देश में तेल की कमी नहीं होने देंगे : साहनी
पहलगाम आतंकी हमले के बाद सीमा पर बढ़ते तनाव के बीच, इंडियन ऑयल ने देश की तेल जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयारियों की पुष्टि की है। हालांकि, कंपनी ने अपने रिजर्व का खुलासा नहीं किया। वर्तमान में, भारत...

नई दिल्ली, विशेष संवाददाता। पहलगाम आतंकी हमले के बाद सीमा पर चल रहे तनाव के बीच सार्वजनिक क्षेत्र की तेल कंपनियों ने किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारियां कर ली है। इंडियन ऑयल का कहना है कि वह देश की तेल जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार है। हालांकि, तेल कंपनी ने यह खुलासा करने से इनकार कर दिया कि उसके पास कितना रिजर्व है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के अध्यक्ष एएस साहनी ने सीमा पर चल रहे तनाव के बीच तेल की जरूरतों के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में कहा कि हम देश की जरूरतों को पूरा करने के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि कोई तनाव हो या न हो, हम हमेशा अपनी तैयारी पूरी रखते हैं। दरअसल, दोनों देशों के बीच तनाव की स्थिति और बिगड़ती है तो विदेश से आयात पर असर पड़ सकता है। भारत अपनी जरूरत का ज्यादातर कच्चा तेल विदेश से आयात करता है। सूत्रों के मुताबिक, देश के पास अगले 75 दिनों का पर्याप्त तेल भंडार मौजूद है। इसके साथ डीजल, पेट्रोल और हवाई जहाजों में इस्तेमाल होने वाले एटीएफ भी हैं। भारत के पास आंध्र प्रदेश के विशाखापत्तनम, मंगलौर और कर्नाटक के पादुर में कच्चे तेल के भंडार हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।