Hindi Newsझारखंड न्यूज़huge ruckus in ranchi jharkhand banned meat found near kali mandir pieces at two other places also

झारखंड के रांची में भारी बवाल, काली मंदिर के पास मिला प्रतिबंधित मांस; दो और जगहों पर भी टुकड़े

  • झारखंड के रांची में एक धार्मिक स्थल के साथ दो अन्य स्थानों के पास रविवार दिन में प्रतिबंधित मांस का टुकड़ा मिलने पर करीब ढाई घंटे तक हंगामा हुआ। लोगों ने प्रदर्शन के चलते वाहनों की आवाजाही थम गई।

Devesh Mishra हिन्दुस्तान, रांचीMon, 30 Sep 2024 02:20 AM
share Share

झारखंड के रांची में एक धार्मिक स्थल के साथ दो अन्य स्थानों के पास रविवार दिन में प्रतिबंधित मांस का टुकड़ा मिलने पर करीब ढाई घंटे तक हंगामा हुआ। लोगों ने प्रदर्शन के चलते वाहनों की आवाजाही थम गई। सूचना मिलने पर रांची एडीएम, ग्रामीण एसपी, कोतवाली डीएसपी, सिटी डीएसपी के साथ कई थानों की पुलिस पहुंची। अधिकारियों ने दोषियों को 48 घंटे में गिरफ्तार कर जेल भेजने का भरोसा देकर लोगों को शांत कराया। बाद में नगर निगम टीम ने थड़पखना, चडरी सरनास्थल और मेन रोड काली मंदिर के पास सड़क से मांस को हटाया। इसके बाद यातायात सामान्य हुआ।

बोरी में मिली प्रतिबंधित मांस

जानकारी के अनुसार एचबी रोड थड़पखना में सुबह 11:15 बजे एक बोरी में प्रतिबंधित मांस के पड़े होने की खबर लगते ही लोग जुटे और हंगामा शुरू कर दिया। बांस-बल्ली लगाकर लालपुर-अलबर्ट एक्का चौक मार्ग जाम कर दिया। पता चलते ही पहले पीसीआर पहुंची, पर मामला बढ़ने के शक में पुलिस के आला अधिकारी भी पहुंचे। इसी बीच रांची जिला दुर्गा पूजा समिति के संयोजक मुनचुन राय, श्री महावीर मंडल के पूर्व अध्यक्ष जय सिंह यादव, भाजपा नेता भैरव सिंह भी आ गए।

कार्रवाई के आश्वासन पर सड़क से हटे लोग

पुलिस अधिकारियों ने मौके पर जाकर विरोध कर रहे लोगों से वार्ता की। लोगों को भरोसा दिलाया कि दोषियों पर कार्रवाई कर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। इस असश्वासन के बाद सड़क से प्रदर्शनकारी हटे। वहीं, सोशल मीडिया पर अफवाहें भी उड़ती रहीं। हालांकि एसएसपी चंदन सिन्हा ने किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की।

असामाजिक तत्वों पर कार्रवाई की मांग

मुनचुन राय ने पुलिस प्रशासन से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की है। मौके पर जाकर उन्होंने कहा कि हर साल दुर्गा पूजा से पहले आसामाजिक तत्व शहर के माहौल को खराब करना चाहते हैं। पुलिस ऐसे लोगों को चिह्नित करके उनके खिलाफ कठोर कार्रवाई करे, ताकि दोबारा कोई शहर का माहौल खराब नहीं कर सके। उन्होंने पूजा में सुरक्षा के सख्त इंतजाम करने की मांग की।

पुलिस का दावा- ट्रैक्टर से गिरी मांस रखी हुई बोरी

मामले की जानकारी मिलने के बाद लोअर बाजार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीण एसपी सुमित अग्रवाल ने बताया कि थड़पखना के पास सड़क पर प्रतिबंधित मांस का टुकड़ा फेंके होने की सूचना पर उस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज को देखा गया। इसमें 11:02 बजे ट्रैक्टर से एक बोरी गिरती हुई दिखी। इसमें प्रतिबंधित मांस का टुकड़ा था। इसकी जानकारी प्रदर्शन कर रहे लोगों को भी दी गई।

चडरी और काली मंदिर रोड में भी मिला टुकड़ा

थड़पखना के पास प्रतिबंधित मांस का टुकड़ा मिलने पर लोगों का हंगामा हो रहा था, उसी समय चडरी सरनास्थल सड़क के पास और काली मंदिर रोड में भी मांस का टुकड़ा पड़े होने की जानकारी लोगों और पुलिस को मिली। इसके बाद पुलिस की टीम हरकत में आई। पुलिस की टीम दोनों स्थानों पर पहुंची और तुरंत बोरी में फेंके गए प्रतिबंधित मांस के टुकड़े को सड़क से हटवाया।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें