Nishant Nandan| लाइव हिन्दुस्तान,पटना |
Wed, 05 Mar 2025 05:51 PM हमें फॉलो करें![]()
![]()
Bihar Vidhan Sabha Live: बिहार विधानसभा सत्र का आज यानि बुधवार को चौथा दिन रहा। चौथे दिन विधानसभा में बजट पर चर्चा हुई। दूसरी पाली में पक्ष और विपक्ष के सदस्यों ने सदन में नीतीश सरकार के बजट पर अपनी बातें रखीं। लंच से पहले प्रश्नोत्तर काल चला। दूसरी ओर, विधान परिषद में सुबह कार्यवाही शुरू होने पर सभापति अवधेश नारायण सिंह ने राजद के डॉ सुनील कुमार सिंह की सदस्यता पुनः बहाल किए जाने की घोषणा की। गुरुवार को सदन में इसकी घोषणा के क्रम में उन्होंने कहा कि हालांकि उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार उन्हें सदस्यता नही रहने के दौरान की सात माह की अवधि के लिए कोई भुगतान नही किया जाएगा। सभापति ने उम्मीद जतायी कि वे सदन की मर्यादा का मान रखेंगे।
5 Mar 2025, 04:17:34 PM IST
Bihar Vidhan Sabha LIVE: सभी नगर निकायों में फूल विक्रेताओं के लिए बनेंगे अलग वेंडिंग जोन
Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार के नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा ने कहा कि पटना सहित सभी नगर निकायों में फूल विक्रेताओं के लिए अलग वेंडिंग जोन होंगे। सभी नगर निकायों को पत्र लिख कर जगह चिह्नित करने के लिए कहा गया है। बुधवार को विधान परिषद में भाजपा के एमएलसी प्रमोद कुमार के ध्यानाकर्षण का जवाब देते समय उन्होंने यह बात कही।
5 Mar 2025, 04:10:51 PM IST
Bihar Vidhan Sabha LIVE: टोपोलैंड और असर्वेक्षित गांवों में होगा सर्वे, राजस्व मंत्री ने सदन में कहा
Bihar Vidhan Sabha LIVE: सभी जिलों के टोपोलैण्ड और असर्वेक्षित गांवों में विशेष सर्वेक्षण एवं बंदोबस्त कार्यक्रम होगा। गुरुवार को विधान परिषद में प्रश्नोतर काल में नीरज कुमार के सवाल के जवाब में राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने ये जानकारी दी।
5 Mar 2025, 04:07:59 PM IST
Bihar Vidhan Sabha LIVE: विधानसभा में बजट पर हुई बहस, सदन की कार्यवाही स्थगित
Bihar Vidhan Sabha LIVE: बिहार विधानसभा की दूसरी पाली में वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट पर चर्चा हुई। इसमें पक्ष-विपक्ष के सदस्यों ने अपनी बात रखी। इसके बाद सभा की कार्यवाही गुरुवार 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
5 Mar 2025, 02:04:41 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू
बिहार विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हो गई है। विधानसभाध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। विधानसभाध्यक्ष ने कहा कि अब वित्तीय कार्य लिए जाएंगे। इसके बाद बिहार के बजट पर चर्चा शुरू हुई।
5 Mar 2025, 01:45:28 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: थोड़ी देर में शुरू होगी विधानसभा की कार्यवाही
बिहार विधानसभा की कार्यवाही थोड़ी देर बाद शुरू होगी। विधानसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद बिहार के बजट पर चर्चा हो सकती है। इससे पहले पहली पारी के दौरान विभिन्न विधायकों द्वारा पूछे गए प्रश्नों का संबंधित विभागों के मंत्रियों ने जवाब दिया था।
5 Mar 2025, 12:58:02 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: सदन में विधायक ने सड़क की हालत सुधारने की उठाई मांग
पश्चिम चंपारण की रामनगर विधानसभा क्षेत्र की विधायक भागीरथी देवी ने गौनाहा प्रखंड के पिपरा चौक से असुरारी जाने वाली मुख्य सड़क के जिर्णोद्धार की मांग सरकार से की है। विधायक भागरथी देवी ने बताया कि विधानसभा में सरकार से जर्जर पड़े उक्त सड़क के मरम्मती की मांग की गई है, ताकि जनता को आने-जाने में सुविधा हो सकें। उक्त सड़क विगत कई वर्षों से जर्जर पड़ा हुआ था। विधायक ने बताया कि सरकार ने इस मांग को स्वीकार कर लिया है।
5 Mar 2025, 12:34:24 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: बिहार विधानसभा की कार्यवाही स्थगित
बिहार विधानसभा की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित किया गया है। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने के बाद बिहार बजट 2025 पर चर्चा हो सकती है। बजट पर चर्चा के दौरान विपक्ष के सवालों के जवाब भी सरकार देगी।
