Hindi Newsमध्य प्रदेश न्यूज़Amidst the scorching heat in MP, it will rain at many places in the next three days

MP:भीषण गर्मी के बीच बिगड़ा मौसम, मुरैना में गिरे ओले, आंधी में 12 घायल; 3 दिन कई जिलों में होगी बारिश

  • सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस तालुन (बड़वानी) में दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.7 कल्याणपुर (शहडोल) में दर्ज किया गया।

Sourabh Jain लाइव हिन्दुस्तान, भोपाल, मध्य प्रदेशFri, 14 March 2025 05:44 PM
share Share
Follow Us on
MP:भीषण गर्मी के बीच बिगड़ा मौसम, मुरैना में गिरे ओले, आंधी में 12 घायल; 3 दिन कई जिलों में होगी बारिश

मध्य प्रदेश में बीते कुछ दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच कुछ स्थानों पर हुई बारिश से लोगों को राहत मिली है। पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के चंबल संभाग के मुरैना जिले में कहीं-कहीं वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान जिले के अंबाह में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई और ओले भी गिरे, साथ ही वर्षाजनित हादसों में 12 लोगों के घायल होने की भी सूचना है। हालांकि शेष संभागों के जिलों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा। मौसम विभाग शुक्रवार को भी मुरैना और भिंड जिले में बारिश की संभावना जताई है। इसके साथ ही बारिश का यह दौर रविवार तक जारी रहने की बात कही है।

इससे पहले गुरुवार रात चली तेज हवाओं की वजह से अंबाह में एक मकान की बालकनी की दीवार गिर गई, पेड़ टूट गए और साथ ही टीन शेड भी उड़कर गिर गए, इन हादसों में लगभग 12 लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर है। घायलों को उपचार के लिए मुरैना के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अचानक आई आंधी की वजह से अंबाह के जयेश्वर मेले में लगी दुकानों का सामान भी उड़ गया, जिससे दुकानदारों के माथे पर चिंता की लकीरें दिखाई दीं। वहीं, इस बेमौसम बारिश और ओले गिरने से चना, मटर और कुछ खेतों में लगी सरसों एवं गेहूं की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे तक बीते 24 घंटों के दौरान प्रदेश में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस तालुन (बड़वानी) में दर्ज किया गया तथा सबसे कम न्यूनतम तापमान 13.7 कल्याणपुर (शहडोल) में दर्ज किया गया। इस दौरान अटेर में 14 मिलीमीटर और अम्बाह विकासखंड में 6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

अगले तीन दिन इन इलाकों में बारिश की संभावना

शुक्रवार को मुरैना और भिंड में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है।

शनिवार को मुरैना, भिंड और अशोकनगर में कहीं-कहीं पर बारिश होने की संभावना है।

रविवार को सिवनी, मंडला, डिंडोरी और बालाघाट जिले में कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है।

सबसे कम न्यूनतम तापमान वाले 5 शहर

कल्याणपुर (शहडोल)- 13.7 डिग्री

मंडला- 14 डिग्री

तालुन (बड़वानी)- 15.1 डिग्री

उमरिया- 15.2 डिग्री

सीधी- 15.6 डिग्री

सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान वाले 5 शहर

तालुन (बड़वानी)- 39.7 डिग्री

खजुराहो (छतरपुर)- 39.6 डिग्री

कन्नौद (देवास)- 39.3 डिग्री

मंडला- 39.1 डिग्री

दमोह/कल्याणपुर (शहडोल)- 39 डिग्री

सिनोप्टिक मौसमी परिस्थितियां

पश्चिमी विक्षोभ एक चक्रवाती परिसंचरण के रूप में अफगानिस्तान के मध्य भागों और निकटवर्ती पाकिस्तान के ऊपर औसत समुद्र तल से 3.1 और 7.6 किमी के बीच स्थित है। दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान और उसके आसपास चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र औसत समुद्र तल से 0.9 किलोमीटर ऊपर बना हुआ है। पंजाब से दक्षिण-पश्चिमी राजस्थान तक औसत समुद्र तल से 1.5 किलोमीटर ऊपर एक ट्रफ (द्रोणिका) बनी हुई है।

(वार्ता इनपुट के साथ)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।