CM नायब सिंह सैनी और बड़ौली के खिलाफ बयान देकर फंसे अनिल विज, भाजपा ने भेजा कारण बताओ नोटिस
- बगावती तेवर दिखा रहे अनिल विज को भाजपा हाईकमान से झटका लगा है। सीएम नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ बयान को लेकर भाजपा ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है।

हरियाणा के मंत्री अनिल विज बगावती तेवरों के चलते पार्टी हाईकमान के निशाने पर आ गए हैं। सीएम नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ बयान देने के बाद वे फंस गए हैं। भाजपा ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विज को तीन दिन के भीतर जवाब पेश करना होगा। विज ने सैनी और बड़ौली के खिलाफ बयानबाजी की थी। विज ने सीएम सैनी पर तीखा हमला किया था कि सैनी जब से मुख्यमंत्री बने हैं, हैलीकॉप्टर पर ही रहते हैं। नीचे उतरेंगे तभी तो जनता का दुख-दर्द समझ पाएंगे। वहीं, गैंगरेप में नाम आने पर हरियाणा भाजपा अध्यक्ष बड़ौली से इस्तीफा मांगा था।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली के खिलाफ बयानबाजी करना हरियाणा के कैबिनेट मंत्री अनिल विज को भारी पड़ गया है। पार्टी अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने अनिल विज को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब मांगा है। नोटिस में बड़ौली ने कहा है कि आपने पार्टी अध्यक्ष और मुख्यमंत्री पद के खिलाफ सार्वजनिक रूप से बयान दिया है। यह बेहद गंभीर है। यह कदम न केवल पार्टी की विचारधारा के खिलाफ है बल्कि यह उस समय हुआ, जब पार्टी पड़ोसी राज्य दिल्ली में चुनावी अभियान चला रही थी। चुनावी समय में इस तरह की बयानबाजी से पार्टी की छवि को नुकसान होगा, यह जानते हुए आपने यह बयान दिए, जो पूरी तरह से अस्वीकार्य है। नोटिस में इसे घोर अनुशासनहीनता माना गया है और अनिल विज को 3 दिन के अंदर लिखित जवाब देने की बात कही गई है।
सीएम सैनी पर हमलावर थे विज
कुछ दिन पहले अनिल विज ने अफसरशाही से तंग आकर नाराज हो गए थे। अनिल विज आरोप लगा रहे थे कि कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान कुछ स्थानीय सरकारी अफसरों के साथ मिलकर उन्हें हराने की साजिश रची और मारने तक का प्रयास किया। सरकार को इस बारे में पत्र लिखने के बाद भी कोई एक्शन नहीं हुआ तो विज ने सीएम नायब सैनी पर सीधा हमला बोल दिया। उन्होंने कहा कि सैनी जब से मुख्यमंत्री बने हैं, हैलीकॉप्टर पर ही रहते हैं। नीचे उतरेंगे तभी तो जनता का दुख-दर्द समझ पाएंगे।
इसके बाद अनिल विज ने एक पोस्ट से मुख्यमंत्री के नजदीकी नेताओं की वो तस्वीरें भी गद्दार लिखकर शेयर कीं, जिसमें वो लोग खुद बीजेपी नेता होने के बावजूद विज के खिलाफ चुनाव लड़ने वाली चित्रा सरवारा के साथ दिखाई दे रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ भी उन्हीं लोगों की तस्वीर थी, जिसे शेयर करते हुए विज ने इस पर गद्दार तक लिख दिया था। इसके अलावा विज अपने द्वारा लगाए जाने वाले जनता दरबारों और ग्रीवेंसिस कमेटी की बैठकों के दौरान दिए जाने वाले आदेशों का पालन ना होने से भी नाराज चल रहे थे। इसके बाद हरियाणा सरकार ने अंबाला के डीसी और एसएसपी को हटा दिया था। वहीं, अंबाला के एक भाजपा नेता को भी पार्टी से निकाल दिया था।
मंत्री पद से हटा सकते हैं, मेरी विधायकी कोई नहीं छीन सकता
हरियाणा के परिवहन और ऊर्जा मंत्री अनिल विज ने 2 फरवरी को रोहतक में फिर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पर जोरदार हमला बोला। विज ने सीएम सैनी को डायरेक्ट चैलेंज देते हुए कहा कि मेरा सब कुछ छीना जा सकता है, लेकिन मेरी विधायकी कोई नहीं छीन सकता है। मुझे लोगों ने विधायक बनाया है, इसलिए मुझे कोई फर्क पड़ता नहीं है। छीनना चाहते हैं, छीन लें, मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता। मैंने मंत्री होने के बाद भी कोई सुविधाएं नहीं ले रखी हैं। मैंने कोठी नहीं ली, सिर्फ कार है। कार्यकर्ताओं ने कहा है कि कार छीनेंगे तो हम लेकर दे देंगे। नायब सिंह सैनी को अब हवा से नीचे आकर मंत्रियों और विधायकों के साथ बैठक करनी चाहिए। मंत्रियों और विधायकों की समस्या का समाधान करना चाहिए। मैं कोई भी बयान आत्मा से देता हूं, आत्मा को कोई काट नहीं सकता है। जल्दी ही सरकार की कमियों को भी बताया जाएगा।
बड़ौली से मांगा था इस्तीफा
कसौली में गैंगरेप के आरोपों पर हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली पर केस दर्ज होने के बाद अनिल विज ने उन पर भी हमला बोला था। विज ने कहा था कि बड़ौली को अपने पद से इस्तीफा दे देना चाहिए। जब तक मोहन लाल बड़ौली जांच के दायरे में हैं, तब तक उन्हें हरियाणा बीजेपी अध्यक्ष पद छोड़ देना चाहिए। हालांकि, विज ने कहा था कि उन्हें पूरा भरोसा है कि बड़ौली पूरी तरह से निर्दोष हैं और जल्द ही जांच में यह सामने आ जाएगा, लेकिन जब तक ऐसा नहीं हो जाता, तब तक के लिए उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।
रिपोर्ट: मोनी देवी
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।