5 Mar 2025, 12:26:10 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: गंगा किनारे बसे शहरों में होगी सख्ती, मंत्री ने बताया
गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त करने के लिए नदी के किनारे के बसे शहरों में सख्ती बरती जाएगी। यहां सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण युद्ध स्तर पर होगा। यह जानकारी विधानसभा में बुधवार को मुकेश कुमार यादव के अल्प सूचित प्रश्न के जवाब में पर्यावरण वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री सुनील कुमार ने दी। उन्होंने बताया कि गंगा नदी के किनारे 32 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट बनने हैं जबकि 13 बनकर तैयार हो चुके हैं मंत्री ने स्वीकार किया की गंगा नदी में जीवाणुओं की संख्या बढ़ जाने के कारण गंगा नदी में प्रदूषण का स्तर बढ़ा है। मंत्री ने कहा कि गंगा नदी के जल में प्रदूषण के स्तर में बीते वर्षों में क्रमिक सुधार हुआ है
5 Mar 2025, 12:24:03 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: डॉ. सुनील कुमार सिंह की सदस्यता बहाल
बिहार विधान परिषद की कार्यवाही शुरू होने पर सभापति अवधेश नारायण सिंह ने राजद के डॉ. सुनील कुमार सिंह की सदस्यता पुनः बहाल किये जाने की घोषणा की। गुरुवार को सदन में इसकी घोषणा के क्रम में उन्होंने कहा कि हालांकि उच्चतम न्यायालय के आदेश के अनुसार उन्हें सदस्यता नही रहने के दौरान की सात माह की अवधि के लिए कोई भुगतान नही किया जाएगा। सभापति ने उम्मीद जतायी कि वे सदन की मर्यादा का मान रखेंगे।
डॉ सुनील कुमार सिंह की सदस्यता बहाल किये जाने को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने स्वागत किया। उन्होंने राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद और अपनी पार्टी की ओर से इसके लिए सभापति के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।
5 Mar 2025, 12:21:54 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: बिहार में बढ़ेगी NH की लंबाई
बिहार में नेशनल हाईवे की लंबाई बढ़ेगी। बिहार विधानसभा में पथ निर्माण मंत्री नितिन नवीन ने बुधवार को विधानसभा में अरुण शंकर प्रसाद के अल्प सूचित प्रश्न के जवाब में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे घोषित करने के लिए राज्य के अंदर की सड़कों को चिन्हित करने की कार्रवाई की जा रही है।
5 Mar 2025, 12:21:01 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: विधान परिषद के गेट पर राबड़ी देवी ने किया प्रदर्शन
बिहार विधानसभा का सत्र चल रहा है और विपक्ष भी हर छोटे-बड़े मुद्दे पर सरकार को घेरने का कोई भी मौका नहीं छोड़ रहा है। विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष राबड़ी देवी भी लगातार ऐक्शन में हैं। राबड़ी देवी चौथे दिन भी सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद करती नजर आईं। राबड़ी देवी ने बिहार विधान परिषद के द्वार पर हाथ में पोस्टर लेकर प्रदर्शन किया। राबड़ी देवी के साथ राजद के अन्य सदस्य भी नजर आए। सभी सदस्यों ने सरकार से मांग की है कि रसोइयों का वेतन बढ़ाया जाए।
5 Mar 2025, 12:01:52 PM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: विपक्ष का विधानसभा के बाहर प्रदर्शन
बिहार विधानसभा सत्र के चौथे दिन भी विधानसभा के बाहर विपक्षी सदस्यों ने हंगामा किया। कांग्रेस सदस्यों ने बीपीएससी के मुद्दे पर सरकार को घेरने की कोशिश की है। कांग्रेस विधायक मुन्ना तिवारी ने कहा कि वो बीपीएससी के मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठा रहे हैं। यह मामला काफी बड़ा है। विपक्षी सदस्य ने दावा किया कि बीपीएससी की 70वीं पीटी परीक्षा में पेपर लीक हुआ था और सरकार छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।
5 Mar 2025, 11:36:35 AM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: सीएम नीतीश पहुंचे सदन, जारी है विधानसभा की कार्यवाही
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार सदन में पहुंच चुके हैंं। बिहार विधानसभा में चौथे दिन की कार्यवाही जारी है। कार्यवाही में पथ निर्माण विभाग और ग्रामीम विभाग समेत कुछ अन्य विभागों के प्रश्न लिए जा रहे हैं।
