डिफाल्टर पैक्स से बकाए राशि की वसूली को मगध को-ऑपरेटिव बैंक का विशेष अभियान
गया जिले के डिफाल्टर पैक्स अध्यक्ष और प्रबंधकों से बकाया राशि वसूली के लिए मगध सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक विशेष अभियान शुरू करेगा। 31 मार्च तक बकाया राशि की 100% वसूली का लक्ष्य है। 2010-11 से 2023-24 तक...

जिले के डिफाल्टर पैक्स अध्यक्ष व पैक्स प्रबन्धको से बकाए राशि की वसूली के लिए दी मगध सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक का विशेष अभियान शुरू किया जाएगा। इसकी तैयारी की जा रही है। बकाए राशि की शत प्रतिशत वसूली के लिए 31 मार्च तक लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गया जिले सहित मगध प्रमंडल के जहानाबाद व अरवल जिले के करीब 36 पैक्स पर 2010-11 से 2023-24 तक करीब 17 करोड़ रुपये का बकाया राशि है जिसे हर हाल में वसूल किया जाना है। राशि वसूली के लिए डिफाल्टर पैक्स व पैक्स प्रबंधकों से बैंक अधिकारी-कर्मी लगातार सम्पर्क बढाएंगे। धान व गेंहू खरीद के लिए दी मगध सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक द्वारा पैक्स को केसीसी लोन दिया गया था। लेकिन लोन लेने के बाद पैक्स द्वारा समय पर लोन की राशि को वापस बैंक को नहीं लौटाया गया।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि गया शाखा के बेलागंज प्रखण्ड में चार पैक्स,अतरी में दो और खिजरसराय में तीन पैक्स राशि वापस जमा नहीं करने के करण डिफाल्टर है। इन पैक्स से बकाए राशि की वसूली की कार्रवाई तेज की जाएगी। इसी तरह टिकारी शाखा के परैया प्रखण्ड से तीन, कोंच प्रखण्ड से तीन, वजीरगंज शाखा से मोहड़ा प्रखण्ड से एक, बाराचट्टी शाखा के डोभी प्रखण्ड से दो, मोहनपुर प्रखण्ड से दो, शेरघाटी शाखा के शेरघाटी प्रखण्ड से एक, आमस प्रखण्ड से दो, गुरुआ प्रखण्ड से दो,इमामगंज शाखा के इमामगंज प्रखंड से एक,डुमरिया प्रखण्ड के दो तथा जहानाबाद व अरवल जिले से सात पैक्स के पास राशि बकाया है जिसे वसूली की प्रक्रिया तेज की जा रही है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।