राहुल द्रविड़ ने व्हीलचेयर पर किया पिच इंस्पेक्शन, मांजरेकर हुए हैरान; फैंस बोले- धोनी की बात हो गई साबित
- राहुल द्रविड़ ने व्हीलचेयर पर राजस्थान रॉयल्स वर्सेस चेन्नई सुपर किंग्स मैच से पहले गुवाहटी की पिच का इंस्पेक्शन किया। ये देखकर संजय मांजरेकर हैरान हो गया, जबकि फैंस ने कहा कि धोनी की बात साबित हो गई।

राहुल द्रविड़ क्रिकेट जगत में सबसे समर्पित व्यक्तित्वों में से एक माने जाते हैं। वे हर परिस्थिति में खुद को क्रिकेट से जोड़े रखना पसंद करते हैं। यही कारण है कि भले ही वे अपने पैरों पर खड़े नहीं हो पा रहे, लेकिन फिर भी अपने कर्तव्यों का निभा रहे हैं। यहां तक कि वे व्हीलचेयर पर हैं, लेकिन राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच की जिम्मेदारी को संभाले हुए हैं। वे नेट्स के पीछे से खिलाड़ियों की तैयारी को देखते हैं, व्हीलचेयर पर बैठकर पिच का मुआयना करते हैं और डगआउट में भी नजर आते हैं। इसे देखकर पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर हैरान हैं। वहीं, फैंस को उन शब्दों की याद आ गई, जिसमें कहा जाता है कि एमएस धोनी व्हील चेयर पर भी होंगे तो सीएसके के लिए खेलेंगे।
राहुल द्रविड़ अपने संन्यास के बाद से कोचिंग की दुनिया में हैं। इस समय वे राजस्थान रॉयल्स के हेड कोच हैं। रविवार को गुवाहटी में चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हुए मैच से पहले व्हील चेयर के सहारे राहुल द्रविड़ ने पिच का इंस्पेक्शन किया। द्रविड़ व्हील चेयर पर इसलिए हैं, क्योंकि उनको लेग इंजरी हुई है। बेंगलुरु में एक लोकल मैच के दौरान उनके पैर में चोट आई थी। बावजूद इसके वे आईपीएल 2025 से पहले ही राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ गए थे। ये उनका डेडिकेशन दिखाता है कि वे क्रिकेट के लिए कितने जुनूनी हैं। इसी देखकर अंबाती रायुडू और संजय मांजरेकर भी हैरान हैं।
संजय मांजरेकर ने जियोहॉटस्टार पर कहा, "मैं एक बबल में रहता हूं। मुझे नहीं पता था कि वह इंजर्ड हो गए थे। उन्हें क्या हुआ, क्या आपको पता है? पैर में क्या चोट लगी है? सीएफएल, एएफएल, ऐसा कुछ जो होता है, है न अंबाती रायुडू? घुटने में या शायद एसीएल में।" इस पर रायुडू ने जवाब तो नहीं दिया, लेकिन एक और सवाल कर दिया और पूछा, "मेरा ध्यान व्हीलचेयर की ओर जा रहा है। क्या उसे स्क्वायर (पिच के आसपास) ले जाने की अनुमति है?"
इसके बाद मांजरेकर बोले, "अंबाती का दिमाग जिस तरह से काम करता है, वैसा बहुत कम लोगों का दिमाग करता है। इसलिए उनकी बल्लेबाजी अलग थी। यह राहुल द्रविड़ हैं। अगर उन्होंने अपनी प्रतिबद्धता जताई है, तो वह जो भी होगा, वह उसे पूरा करेंगे। वह मेरे बहुत अच्छे दोस्त हैं और आपको उनसे बेहतर कोई इंसान नहीं मिलेगा।" इस पर फैंस ने भी रिएक्ट किया और राहुल द्रविड़ के इस समर्पण की तारीफ की।
इतना ही नहीं, फैंस ने एमएस धोनी के उन शब्दों को भी याद दिलाया, जब उन्होंने हाल ही में दावा किया था कि भले ही वह व्हील चेयर पर हों, फिर भी वह क्रिकेट का आनंद लेंगे। एक प्रशंसक ने लिखा, "धोनी ने कहा था कि वह व्हीलचेयर में भी अपनी टीम के लिए खुद को समर्पित करने के लिए तैयार हैं, राहुल द्रविड़ ने वास्तव में यह साबित कर दिया।"
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।