कर्नल सोफिया पर विवादित बयान; मंत्री विजय शाह के बंगले पर फेंकी गई कालिख, कड़ी फटकार
मध्य प्रदेश के मंत्री विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक बयान देकर एक बड़ा सियासी विवाद खड़ा कर दिया है। कांग्रेस ने प्रधानमंत्री मोदी से मंत्री विजय शाह का इस्तीफा मांगा है।

एमपी सरकार के मंत्री विजय शाह की कर्नल सोफिया कुरैशी के खिलाफ कथित विवादित टिप्पणी पर सियासी माहौल गर्म है। सूत्रों की मानें तो विजय शाह को भोपाल तलब कर लिया गया। इधर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रात 9:00 बजे के लगभग भोपाल स्थित उनके बंगले पर कालिक फेंक दी और 'भारत माता की जय' और विजय शाह मुर्दाबाद के नारे भी लगाए। कांग्रेस का कहना है कि जिस बेटी ने पाकिस्तान में घुसकर आतंकियों से लोहा लिया उसके बारे में ऐसा बयान देना शर्मसार करने वाली घटना है।
विजय शाह ने महू के राय कुंडा गांव में आयोजित कार्यक्रम में उक्त बयान दिया। यह मंगलवार को वायरल हो गया। महू में देर शाम को ही पुतला जलाकर विजय शाह का विरोध किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं की पुलिस से झड़प भी हुई। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि देश की जिन बेटियों ने पाकिस्तान को डरा दिया मंत्री विजय शाह उन्हें गलत शब्द बोल रहे हैं। विजय शाह को तुरंत बर्खास्त कर देना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री विजय शाह को तत्काल बर्खास्त किए जाने की मांग की है। खरगे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा- BJP की मध्य प्रदेश सरकार के एक मंत्री ने हमारी वीर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी के बारे में शर्मनाक टिप्पणी की है। RSS और भाजपा की मानसिकता महिला विरोधी रही है। प्रधानमंत्री मोदी को ऐसे मंत्री को तुरंत बर्खास्त करना चाहिए।
वहीं विजय शाह ने सफाई देते हुए कहा कि कर्नल सोफिया उनकी सगी बहन से भी ज्यादा सम्मानित हैं। मैं उन्हें सलाम करता हूं। यदि मेरे बयान से किसी को भी चोट पहुंची है तो मैं 10 बार माफी मांगने को तैयार हूं। वहीं इस विवाद पर भाजपा की मध्य प्रदेश इकाई ने विजय शाह को भोपाल में प्रदेश मुख्यालय तलब किया। सूत्रों ने बताया कि विजय शर्मा को उनकी टिप्पणी के लिए कड़ी फटकार लगी है।