शेयर बाजार में निवेश के नाम पर सेवानिवृत्त इंजीनियर से 52 लाख ठगे
नोएडा में साइबर अपराधियों ने एक सेवानिवृत इंजीनियर से शेयर बाजार में निवेश के नाम पर 52 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने 16 बार में विभिन्न खातों में पैसे ट्रांसफर किए। पुलिस ने केस दर्ज कर दो बैंक खातों...

नोएडा, संवाददाता। साइबर अपराधियों ने शेयर बाजार में निवेश के नाम पर सेवानिवृत इंजीनियर से 52 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने 12 मार्च से 11 अप्रैल के बीच कुल 16 बार में कई खातों में रकम ट्रांसफर कराई। साइबर अपराध थाना पुलिस ने केस दर्ज कर दो बैंक खातों में चार लाख रुपये फ्रीज करा दिए हैं। सेक्टर-31 में रहने वाले पीड़ित ने पुलिस को बताया कि वह एक प्राइवेट कंपनी में बतौर इंजीनियर काम करते थे। सेवानिवृत्त होने के बाद वर्तमान में एक स्टार्टअप से बतौर सलाहकार जुड़े हैं। उन्होंने बताया कि उनको 12 मार्च को एक व्हाट्सऐप ग्रुप से जोड़ा गया।
ग्रुप की डीपी पर एचएसबीसी का लोगो लगा था और नाम एचएसबीसी सिक्योरिटीज लिखा था। ग्रुप में पहले से करीब 100 लोग जुड़े थे। समय-समय पर और लोग भी इस ग्रुप पर जोड़े जा रहे थे। इस ग्रुप पर एनएसई और बीएसई पर स्टॉक पर एकमुश्त डील या आईपीओ में निवेश करने की सलाह दी गई। ग्रुप की एडमिन कथित अदिति अरोड़ा नाम की महिला थी। वहीं, सलाहकार का नाम दीपेश जैन था। जांच करने पर पाया गया कि ग्रुप में एचएसबीसी सिक्योरिटीज का, जो पंजीकरण बताया गया वह दीपेश जैन के नाम पर ही था। यह जानने के बाद उन्हें विश्वास हो गया। दीपेश अक्सर जानकारी देता था कि किस पर निवेश करना चाहिए। ग्रुप पर लोग मुनाफा प्राप्त होने का स्क्रीन शॉट तक डालने लगे। इसके बाद उन्हें और विश्वास हो गया। यही नहीं, इन लोगों ने मुंबई में कार्यालय का पता भी दिया, ताकि पूरी तरह से इन पर विश्वास किया जा सके। पीड़ित ने 16 बार में 52 लाख एक हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।