गया की महिलाओं और छात्राओं के लिए मिलीं दो पिंक बसें
-प्रथम चरण में बिहार राज्य पथ परिवहन डिपो गया को 2 बसें करायी गयीं उपलब्ध

गया शहर में महिलाओं और छात्राओं के लिए जल्द पिंक बस सेवा की शुरुआत होगी। विभागीय स्तर पर इसकी तैयारी अंतिम चरण में है। प्रथम चरण में सरकार ने गया शहर को दो पिंक स्पेशल बसों की सुविधा उपलब्ध करायी है। रूट का निर्धारण कर एक सप्ताह में परिचालन शुरू किया जाएगा। बिहार राज्य पथ परिवहन निगम गया डिपो के नियंत्रण में दोनों पिंक बसों को संचालित किया जाना है। महिलाओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पिंक बसों को चलाने के लिए महिला चालक व महिला संवाहक से कार्य लिया जाना है। गया शहर में महिलाओं व छात्राओं के लिए सुरक्षित व सुविधायुक्त उपलब्ध परिवहन सेवा होगी।
इसके लिए सरकार व प्रशासन क्रियाशील है। हिन्दुस्तान अखबार का बोले गया अभियान में गया कि महिलाओं ने गया शहर में महिलाओं और छात्राओं के लिए विशेष रूप से पिंक बसों का परिचालन कराने की आवश्यकता पर जोर दिया था। साथ ही अखबार के माध्यम से सरकार से मांग उठायी थी। इस मांग को पूरा होने पर हिन्दुस्तान अखबार सहित सरकार को साधुबाद दिया है। हिन्दुस्तान अखबार की इस महत्वपूर्ण पहल को काफी सराहनीय बताया है। विभागीय सूत्रों ने बताया कि बसों में सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे और पैनिक बटन जैसी सुविधाएं होंगी। यह योजना राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के लिए सुरक्षित परिवहन प्रदान करने के लिए शुरू की गई है। गया शहर में पहली बार संचालित इस सुविधा का सफल संचालन के लिए बिहार राज्य परिवहन विभाग मुश्तैद है। इन पिंक बसों को सीएनजी से संचालन की व्यवस्था है महिलाओं और छात्राओं के लिए बस में मासिक पास उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था पर जोर दिया जा रहा है। गया में इन बसों के परिचालन का रूट और समय सारिणी का भी निर्धारण किया जा रहा है। बताया गया कि गया सहित बिहार की महिलाओं व छात्राओं को सुरक्षा व सम्मान के साथ सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित कराने के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिंक बसों का परिचालन सुविधा का एक बड़ा तोहफा दिया है। जिले से दूसरे प्रदेशों के लिए ब्लू बस चलाने की योजना बिहार राज्य पथ परिवहन निगम गया डिपो से विभिन्न जिले सहित दूसरे प्रदेशों में ब्लू बस चलाने की योजना है। इसके लिए प्रथम चरण में 41 बसों की सुविधा दी जाएगी। इसकी तैयारी भी अंतिम चरण में हैं। गया से दूसरे प्रदेशों के तहत झारखंड के साथ ही कोलकाता, वाराणसी, अयोध्या, दिल्ली, राउलकेला के लिए भी बसों का परिचालन की योजना है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आम जनता के लिए ब्लू बस की सेवा शुरू कर रहे हैं। इंट्रेक्टिव:- गया की महिलाओं को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पिंक बसों की सुविधा देकर महिलाओं व छात्राओं के लिए महत्वपूर्ण काम किये हैं। पिंक बस में सफर करने से महिलाएं व छात्राएं ज्यादा सुरक्षित महसूस करेंगे। -शुभ्रा गुप्ता समाज सेविका बिहार सरकार ने महिलाओं को बड़ी सौगात दी है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने महिलाओं की सुरक्षात्मक यात्रा सुनिश्चित कराने के लिए बड़ा कदम उठाया है। शहरों सहित निकट के कस्बों के लिए भी इस तरह की सुविधा दी जाए। -मुस्कान कुमारी, छात्रा महिलाओं के लिए पिंक बस की सेवा की शुरुआत काफी सराहनीय कदम है। अब महिलाओं को सफर में किसी प्रकार से कोई दिक्कत का सामना नहीं करना पड़ेगा। गया के लिए एक अच्छी पहल है। -रोशन देवी, गृहिणी पिंक बस सेवा से महिलाओं को सुरक्षित, सुलभ और सम्मानजनक आधुनिक तरीके की सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का प्रयास का यह एक सराहनीय निर्णय है। -शायका सहलाल, छात्रा
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।