पाक को पानी देना भारतीय किसानों के साथ अन्यायः शिवराज
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सिंधु जल समझौते को निलंबित करने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारतीय किसानों के साथ अन्याय था। इससे राजस्थान,...

नई दिल्ली, एजेंसी। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पाकिस्तान के साथ सिंधु जल समझौते को निलंबित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सोमवार को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि यह समझौता भारतीय किसानों के साथ अन्याय था। शिवराज ने कहा कि सिंधु समझौता स्थगित करने से राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, जम्मू और कश्मीर और हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों के किसानों को बहुत लाभ होगा। उन्होंने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के लिए भारतीय सशस्त्र बलों की भी सराहना की। चौहान ने सोमवार को देशभर के विभिन्न किसान समूहों के साथ बातचीत की और संधि पर उनके सुझाव लिए। इससे पहले उन्होंने सिंधु समझौते पर एक बैठक को संबोधित किया।
कार्यक्रम से इतर बातचीत में शिवराज ने कहा कि मैं सिंधु समझौते को निलंबित करने और ऐतिहासिक अन्याय को समाप्त करने के लिए प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करता हूं। इस संधि पर 1960 में जवाहरलाल नेहरू ने हस्ताक्षर किए थे। सिंधु नदी का 80 प्रतिशत से अधिक पानी पाकिस्तान को दिया गया। हमने उन्हें पैसा और पानी दिया। बदले में पाकिस्तान ने हमें क्या दिया? पाकिस्तान को पानी देना भारतीय किसानों के साथ अन्याय है। विकसित कृषि संकल्प अभियान में दिल्ली के 87 गांव होंगे शामिल केंद्र के विकसित कृषि संकल्प अभियान के तहत दिल्ली के 87 गांवों को शामिल किया जाएगा। कृषि मंत्री शिवराज की सभी राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ हुई बैठक में शामिल हुए दिल्ली के मंत्री कपिल मिश्रा ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह राष्ट्रव्यापी अभियान 29 मई से 12 जून 2025 तक चलाया जाएगा। इसका उद्देश्य किसानों तक आधुनिक तकनीकों, वैज्ञानिक जानकारी और केंद्र व राज्य सरकार की कृषि कल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाना है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।