Hindi NewsNcr NewsDelhi NewsMukesh Ambani Exits Top 10 Billionaires List Gautam Adani Rises in Wealth - Hurun Global Rich List 2025

मुकेश अंबानी दुनिया के शीर्ष-10 अमीरों की सूची से बाहर

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट-2025 के अनुसार, मुकेश अंबानी दुनिया के शीर्ष-10 अमीरों से बाहर हो गए हैं, लेकिन भारत के सबसे अमीर बने हुए हैं। गौतम अदाणी की संपत्ति में वृद्धि हुई है। रोशनी नादर दुनिया की...

Newswrap हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 27 March 2025 05:20 PM
share Share
Follow Us on
मुकेश अंबानी दुनिया के शीर्ष-10 अमीरों की सूची से बाहर

नई दिल्ली, एजेंसी। भारत और दुनिया के सबसे अमीर व्यक्तियों की नई रैंकिंग जारी कर दी गई है। हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट-2025 के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी दुनिया के शीर्ष-10 अमीरों की सूची से बाहर हो गए हैं। हालांकि, वह भारत और एशिया के सबसे अमीर शख्स बने हुए हैं। उनकी कुल संपत्ति 8.6 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है। दूसरे स्थान पर गौतम अदाणी हैं, जिनकी संपत्ति का मूल्य 8.4 लाख करोड़ रुपये है। मुकेश अंबानी के बाहर होने के बाद फिलहाल दुनिया के शीर्ष-10 अमीरों की सूची में अब कोई भी भारतीय नहीं है। पिछले साल की तुलना में मुकेश अंबानी की संपत्ति में एक लाख करोड़ रुपये की गिरावट आई है। इस संपत्ति में कमी के पीछे रिलायंस इंडस्ट्रीज का बढ़ता कर्ज का स्तर है। इसके अलावा कंपनी ने डिजिटल प्लेटफॉर्म, नवीकरणीय ऊर्जा और खुदरा कारोबार के विस्तार की ओर कदम बढ़ाए हैं, जिसमें धीमी प्रगति का उनकी संपत्ति पर असर पड़ रहा है।

अदाणी ने सबसे ज्यादा संपत्ति जुटाई

सूची के अनुसार, गौतम अदाणी और उनके परिवार की संपत्ति में पिछले वर्ष की तुलना में लगभग एक लाख करोड़ की वृद्धि हुई है। इसमें 13 फीसदी का इजाफा हुआ है। इस तरह वह देश में पिछले एक साल में भारत में सबसे ज्यादा संपत्ति बनाने वाले शख्स बन गए हैं। अदाणी समूह ने बंदरगाहों, ऊर्जा उत्पादन, हवाई अड्डों, खनन, नवीकरणीय ऊर्जा, मीडिया और सीमेंट जैसे विविध क्षेत्रों में विस्तार किया है, जिससे उनकी संपत्ति में यह वृद्धि देखी गई है.​

रोशनी नादर दुनिया की पांचवीं सबसे अमीर महिला

वहीं,, एचसीएल की रोशनी नादर, जिनके परिवार की कुल संपत्ति 3.5 लाख करोड़ रुपये आंकी गई है, दुनिया की पांचवीं सबसे अमीर महिला बन गईं हैं। दुनिया की शीर्ष-10 अमीर महिलाओं में जगह बनाने वाली वह पहली । भारतीय महिला हैं। इसके साथ ही भारत में वह तीसरे स्थान पर हैं। वह भारत के शीर्ष-10 सबसे अमीर व्यक्तियों में इकलौती महिला हैं। उनके पिता शिव नादर ने हाल ही में एचसीएल में 47% हिस्सेदारी उन्हें हस्तांतरित कर दी थी।

भारत के अरबपतियों के पास जीडीपी का एक-तिहाई

रिपोर्ट में कहा गया देश में 284 अरबपति हैं, जिनकी कुल संपत्ति 10 प्रतिशत बढ़कर 98 लाख करोड़ रुपये या देश के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) का एक-तिहाई हो गई है। सूची के अनुसार, भारत ने प्रत्येक अरबपति की औसत संपत्ति के मामले में चीन को पीछे छोड़ दिया है। चीन के 29,027 करोड़ रुपये की तुलना में देश में प्रत्येक अरबपति की औसत संपत्ति 34,514 करोड़ रुपये है। सूची में 'कट-ऑफ' तिथि 15 जनवरी मानी गई है।

शशांक कुमार सबसे युवा भारतीय अरबपति

वहीं रेजरपे के शशांक कुमार और हर्षिल माथुर 8,643 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सबसे युवा भारतीय अरबपति हैं। सूची के अनुसार, भारतीय अरबपतियों की औसत आयु 68 वर्ष है, जो वैश्विक अरबपतियों की औसत आयु से दो वर्ष अधिक है।

भारत में लगातार बढ़ रहे अरबपति

वर्ष 2022 249

2023 187

2024 271

2025 284

एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति

टेस्ला और स्पेसएक्स जैसी कंपनियों के मालिक एलन मस्क दुनिया के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। डोनाल्ड ट्रंप के दोबारा अमेरिकी राष्ट्रपति चुने जाने के बाद मस्क की नेटवर्थ में 82% (189 बिलियन डॉलर) की बढ़ोतरी हुई है। अमेजन के फाउंडर जेफ बेजोस दूसरे नंबर पर है।

हुरुन लिस्ट से जुड़ी प्रमुख बातें

1. कुल अरबपति : दुनिया में 3,456 अरबपति हैं, जो 2024 में दर्ज 3,279 से 177 अधिक है। ये 5% की वृद्धि है।

2. भारत में अरबपति: इनकी संख्या बढ़कर 284 हो गई है, जो पहले 271 थी। इनकी कुल संपत्ति 98 लाख करोड़ रुपए है।

3. वर्ल्ड सिटी रैंकिंग: न्यूयॉर्क 129 अरबपतियों के साथ दुनिया की बिलेनियर कैपिटल है। लंदन 97 अरबपतियों के साथ दूसरे स्थान पर है।

4. एशिया सिटी रैंकिंग: 90 अरबपतियों के बावजूद मुंबई ने एशिया की ‘बिलेनियर कैपिटल का तमगा खो दिया। शंघाई 92 अरबपतियों के साथ पहले नंबर पर है।

देश के शीर्ष-10 अमीर परिवार

रैंक नाम संपत्ति वार्षिक परिवर्तन (%) कंपनी

1 मुकेश अंबानी एवं परिवार 8.6 -13% रिलायंस इंडस्ट्रीज

2 गौतम अदाणी एवं परिवार 8.4 13% अडानी ग्रुप

3 रोशनी नाडर एवं परिवार 3.5 नई एचसीएल

4 दिलीप सांघवी एवं परिवार 2.5 21% सन फार्मास्युटिकल इंडस्ट्रीज

5 ↑ अजीम प्रेमजी एवं परिवार 2.2 पुनर्मूल्यांकन विप्रो

6 ↑ कुमार मंगलम बिड़ला एवं परिवार 2 28% आदित्य बिड़ला ग्रुप

6 ↓ साइरस एस. पूनावाला एवं परिवार 2 -8% सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया

8 नीरज बजाज एवं परिवार 1.6 12% बजाज ऑटो

9 ↓ रवि जयपुरिया एवं परिवार 1.4 7% आरजे कॉर्प

10 राधाकिशन दमानी एवं परिवार 1.4 -11% एवेन्यू सुपरमार्ट्स (डीमार्ट)

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें