UP Weather: मौसम के तीखे तेवर, तप रहे कानपुर-हमीरपुर-प्रयागराज; 19 जिलों में हीट वेव अलर्ट
- अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार यूपी अब गर्मी का असर बढ़ता जाएगा। इस हफ्ते कोई पश्चिमी विक्षोभ राहत देने नहीं आने वाला। सोमवार को यूपी में सबसे गर्म प्रयागराज रहा। यहां अधिकतम पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक चला गया तो न्यूनतम 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला कानपुर रहा

UP Weather Update: यूपी में मौसम के तेवर तीखे होते जा रहे हैं। पछुआ के प्रभाव में आते ही पूरे प्रदेश का मौसम गर्म होना शुरू हो गया। सोमवार को प्रयागराज, कानपुर और हमीरपुर सबसे ज्यादा तपे। लखनऊ समेत प्रदेश के 21 जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री या इससे ऊपर रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के 19 जिलों में हीट वेव का अलर्ट जारी किया है।
अमौसी स्थित मौसम केन्द्र के अनुसार अब गर्मी का प्रभाव बढ़ता जाएगा। फिलहाल इस सप्ताह कोई पश्चिमी विक्षोभ राहत देने नहीं आने वाला। सोमवार को यूपी में सबसे गर्म प्रयागराज रहा। यहां अधिकतम पारा 44.3 डिग्री सेल्सियस तक चला गया तो न्यूनतम 25.4 डिग्री दर्ज किया गया। प्रदेश का दूसरा सबसे गर्म जिला कानपुर रहा जहां अधिकतम पारा 44 डिग्री और न्यूनतम 27.8 डिग्री दर्ज किया गया। वाराणसी और रायबरेली के फुर्सतगंज में तापमान 43.4 डिग्री रहा। हमीरपुर में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
25 तक हीट वेव का यलो अलर्ट
कानपुर समेत प्रदेश के दक्षिण में स्थित में जनपदों में हीट वेव का यलो अलर्ट जारी किया गया है। 25 अप्रैल तक यह हीट वेव बनी रहेगी। कानपुर में सोमवार को पारा 42 के नजदीक पहुंच गया। रात के तापमान में मामूली कमी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को प्रदेश के 19 जिलों में हीट वेव रहेगी। इस दौरान आंधी की भी संभावना है।
उत्तर पश्चिमी हवाएं चलने के बाद फिर से कुछ समय के लिए उत्तर पूर्वी हवाएं चलीं। इससे उमस भरी गर्मी का भी अहसास हुआ। तापमान में लगातार तेजी से वृद्धि ने ऊष्ण लहर यानी हीट वेव की शुरुआत कर दी है। अप्रैल माह में ही भारतीय मौसम विज्ञान विभाग को लगातार चार दिवस यानी 25 अप्रैल तक अलर्ट जारी करना पड़ा है। इस दौरान तापमान अधिक रहेगा और तेज गर्मी का लोगों को सामना करना पड़ेगा।
सोमवार को अधिकतम तापमान 40 से बढ़कर 41.6 डिग्री हो गया। यह सामान्य से 03.4 डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसी तरह न्यूनतम पारा 26.4 डिग्री था जो गिरकर 24 डिग्री हो गया। आसमान साफ होने से रात के तापमान में कमी दर्ज की गई। यह भी सामान्य से 02 डिग्री अधिक है। आगे दिन के तापमान में अधिक वृद्धि हो सकती है। हवा की रफ्तार 15-20 किमी प्रति घंटा रही। तेज धूप के कारण नमी का प्रतिशत 20 रह गया। इससे तपिश भरी गर्मी का अंदाजा लगाया जा सकता है। अधिकतम नमी का प्रतिशत 56 रहा। आगे नमी का प्रतिशत और गिर सकता है। इससे सचेत रहें। मंगलवार को कानपुर नगर समेत प्रदेश के 19 जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। 25 अप्रैल तक आधा उत्तर प्रदेश हीट वेव की चपेट में आ जाएगा जिसके लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
तेज हवाओं की संभावना
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने 25 अप्रैल तक हीट वेव का अलर्ट जारी किया है। तेजी से तापमान चढ़ने के बाद कम वायुदाब के क्षेत्र बनने की संभावना रहती है। तेज हवाएं चल सकती हैं। फिलहाल गर्मी से कोई राहत नहीं मिलेगी।
पूर्वी यूपी में आग उगल रहा सूरज
पूर्वी यूपी में मौसम शुष्क हो गया है। दिन में सूरज आग उगल रहा है। अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। इसके साथ ही इस सीजन में हीट वेव शुरू हो गई है। महानगर के आसमान से बादल गायब हो गए। धूल भरी हवा चलने लगी है। इसके कारण सोमवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान में इजाफा हुआ। करीब हफ्तेभर बाद दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक रहा। सोमवार को सुबह से ही आसमान पूरी तरह साफ रहा।
आसमान से बादल का नामोनिशान गायब हो गया। सूरज निकला। दिन चढ़ने के साथ सूरज के तेवर और तल्ख हो गए। दोपहर में सूरज की किरणें आग बरसाने लगीं। बीते 24 घंटे में दिन का अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। सोमवार को दिन का अधिकतम तापमान 39.7 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 1.7 डिग्री सेल्सियस अधिक है।
सामान्य से तीन डिग्री सेल्सियस अधिक हुआ रात का पारा: मौसम में बदलाव के साथ रात का तापमान ऊपर चढ़ रहा है। इससे रात में गर्मी शुरू हो गई है। सोमवार को रात का न्यूनतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस अधिक है। 24 घंटे में रात के न्यूनतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस का इजाफा हुआ है। इस दौरान हवा की नमी में गिरावट हुई है। न्यूनतम आर्द्रता में 13 फीसदी की गिरावट हुई है। सोमवार को अधिकतम आर्द्रता 81 फीसदी और न्यूनतम आर्द्रता 29 फीसदी रही।
जिला अस्पताल में बना 12 बेड का हीट वेव वार्ड
गोरखपुर जिला अस्पताल में 12 बेड का हीट वेव वार्ड (कूल वार्ड) बनाया गया है। इस वार्ड का संचालन शुरू हो गया है। एक फिजिशियन को वार्ड की पूरी जिम्मेदारी दे दी गई है। एसआईसी डॉ. संजय कुमार के निर्देश पर ओआरएस काउंटर भी बनाए गए है। पीने के ठंडे पानी की व्यवस्था की गई है। वार्ड में तीन एसी लगाए गए हैं।
हीटवेव चलने लगी
तापमान चढ़ने के साथ ही जिले में हीट वेव का प्रकोप शुरू हो गया है। मौसम विभाग के मुताबिक सोमवार को तापमान भले ही 40 डिग्री सेल्सियस रहा। लेकिन हीट इंडेक्स करीब 50 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी हीट इंडेक्स 50 से 60 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान जताया है। मंगलवार से शुक्रवार तक दिन का तापमान 40 से 42 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा।