लेबर अड्डों पर बनाए जाएंगे श्रम सुविधा केंद्र
Prayagraj News - प्रयागराज में श्रमिकों के लिए अच्छी खबर है। अब जिले के लेबर अड्डों पर श्रम सुविधा केंद्र खोले जाएंगे। शासन ने इसके लिए प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। प्रमुख सचिव श्रम एमकेएस सुंदरम इस प्रक्रिया की...

प्रयागराज वरिष्ठ संवाददाता जिले के लेबर अड्डों पर काम की तलाश में आने वाले श्रमिकों के लिए अच्छी खबर है। अब इन लेबर अड्डों पर श्रम सुविधा केंद्र खोले जाएंगे। इसके लिए शासन ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस श्रम सुविधा केंद्र की जगह के सर्वे और वहां निर्माण कार्य कैसे होगा, इसकी समीक्षा के लिए प्रमुख सचिव श्रम एमकेएस सुंदरम शनिवार को प्रयागराज आएंगे। जिले में रामबाग, अल्लापुर, बेली रोड, राजापुर और तेलियरगंज में लेबर अड्डे हैं। जहां पर दूसरे जिलों से श्रमिक आते हैं और रोजाना के लिए काम की तलाश करते हैं। इन चौराहों पर न तो शेड है और न ही पानी की कोई सुविधा।
काम न मिलने की दशा में ये श्रमिक दिनभर यही कड़ी धूप में ठहरते हैं और कई बार यहीं खुले आकाश के नीचे रात गुजारते हैं। ऐसे श्रमिकों की दशा में बदलाव के लिए प्रदेश सरकार ने इन लेबर अड्डों श्रम सुविधा केंद्र स्थापित करने को मंजूरी दी है। जिससे इन स्थानों में मूलभूत सुविधाओं को विकसित किया जा सके। उपायुक्त श्रम राजेश मिश्र ने बताया कि जिले में सात स्थानों को उन्होंने चिह्नित किया है। प्रमुख सचिव के आगमन पर उन्हें इन स्थानों को दिखाया जाएगा। जिससे वो निर्माण के स्थलों को देखकर कार्यों की मंजूरी दें। मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत ने बताया कि लेबर अड्डों पर मूलभूत सुविधाओं का विकास किया जाएगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।