Hindi NewsएनसीआरDelhi Budget 2025: दिल्ली के बजट में शिक्षा-स्वास्थ्य और सड़क से पानी तक खोला खजाना, 1 लाख करोड़ में किसे क्या मिला

Delhi Budget 2025: दिल्ली के बजट में शिक्षा-स्वास्थ्य और सड़क से पानी तक खोला खजाना, 1 लाख करोड़ में किसे क्या मिला

Delhi Budget 2025: दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का अपना पहला मेगा बजट पेश किया। पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में यह बजट 31.5 फीसदी अधिक है।

Delhi Budget 2025: दिल्ली के बजट में शिक्षा-स्वास्थ्य और सड़क से पानी तक खोला खजाना, 1 लाख करोड़ में किसे क्या मिला

delhi budget 2025 rekha gupta government big announcement updates

Krishna Bihari Singh| लाइव हिन्दुस्तान,नई दिल्ली | Tue, 25 Mar 2025 07:00 PM
हमें फॉलो करें

Delhi Budget 2025: दिल्ली में रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार ने आज विधानसभा में वित्त वर्ष 2025-26 के लिए 1 लाख करोड़ रुपये का अपना पहला मेगा बजट पेश किया। सीएम रेखा गुप्ता ने बजट भाषण में ऐलान किया कि दिल्ली का 2025-26 का बजट एक लाख करोड़ रुपये का होगा। पिछले वित्त वर्ष 2024-25 की तुलना में यह बजट 31.5 फीसदी अधिक है। भाजपा सरकार ने इस बार दिल्ली के बजट की थीम विकसित दिल्ली रखी। बजट में दिल्ली चुनाव में भाजपा के संकल्प पत्र की झलक देखने को मिली। बजट में महिला सशक्तिकरण, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर फोकस रहा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि आज यमुना सीवेज और प्रदूषित पानी से जूझ रही है। हम यमुना नदी की सफाई के लिए प्रतिबद्ध हैं। यह हमारे लिए सिर्फ एक नदी नहीं है, यह हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। 40 विकेन्द्रीकृत सीवेज प्लांट विकसित करने के लिए 500 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं ताकि कोई भी सीवेज का पानी सीधे यमुना नदी में न छोड़ा जाए। बजट से जुड़े हर अपडेट उपलब्ध करा रहे हिन्दुस्तान संवाददाता बृजेश सिंह…

हमने आज तक ऐसा बजट नहीं देखा; AAP की नेता आतिशी ने क्यों कही ऐसी बात

25 Mar 2025, 05:44:51 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : आर्थिक सर्वेक्षण क्यों नहीं पेश किया- आतिशी

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली बजट पर दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि यह हवा-हवाई बजट है। इस एक लाख करोड़ रुपए के बजट का कोई आधार नहीं है। दिल्ली सरकार को कहीं से भी एक लाख करोड़ रुपए का राजस्व नहीं मिलने वाला है इसीलिए हमने कल सवाल उठाया था कि आर्थिक सर्वेक्षण सदन में क्यों नहीं पेश किया गया? दिल्ली की भाजपा सरकार ने सदन में निराधार बजट पेश किया है।

25 Mar 2025, 04:19:21 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : तुष्टिकरण नहीं, संतुष्टिकरण की ओर बढ़ने का प्रयास

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली बजट पर दिल्ली सरकार में मंत्री आशीष सूद ने कहा कि दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनने के लिए इन्फ्रस्ट्रक्चर को बेहतर होना पड़ेगा। इसके लिए पूंजीगत व्यय में बढ़ोतरी की गई है। शिक्षा की गुणवत्ता में बढ़ोतरी लाने का हमारा प्रयास है। हम केवल वादे और तुष्टिकरण नहीं वरन संतुष्टिकरण की ओर बढ़ने का प्रयास कर रहे हैं।

25 Mar 2025, 03:52:52 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : शिक्षा के लिए बजट में 17% का इजाफा- CM

Delhi Budget 2025 Live Updates : बजट पेश करने के बाद विधानसभा के बाहर एक प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करते हुए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में 2024-2025 में 16,396 करोड़ खर्च हुआ। हमने अपने बजट में इस क्षेत्र के लिए आवंटन को 19,291 करोड़ रुपए तक पहुंचाया है। हमनें शिक्षा के क्षेत्र के लिए बजट में 17% का इजाफा किया है। हमने ट्रांसपोर्ट सेक्टर में 73% का इजाफा किया है। हाउसिंग और अर्बन डेवलपमेंट में 9% का इजाफा किया है।