5 Mar 2025, 11:17:25 AM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: गंगाजल लेकर पहुंचे विपक्षी विधायक
बिहार विधानसभा में गंगा नदी में प्रदूषण का मुद्दा उठा। विपक्षी विधायक मुकेश कुमार यादव ने विधानसभा में कहा कि पटना में गंगा काफी प्रदूषित है। कई गंदे नालों का पानी गंगा में जा रहा है। विधायक मुकेश यादव सदन में गंगाजल लेकर पहुंचे थे। सदन में उन्होंने गंगाजल दिखाते हुए कहा कि कमेटी बना कर इस जल की जांच करवाई जाए। इसपर विधानसभा अध्यक्ष बिना अनुमति कोई चीज मत दिखाइए।
गंगा जल की सफाई को लेकर सरकार की तरफ से बताया गया कि अभी 13 सीवरेज प्लांट मौजूद हैं और 32 प्लांट बनेंगे। इनके बनने के बाद गंगा जल की शुद्धता बढ़ जाएगी।
5 Mar 2025, 11:01:50 AM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: बिहार विधानसभा की कार्यवाही शुरू
बिहार विधानसभा के चौथे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव ने कार्यवाही शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि शुरू में अल्पसूचित प्रश्न लिए जाएंगे।
5 Mar 2025, 10:43:53 AM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: कई विभागों के प्रश्न सदन में लाए जाएंगे
बिहार विधानसभा की कार्यवाही के चौथे दिन कई विभागों के प्रश्न सदन में लाए जाएंगे। इन सवालों का जवाब सरकार देगी। विधानसभा की कार्यवाही 11 बजे से शुरू होगी। प्रश्न काल में आज ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विभाग, पंचायती राज विभाग, जल संसाधन विभाग, लघु जल संसाधन विभाग, पथ निर्माण विभाग से संबंधित सवाल पूछे जाएंगे।
5 Mar 2025, 10:25:14 AM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: विजय कुमार चौधरी का तेजस्वी पर प्रहार
जद(यू) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार चौधरी ने तेजस्वी पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘मैं कांग्रेस में रहा हूं। लेकिन आप अपने पिता (राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद) द्वारा पिछली सरकारों (1990 से पहले) द्वारा की गई गलतियों को सुधारने के प्रयासों के बारे में बहुत कुछ कहा है। आज आपके निशाने पर शत प्रतिशत कांग्रेसी रही है।’
5 Mar 2025, 10:05:43 AM IST
Bihar Vidhan Sabha Live:..तब तुम्हारा जन्म भी नहीं हुआ था, तेजस्वी को CM नीतीश ने दिया जवाब
मंगलवार को विधानमंडल के संयुक्त सत्र में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि लालू प्रसाद यादव की जाति के ही कुछ नेता उन्हें मुख्यमंत्री बनाने के खिलाफ थे, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने लालू यादव को पूरा समर्थन दिया। उन्होंने यह भी याद दिलाया कि वर्ष 1994 में लालू प्रसाद से मतभेद के कारण उन्होंने तब के जनता दल से नाता तोड़ लिया।
उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “राजद ने बिहार में किस तरह का शासन दिया, यह सभी जानते हैं।” विधानसभा में जब तेजस्वी प्रसाद यादव ने सुशासन के दावे पर सवाल उठाने की कोशिश की तो मुख्यमंत्री नाराज हो गए। उन्होंने तेजस्वी को संबोधित करते हुए कहा, "राजद के शासनकाल में कैसी अराजकता थी, यह तुम्हें नहीं पता, क्योंकि तब तुम्हारा जन्म भी नहीं हुआ था।"
5 Mar 2025, 09:41:23 AM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: बजट पर चर्चा के दौरान हंगामे के आसार
लंच के बाद बिहार विधानसभा में वर्ष 2025-26 के बजट पर चर्चा की उम्मीद है। चर्चा के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष के विधायक अपनी राय रखेंगे। इस दौरान विपक्ष सरकार को घेर सकता है। एनडीए के नेता बजट को ऐतिहासिक बताते हैं तो विपक्ष पहले ही कह चुका है कि सरकार ने बजट के नाम पर सिर्फ लॉलीपॉप थमाया है।
5 Mar 2025, 09:23:39 AM IST
Bihar Vidhan Sabha Live: बिहार विधानसभा में मंत्री देंगे जवाब
बिहार विधानसभा में प्रश्नकाल के दौरान पथ निर्माण, जल संसाधन, ग्रामीण कार्य, लघु जल संसाधन, भवन निर्माण, श्रम संसाधन और पंचायती राज विभाग से संबंधित सवालों पर चर्चा हो सकती है। जिनका जवाब संबंधित विभागों के मंत्री देंगे।