार

  • CM भगवंत मान ने दिल्ली में 28 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रचार किया था। इस दौरान उन्होंने करीब 40 जगहों पर प्रचार किया। जिनमें सीएम आतिशी की कालकाजी सीट के अलावा पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जंगपुरा सीट भी शामिल है।

Nisarg Dixit लाइव हिन्दुस्तानSat, 8 Feb 2025 04:40 PM
share Share
Follow Us on
हारे अरविंद केजरीवाल टेंशन भगवंत मान की बढ़ेगी! कैसे दिल्ली की हार से हिलेगी पंजाब सरकार

दिल्ली विधान सभा चुनाव में आम आदमी पार्टी को मिली करारी शिकस्त से पंजाब में मायूसी छा गई। दिल्ली के बाद पंजाब ही ऐसा राज्य है, जहां आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है। ऐसे में उन्हें उम्मीद थी कि दिल्ली में लगातार चौथी बार आप की सरकार बनेगी। ये नतीजे आप की पंजाब सरकार पर जरूर असर डालने वाले हैं।

पंजाब सरकार में बढ़ सकता है दखल

दिल्ली की हार के बाद आप के केंद्रीय नेतृत्व का दखल भी पंजाब सरकार में बढ़ सकता है। जब तक आप दिल्ली सरकार में काबिज थी, तब तक पंजाब के लिए ये मजबूती थी। अब दिल्ली चुनावी नतीजों ने आप पंजाब के लिए मुश्किलें बढ़ा दी हैं। अब पंजाब सरकार सीधे केंद्र के निशाने पर होगी। मुख्यमंत्री भगवंत मान कई बार केंद्र की बीजेपी सरकार पर पंजाब से भेदभाव करने का आरोप लगा चुके हैं।

केंद्र से मिलने वाले फंड जो पहले से ही अटके हैं उन्हें जारी करवाना और नए फंड मांगना भी चुनौती होगी। इससे मान सरकार के खिलाफ विपक्ष और अधिक आक्रामक हो जाएगा। इस हार से आम आदमी पार्टी के लिए भविष्य की राह मुश्किल होगी। पंजाब में अब कांग्रेस आप को घेरने के लिए मजबूती से लग जाएगी।

मुख्यमंत्री भगवंत मान का 40 जगहों का प्रचार भी नहीं आया काम

पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दिल्ली में 28 जनवरी से 3 फरवरी तक प्रचार किया था। इस दौरान उन्होंने करीब 40 जगहों पर प्रचार किया। जिनमें सीएम आतिशी की कालकाजी सीट के अलावा पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया की जंगपुरा सीट भी शामिल है।

विपक्षी नेताओं का एक सुर में आप पर हमला

दिल्ली के नतीजों पर पंजाब के विपक्षी नेताओं ने प्रतिक्रिया दी है। पंजाब भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में दिल्ली को आप-दा मुक्त करने के लिए कार्यकर्ताओं को बधाई। जिनकी मेहनत से दिल्ली में 27 साल बाद कमल खिला है। अब पंजाब को आप-दा मुक्त करने का बीड़ा भी प्रधानमंत्री को उठाना होगा। पंजाबियों की नजर अब पीएम मोदी पर है, कब उनके नेतृत्व में पंजाब में मौजूद भय का माहौल खत्म होगा और लोग अमन शांति से रह पाएंगे।

वहीं केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने भाजपा की जीत पर कहा कि अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया और आतिशी के मुख्यमंत्री आवास 'शीश महल' को अब लोगों ने खाली कर दिया है। भगवंत मान को अब अपना बोरिया-बिस्तर बांधना शुरू कर देना चाहिए।

दिल्ली में आम आदमी पार्टी की हार पर शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर बादल ने कहा कि मैं दिल्ली के मतदाताओं को बधाई देता हूं जिन्होंने आम आदमी पार्टी के झूठ को नकार दिया है। पंजाब में भोले-भाले लोगों को गुमराह करके सरकार बना ली गई है, लेकिन आने वाले समय में यहां भी आम आदमी पार्टी का सफाया होगा।

रिपोर्ट: मोनी देवी

अगला लेखऐप पर पढ़ें