25 Mar 2025, 03:32:50 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : जहां जितने पैसे की जरूरत वहां उतना आवंटन

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली पर भाजपा विधायक कैलाश गहलोत ने कहा कि अलग-अलग विभागों में जहां जितने पैसे की जरूरत है, उतना आवंटन किया गया है। यह एक सुविचारित बजट है। महत्वपूर्ण विभागों को ध्यान में रखते हुए आवंटन किया गया है। यमुना की सफाई सरकार की प्रतिबद्धता है।

25 Mar 2025, 03:06:34 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : यह एक लाख करोड़ रुपए का ऐतिहासिक बजट : कपिल मिश्रा

दिल्ली बजट 2025-26 पर दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने खुशी जताई है। उन्होंने कहा कि यह एक लाख करोड़ रुपए का ऐतिहासिक बजट है। इतनी बड़ी बढ़ोतरी दिल्ली के इतिहास में कभी भी देखने को नहीं मिली है। दिल्ली की ब्रांडिंग के लिए अलग से फंड लाया गया है। यह ऐतिहासिक बजट है। इस बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर पर जो ध्यान दिया गया है, वह पिछले कुछ वर्षों में गायब था। मैं पर्यटन, संस्कृति और विधि विभागों के लिए प्रस्तावित आवंटन के लिए मुख्यमंत्री का आभारी हूं।

25 Mar 2025, 03:01:23 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : यमुना की सफाई हमारी प्रतिबद्धता है : कैलाश गहलोत

दिल्ली के बजट पर भाजपा विधायक कैलाश गहलोत ने कहा कि अलग-अलग विभागों में जहां जितने पैसे की आवश्यकता है, उतना आवंटन किया गया है। यह एक सुविचारित बजट है। महत्वपूर्ण विभागों को ध्यान में रखते हुए आवंटन किया गया है। यमुना की सफाई हमारी प्रतिबद्धता है।

25 Mar 2025, 03:00:24 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : भाजपा विधायक शिखा रॉय ने कहा- यह सुशासन का बजट

दिल्ली बजट 2025-26 पर भाजपा विधायक शिखा रॉय ने कहा कि इससे ज्यादा संपूर्ण बजट नहीं हो सकता। हर वर्ग, हर मुद्दे को इसमें शामिल किया गया है। यही सुशासन का मॉडल है, यही सुशासन का बजट है।"

25 Mar 2025, 02:43:23 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली सरकार के बजट पर क्या बोलीं आतिशी

दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने बिना आर्थिक सर्वेक्षण के बजट बनाने को लेकर दिल्ली की भाजपा सरकार पर हमला बोला। आतिशी ने कहा कि सरकार ने स्वीकार किया है कि उन्होंने बजट बनाने के लिए कोई विश्लेषण नहीं किया है। उन्होंने आर्थिक सर्वेक्षण न होने पर हैरानी जताई, जो आमतौर पर बजट पेश किए जाने से पहले किया जाता है। आतिशी ने कहा कि यह आश्चर्यजनक है कि बिना आर्थिक सर्वेक्षण के बजट कैसे बनाया गया। हमने आज तक किसी भी सरकार को आर्थिक सर्वेक्षण के बिना बजट बनाते नहीं देखा है।

25 Mar 2025, 01:49:06 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : भाजपा ने दिल्ली के लोगों से जो वादे किए हैं, वो वादे इस बजट में पूरे होने चाहिए : सौरभ भारद्वाज

आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि भाजपा ने दिल्ली के लोगों से जो वादे किए हैं, वो वादे इस बजट में पूरे होने चाहिए। उनका आवंटन अगर इस बजट में दिखेगा तो इसका मतलब है कि सरकार इस वर्ष उन वादों को पूरा करेगी। अगर ये आवंटन नहीं करेंगे तो इसका मतलब यह है कि इनके मन में चोर है।

