स्पेस में कैसे पहनते हैं कपड़े, नासा के अंतरिक्षयात्री का हैरान करने वाला वीडियो
- नासा के अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट का एक वीडियो क्लिप सामने आया है, जिसमें वह अपनी पैंट बड़े ही अनोखे अंदाज में पहनते नजर आ रहे हैं। उन्होंने हवा में गोता लगाते हुए कपड़ा पहन लिया।

अंतरिक्ष में कपड़े पहनना किसी चुनौती से कम नहीं है। नासा के अंतरिक्ष यात्री डॉन पेटिट का एक वीडियो क्लिप सामने आया है, जिसमें वह अपनी पैंट बड़े ही अनोखे अंदाज में पहनते नजर आ रहे हैं। वह हवा में गोता लगाते हुए कपड़ा पहनते हैं। 21 फरवरी को यह वीडियो शेयर किया गया, जिसमें अंतरिक्ष यात्री ने अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) पर अपनी ड्रेसिंग टेक्निक का प्रदर्शन किया। सोशल मीडिया यूजर्स इसे देखकर हैरान रह गए और अपनी खुशी भी जाहिर की।
सामान्य तौर पर अपने पैर बारी-बारी अंदर डालकर पैंट पहना जाता है। मगर, एस्ट्रोनॉट पेटिट का अंदाज तो एकदम निराला है। वह हवा में गोता लगाते हुए पैंट पहनते हैं और एक ही बार में दोनों पैरों से उसमें कूद जाते हैं। वीडियो को शेयर करते हुए उसका कैप्शन भी बड़ा मजेदार दिया गया। अंतरिक्षयात्री ने लिखा, 'एक बार में दो पैर।' यह वीडियो क्लिप इंटरनेट पर खूब वायरल हो रहा है। यूजर्स ने इसे देखने के बाद अपनी खुशी का इजहार किया है। साथ ही, कई लोगों ने इस पर बड़ी ही दिलचस्प टिप्पणियां की हैं। ऐसे ही एक व्यक्ति ने मजाक में कहा, 'मुझे लगा कि आप उसमें पूरा उतर जाएंगे।'
मैंने तो धरती पर ऐसा करने की कोशिश की, बोला यूजर
एक यूजर ने लिखा, 'यह तो बड़ा सहज उपाय है।' दूसरे यूजर ने कहा कि मैंने तो धरती पर यह स्टंट दोहराने की कोशिश की, मगर नाकाम रहा। इसी तरह के कई सारे मजेदार कमेंट्स किए गए हैं। बता दें कि एस्ट्रोनॉट डॉन पेटिट 69 साल के हैं। वह एक अनुभवी अंतरिक्षयात्री हैं। नासा से वह लंबे समय से जुड़े रहे हैं। सोशल मीडिया यूजर्स के बीच भी उनकी पहचान रही है। उनका जन्म साल 1955 में ओरेगन के सिल्वरटन में हुआ था। उन्होंने रासायनिक इंजीनियरिंग में पीएचडी की है और कई मिशनों में अंतरिक्ष में 370 से अधिक दिन बीता चुके हैं। यही वजह होगी कि अंतर्राष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन में रहते हुए वह ऐसे करतब कर पाते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।