गोविंद सिंह डोटासरा बोले- मदन राठौड़ को मोदी की फोटो लगा दुपट्टा ओढ़ना पड़ता है
- उन्हें पता नहीं है कि किस प्रकार से महात्मा गांधी ने आजादी के लिए संघर्ष किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू जेल गए. इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपना जीवन बलिदान किया। वे तो पीएम मोदी की फोटो लगाकर और शॉल ओढ़कर सोते हैं।

राजस्थान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा नेताओं पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा, भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ नए-नवेले हैं। उन्हें पता नहीं है कि किस प्रकार से महात्मा गांधी ने आजादी के लिए संघर्ष किया। पंडित जवाहरलाल नेहरू जेल गए. इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने अपना जीवन बलिदान किया। वे तो पीएम मोदी की फोटो लगाकर और शॉल ओढ़कर सोते हैं। उनके हर कार्यक्रम में कोई नेता चाहे कितना भी बड़ा हो। पीएम मोदी की फोटो लगा दुपट्टा ओढ़ना पड़ता है। यह उनकी मजबूरी है। वो किसे खुश कर रहे हैं।
डोटासरा बोले, हमारा त्याग, तपस्या और बलिदान का इतिहास है। कांग्रेस की स्थापना ही देश को आजाद करवाने के लिए हुई. तब मदन राठौड़ की पार्टी वाले लोग और आरएसएस के लोग अंग्रेजों से मिले हुए थे। कैसे माफी मांगकर जेलों से बाहर आकर मुखबिरी का काम किया। यह इतिहास के पन्नों में दर्ज है। इसलिए मदन राठौड़ को सोच समझकर बोलना चाहिए। इनका एक ही एजेंडा है। काम मत करो। जनता का ध्यान भटकाओ।
डोटासरा ने कहा, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत ने कहा कि असली आजादी तो राम मंदिर की प्रतिष्ठा से मिली है। क्या भाजपा नेता उनके इस बयान से इत्तेफाक रखते है। अगर रखते हैं तो इससे बड़ी शर्म की कोई बात हो नहीं सकती। वे बोले, मदन राठौड़ के पास कोई काम नहीं है। पर्ची आती है। वो उतना ही काम करते हैं। भाजपा का एक सामान्य कार्यकर्ता यह कह रहा है कि मदन राठौड़ की चल नहीं रही। ऐसे में ऐसे बयानों के अलावा उनके पास कुछ बचता भी नहीं है।