25 Mar 2025, 01:44:39 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली बजट 2025 की अहम घोषणाओं और बिंदु

दिल्ली बजट 2025 की अहम घोषणाएं, आवंटन और बिंदु इस प्रकार हैं:-

1. दिल्ली के बजट में 12952 करोड़ का सबसे बड़ा आवंटन परिवहन विभाग को मिला

2. जल बोर्ड को अलग-अलग सेक्टर्स में लगभग 9 हजार करोड़ रुपए का बजट। इमें अकेले यमुना की सफाई के लिए 500 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं

3. जलभराव को रोकने के लिए 603 करोड़

4. बिजली के लिए 3843 करोड़ रुपये

5. दिल्ली मेट्रो के विस्तार के लिए 2929 करोड़

6. पीएम सूर्य योजना के तहत हर घर को 78 हजार रुपए सब्सिडी मिलेगी

7. महिला समृद्धि योजना के लिए 5100 करोड़ रुपए

8. अंत्योदय की सोच के साथ जनकल्याण योजना के लिए 10 हजार करोड़

9. महिला एवं बाल विकास के लिए 9 हजार करोड़

10. पार्कों के डेवलपमेंट के लिए 20 करोड़

11. छोटे उद्योगों के लिए 50 करोड़

12. ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड की स्थापना

13. 100 अटल कैंटीन की स्थापना के लिए 100 करोड़ का बजट

14. झुग्गी बस्तियों के डेवलपमेंट और रीडेवलपमेंट के लिए 696 करोड़

15. ट्रैफिक जाम और सड़क परिवहन के लिए 1 हजार करोड़ रुपए

16. पिंक टिकट की जगह कार्ड दिए जाएंगे

17. दिल्ली नगर निगम को 6897 हजार करोड़ का शेयर

18. प्रदूषण को कम करने के लिए 300 करोड़ का बजट

19. 5000 नई इलेक्ट्रिक बसे सरकार लाएंगी

20. अदालतों के लिए 927 करोड़ रुपए, 490 रुपये डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के लिए और डिजिटल हियरिंग के लिए 200 करोड़ रुपए का बजट

21. फायर स्टेशनों को दुरुस्त करने के लिए 110 करोड़ का बजट

22. होम गार्ड्स की संख्या 10 हजार से बढ़ाकर 25 हजार की जाएगी

23. मेधावी छात्रों को 1200 लैपटॉप दिए जाएंगे, जो इस बार 11वीं क्लास में जाएंगे

24. शिक्षा के लिए 8000 करोड़ रुपए दिए जाएंगे

25 Mar 2025, 01:34:08 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, दिल्ली के पुनर्जन्म की आधारशिला है : रेखा गुप्ता

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली राष्ट्रीय चेतना पूर्ण निर्माण कर फिर उठ खड़ी हुई है और अब पूर्ण निर्माण के राह पर चल पड़ी है। यह केवल इमारत का शहर नहीं है यह भारत की आत्मा का प्रतिबिंब है। सीएम ने कहा कि आज का यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं है, दिल्ली के पुनर्जन्म की आधारशिला है। अब हर संसाधन दिल्ली के नागरिकों के हित में लगेगा। हर निधि पारदर्शी और जवाबदेही के साथ बनाई जाएगी। हमें दिखाना है कि दिल्ली सिर्फ एक महानगर नहीं बल्कि एक राष्ट्र और प्रगति और सुशासन की पहचान बनेगी।

25 Mar 2025, 01:29:35 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : रेखा गुप्ता ने कहा- बजट में हमने कुछ ऑब्जेक्टिव तय किए

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि इस बजट में हमने कुछ ऑब्जेक्टिव तय किए हैं। दिल्ली सिर्फ राजनीतिक नहीं बल्कि प्रगति की राजधानी होगी। अब घोषणाओं की जगह योजनाओं पर अमल होगा और अब दिल्ली वादों की नहीं इरादों की राजधानी होगी। डबल इंजन की सरकार दिल्ली को बुलेट ट्रेन की गति से आगे लेकर जाएगी और दिल्ली देश के ग्रोथ इंजन के रूप में उभरकर सामने आएगी। अध्यक्ष महोदय जब भी दिल्ली का इतिहास देखा है मुझे मशहूर शायर बशीर बद्र का एक शेर याद आता है कि ‘दिल की बस्ती पुरानी दिल्ली है, दिल की बस्ती पुरानी दिल्ली है, जो भी गुजरा उसे लूट कर चला गया’। उसे लूटा कभी मुगलों और अफगानों ने कभी अंग्रेजों ने और आपकी पिछली सरकारों ने। रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली एक ऐसा शहर है, जिसने बार-बार खुद को मिटाते हुए और फिर संवरते हुए देखा है।

