खेल : महाराष्ट्र तीसरी बार ओवरऑल चैंपियन, हरियाणा रहा दूसरे स्थान पर
महाराष्ट्र ने खेलो इंडिया युवा खेलों (केआईवाईजी) में लगातार तीसरी बार ओवरऑल खिताब जीता, कुल 158 पदक जीतकर। हरियाणा और राजस्थान क्रमशः दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। बिहार ने 36 पदकों के साथ 15वां स्थान...

पटना, हिन्दुस्तान ब्यूरो। महाराष्ट्र ने गुरुवार को अंतिम दिन 58 स्वर्ण, 47 रजत और 53 कांस्य सहित कुल 158 पदकों के साथ खेलो इंडिया युवा खेलों (केआईवाईजी) में लगातार तीसरी बार ओवरऑल खिताब पर कब्जा किया। हरियाणा 39 स्वर्ण सहित 117 पदक लेकर दूसरे और राजस्थान 24 स्वर्ण सहित 60 पदकों के साथ तीसरे स्थान पर रहा। कर्नाटक 17 स्वर्ण सहित 58 लेकर चौथे और दिल्ली 16 स्वर्ण सहित 68 पदक लेकर पांचवें स्थान पर रही। मेजबान बिहार ने काफी सुधार दिखाया। उसके एथलीटों ने सात स्वर्ण, 11 रजत और 18 कांस्य सहित कुल 36 पदक जीते और 15वें स्थान पर रहा।
पिछले चरण में बिहार 21वें स्थान पर रहा था। 12 दिन तक चले 27 खेलों में 285 स्वर्ण पदक दिए गए। बिहार के पांच स्थानों पटना, गया, राजगीर, भागलपुर और बेगूसराय में इन खेलों का आयोजन किया गया। इसके अलावा साइकिलिंग और निशानेबाजी के मुकाबले दिल्ली में हुए। समापन समारोह में उपस्थित गणमान्य व्यक्तियों में केंद्रीय युवा मामले और खेल राज्य मंत्री रक्षा निखिल खडसे भी शामिल थीं। उन्होंने कहा, खेलो इंडिया युवा खेलों 2025 की शानदार सफलता के साथ बिहार ने उत्कृष्टता और उत्साह के साथ राष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी करने की अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया है। यह भविष्य के लिए एक नया मानदंड स्थापित करता है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।