7,500 कर्मचारियों की छंटनी! इस कार कंपनी में काम करने वालों के लिए बुरी खबर, वजह जान चौंक जाएंगे
लग्जरी कार निर्माता कंपनी ऑडी में काम करने वालों के लिए बुरी खबर है। जी हां, क्योंकि ऑडी ने हाल ही में 7,500 कर्मचारियों की छंटनी करने का फैसला किया है। आखिर इसके पीछे की वजह क्या है? आइए नीचे इसे जरा विस्तार से समझते हैं।

जर्मनी की लग्जरी कार निर्माता ऑडी (Audi) ने एक बड़ा ऐलान किया है, जिससे हजारों कर्मचारियों की नौकरी पर संकट आ गया है। कंपनी ने सोमवार को पुष्टि की कि वह 2029 तक 7,500 कर्मचारियों की छंटनी करने जा रही है। इस फैसले के पीछे इलेक्ट्रिक वाहनों की घटती डिमांड और चीन से बढ़ती प्रतिस्पर्धा को मुख्य कारण बताया गया है। आइए इसे जरा विस्तार से समझते हैं।
ऑडी को क्यों लेने पड़े इतने सख्त फैसले?
ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री इस समय बड़े बदलावों के दौर से गुजर रही है। एचटी ऑटो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इलेक्ट्रिक कारों की मांग में कमी, वैश्विक बाजार में अनिश्चितता और चीन की सस्ती और एडवांस इलेक्ट्रिक कारों से मिल रही टक्कर के चलते ऑडी (Audi) को अपनी उत्पादन रणनीति में बदलाव करना पड़ रहा है।
कंपनी ने अपने बयान में क्या कहा?
"आर्थिक परिस्थितियां लगातार कठिन होती जा रही हैं। प्रतिस्पर्धा का दबाव और राजनीतिक अनिश्चितताएं हमें बड़ी चुनौती दे रही हैं।"
कौन-कौन सी नौकरियां जाएंगी?
यह छंटनी रिसर्च एंड डेवलपमेंट (R&D) से जुड़े कर्मचारियों पर सबसे ज्यादा असर डालेगी। हालांकि, कंपनी ने यह भी कहा कि बिना किसी जबरन निकासी (compulsory redundancies) के यह प्रक्रिया पूरी की जाएगी, यानी कर्मचारियों को अन्य विकल्प दिए जा सकते हैं।
ऑडी की बचत योजना – 1 अरब यूरो की कटौती
ऑडी (Audi) सिर्फ कर्मचारियों की संख्या कम करने तक ही सीमित नहीं है। कंपनी प्रशासनिक खर्चों में कटौती और नौकरशाही को कम करने जैसे कई अन्य उपाय भी लागू कर रही है। इस कदम से ऑडी (Audi) को हर साल 1 अरब यूरो (1.1 बिलियन डॉलर) की बचत होगी।
इलेक्ट्रिक व्हीकल्स में नई उम्मीद
जहां एक तरफ ऑडी (Audi) कर्मचारियों की छंटनी कर रही है, वहीं दूसरी तरफ कंपनी जर्मनी के दो प्रमुख प्लांट्स Ingolstadt और Neckarsulm में 8 अरब यूरो का निवेश करने की तैयारी में भी। इस निवेश के तहतएक नई इलेक्ट्रिक कार का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) में नए इनोवेशन पर ध्यान दिया जाएगा।
ऑडी को EV से क्यों हो रहा नुकसान?
ऑडी (Audi) की फुली-इलेक्ट्रिक कारों की डिलीवरी 2024 में 8% गिरकर 1,64,000 यूनिट्स रह गई। खासकर चीन में बिक्री में 11% की गिरावट देखी गई, जो ऑडी (Audi) के कुल वैश्विक सेल्स का 40% हिस्सा है।
इतना ही नहीं, फरवरी 2024 में ऑडी (Audi) को अपने बेल्जियम प्लांट को बंद करना पड़ा, जिसमें लगभग 3,000 कर्मचारी काम करते थे और यह प्लांट प्रीमियम इलेक्ट्रिक गाड़ियों का उत्पादन करता था।
फॉक्सवैगन भी कर रहा है छंटनी
ऑडी (Audi) की पेरेंट कंपनी Volkswagen (VW) पहले ही घोषणा कर चुकी है कि वह 2030 तक 35,000 कर्मचारियों की छंटनी करेगी।
क्या यह Audi की सबसे बड़ी छंटनी है?
इतिहास में ऐसा पहली बार नहीं हो रहा है कि ऑडी (Audi) ने कर्मचारियों की संख्या कम की हो, लेकिन 7,500 लोगों की छंटनी कंपनी के लिए अब तक के सबसे बड़े फैसलों में से एक मानी जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।