25 Mar 2025, 01:24:40 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में राज्य का अतिथि गृह बनाएंगे, नए मेडिकल कॉलेज भी खोलेंगे

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हम यहां राज्य का अतिथि गृह बनाएंगे। नए मेडिकल कॉलेज खालेंगे। सभी ISBT को कैसे बेहतर किया जाए, उस पर काम करेंगे। रेखा गुप्ता ने अंत में कहा कि इस बजट में ऊंचाई भी है तो गहराई भी है। ये दिल्ली के विकास का खाका है।

25 Mar 2025, 01:22:30 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में पेंशन से लेकर राशन तक हर योजना का नए तरीके से सत्यापन होगा

दिल्ली की सीएम ने कहा कि विवाद से विस्वास की योजना लाएंगे, जिससे लंबित योजना खत्म हो। पेंशन से लेकर राशन तक नए तरीके से सत्यापन होगा। हर योजना का सत्यापन होगा। हर लाभार्थी की जांच की जाएगी ताकि दिल्ली के पात्र लोगों को ही उसका लाभ मिल सके।

25 Mar 2025, 01:17:07 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में होम गार्ड की संख्या 10285 से बढ़ाकर 25000 की जाएगी

सीएम रेखा गुप्ता ने ऐलान किया दिल्ली में होमगार्ड की संख्या 10,285 से बढ़ाकर 25000 किया जाएगा।

25 Mar 2025, 01:15:47 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : वाटर चेक के लिए 32 निगरानी केंद्र बनाएंगे

रेखा गुप्ता ने कहा कि वाटर चेक के लिए 32 निगरानी केंद्र बनाएंगे, जबकि एयर पॉल्यूशन चेक के लिए 6 एयर पॉल्यूशन सेंटर भी बनेंगे। 6897 करोड़ रुपये सिविक बॉडी के लिए होगा।

25 Mar 2025, 01:09:03 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में एयर मॉनिटरिंग सेंटर बढ़ाए जाएंगे

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण लेवल बताने के लिए मॉनिटर लगाए जाएंगे। एयर मॉनिटरिंग सेंटर बढ़ाए जाएंगे। इंटीग्रेटेड मॉनिटरिंग सेंटर बनाया जाएगा, जहां पर लोग शिकायत कर पाएंगे। संबंधित विभाग को शिकायत को भेजा जाएगा। वहां से निगरानी की जाएगी। इसके लिए 30 करोड़ का बजट रखा जाएगा।

25 Mar 2025, 01:08:01 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली के बजट में 3847 रुपये बिजली सब्सिडी के लिए होगा

दिल्ली के बजट में 3847 रुपये बिजली सब्सिडी के लिए होगा। सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने पर 78000 रुपये की सब्सिडी मिलेगी।

25 Mar 2025, 01:04:15 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : सिचाई में सुधार, बाढ़ प्रबंधन के लिए 603 करोड़ रुपये

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हम सिचाई में सुधार, बाढ़ प्रबंधन के लिए 603 करोड़ रुपये का बजट रख रहे हैं। 150 करोड़ रुपये डिसिल्टिंग और ओपन वाटर बॉडीज के लिए होगा।

25 Mar 2025, 12:57:47 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली की बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर के लिए कार्ड बनेगा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि हमने पिछली सरकार की सभी सब्सिडी योजनाओं को बजट आवंटित कर दिया है। बसों में महिलाओं को मुफ्त सफर के लिए कार्ड बनेगा। पिछली सरकार पिंक करप्शन कर रही थी, लेकिन अब डिजिटलाइज्ड किया जाएगा।

25 Mar 2025, 12:55:59 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : मेट्रो की 6 हजार करोड़ की देनदारी दिल्ली सरकार के ऊपर

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि मेट्रो फेज-4 की योजनाओं में पिछली सरकार ने देरी की। उसका नतीजा है कि 6 हजार करोड़ की देनदारी दिल्ली सरकार के ऊपर है। 2929 करोड़ रुपये मेट्रो के लिए बजट रखा है। 12,952 करोड़ रुपये परिवहन सेक्टर के लिए रखा है।

25 Mar 2025, 12:53:30 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली के ई-बस बेड़े में पांच हजार बस और शामिल करेंगे

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट भाषण में ऐलान किया कि दिल्ली में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में दिल्ली में दुनिया का तीसरा ई-बस का बेड़ा मौजूद है। अभी 2152 इलेक्ट्रिक बसें हैं। पांच हजार बस और शामिल करेंगे।

25 Mar 2025, 12:49:49 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : घुम्मन खेड़ा में आधुनिक गौशाला बनाने के लिए 40 करोड़ का प्रावधान

रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि दिल्ली के घुम्मन खेड़ा में आधुनिक गौशाला बनाने के लिए बजट में 40 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। अभी 4 गौशालाएं हैं। नई गौशाला भी खोली जाएंगी, जिससे सड़कों पर पशु ना दिखें।

25 Mar 2025, 12:47:31 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली के किसान भाइयों के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट भाषण में ऐलान किया कि दिल्ली के किसान भाइयों के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

25 Mar 2025, 12:44:30 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में दो नए सखी आवास बनेंगे

मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि दिल्ली में दो नए सखी आवास बनेंगे। महिलाओं के लिए वन स्टॉप सेंटर के लिए 11 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।

25 Mar 2025, 12:37:27 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में बुजुर्गों, संकटग्रस्त महिलाओं और दिव्यांगों को 2500 की जगह अब 3000 मिलेंगे

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट भाषण में ऐलान किया कि सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट के लिए 10047 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 3227 करोड़ विभिन्न आर्थिक सहायता योजना के लिए हैं। बुजुर्गों, संकटग्रस्त महिलाओं और दिव्यांगों को 2500 की जगह अब 3000 मिलेंगे।

25 Mar 2025, 12:29:31 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में टैलेंट हंट योजना शुरू की जाएगी : रेखा गुप्ता

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट में ऐलान किया कि दिल्ली में टैलेंट हंट योजना शुरू की जाएगी। इसके लिए 5 करोड़ रुपये रखेंगे। मैथिली और भोजपुरी एकडेमी का बजट 6 करोड़ रुपये कर दिया है। इस बजट में 139 करोड़ रुपये कला एवं संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए रखे गए हैं।

25 Mar 2025, 12:27:16 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित किया जाएगा

दिल्ली में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट में ऐलान किया कि 117 करोड़ रुपये नौका पर्यटन और ब्रांडिंग के लिए होगा। फैलोशिप पर 2 करोड़ रुपये से प्रोग्राम होंगे। पहली बार दिल्ली में एक अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित होगा, इसके लिए 30 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शी शमहल को पर्यटन में शामिल कर देंगे। भारत मंडपम प्रधानमंत्री संग्रहालय को भी शामिल करेंगे।

25 Mar 2025, 12:24:16 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : ‘आप’ ने वादे किए, हम उन्हें पूरा करेंगे : रेखा गुप्ता

सीएम रेखा गुप्ता ने कहा कि हमारे और उनके (आप) बीच बहुत फर्क है। आपने वादे किए, हम उन्हें पूरा करेंगे। आपने दूसरे राज्यों की सरकारों को गाली दी, हम सद्भाव स्थापित करेंगे और मिलकर काम करेंगे।

25 Mar 2025, 12:20:51 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली के नरेला में एजुकेशन हब बनाया जाएगा

दिल्ली की मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि 618 करोड़ रुपये विश्विद्यालय के लिए रखे जाएंगे। दिल्ली के नरेला में एजुकेशन हब बनाया जाएगा। इसके लिए 500 करोड़ रुपये का फंड रखा है। स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के लिए फंड रखा गया है।

25 Mar 2025, 12:19:19 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : 175 नई कंप्यूटर लैब और स्मार्ट क्लासेस बनाने के लिए 100 करोड़ का फंड

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बजट भाषण में ऐलान किया कि 175 नई कंप्यूटर लैब बनाने और स्मार्ट क्लासेस बनाने के लिए 100 करोड़ का फंड रखा गया है। 1200 बच्चों को निशुल्क लैपटॉप योजना के तहत लैपटॉप देंगे, जो 10वी से 11वी में जाएंगे। इस पर 7.50 करोड़ रुपये रखे जाएंगे।

25 Mar 2025, 12:15:31 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली के 100 सरकारी स्कूलों में भाषा लैब खोली जाएंगी

दिल्ली के 100 सरकारी स्कूलों में भाषा लैब खोली जाएंगी। इन्हें APJ अब्दुल कलाम के नाम पर खोला जाएगा। इसके लिए 21 करोड़ का प्रावधान किया गया है। साइंस ऑफ लिविंग के तहत 1.50 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इसमें योग और स्पोर्ट्स को शामिल करेंगे।

25 Mar 2025, 12:14:12 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : PM श्री की तर्ज पर CM श्री योजना पर स्कूल खुलेंगे

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि पीएम श्री योजना की तर्ज पर दिल्ली में सीएम श्री योजना स्कूल खोले जाएंगे। इसके लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।

25 Mar 2025, 12:11:22 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी कई बड़े ऐलान

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में शिक्षा और स्वास्थ्य पर भी कई बड़े ऐलान किए हैं। उन्होंने कहा कि 1000 करोड़ रुपये निर्माणाधीन अस्पताल के लिए होगा। 320 करोड़ रुपये, 1666 डिजिटल सिस्टम और ABHIM, 147 पीएमजीवाई योजना के लिए, 6874 करोड़ रुपये स्वास्थ्य के लिए होगा। पिछली सरकार की तुलना में 1800 करोड़ रुपये घटा।

25 Mar 2025, 12:04:02 PM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में मुनक नहर का पानी पाइपलाइन से आएगा

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि दिल्ली में मुनक नहर का पानी पाइपलाइन से आएगा। 500 करोड़ रुपये की लागत से 40 एसटीपी प्लांट लगाएंगे। यह डिसेंट्रलाइज्ड होगा। दिल्ली के सीवेज सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए हमने केंद्र से 2000 करोड़ रुपये मांगे हैं।

25 Mar 2025, 11:57:04 AM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में 500 करोड़ रुपये एसटीपी प्लांट के लिए रखे गए

मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि 500 करोड़ रुपये एसटीपी प्लांट के लिए रखे गए हैं। 250 करोड़ वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के लिए रखे गए हैं और वाटर लॉस रोकने के लिए 200 करोड़ रुपये खर्च करेंगे।

25 Mar 2025, 11:54:11 AM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में पानी के लिए 9000 करोड़ रुपये का प्रावधान

दिल्ली के बजट भाषण में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि पानी के लिए 9000 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वाटर टैंकर में जीपीएस लगेगा। ये मोबाइल से जुड़ा होगा। आरडब्ल्यूए उसकी निगरानी करेंगे। 10 करोड़ की लागत से पाइपलाइन को ठीक करेंगे।

25 Mar 2025, 11:52:06 AM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन होगा। दो साल में एक बार होगा।

बजट भाषण में मुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि अब से दिल्ली ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट का आयोजन होगा, जो दो साल में एक बार होगा।

25 Mar 2025, 11:50:50 AM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड का गठन होगा

मुख्यमंत्री ने बजट में ट्रेडर्स वेलफेयर बोर्ड का गठन करने का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि कुटीर उद्योग की योजना लाई जाएगी। इसके लिए 50 करोड़ रुपये का बजट रखा है।

25 Mar 2025, 11:50:31 AM IST

Delhi Budget 2025 Live Updates : दिल्ली में औद्योगिक क्षेत्र में सुधार के लिए प्रोग्राम बनाया जाएगा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने ऐलान किया कि औद्योगिक क्षेत्र में कार्य स्थितियों के सुधार के लिए डेवलपमेंट और रीडिवेलपमेंट एक्टिविटीज के लिए एक प्रोग्राम बनाया जाएगा और उसे प्रोग्राम के माध्यम से यहां की सारी चीजों को ठीक करेंगे।

लेटेस्ट Hindi News, बॉलीवुड न्यूज , बिजनेस न्यूज , क्रिकेट न्यूज , धर्म ज्योतिष , एजुकेशन न्यूज़ , राशिफल और पंचांग पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।