CM रेखा गुप्ता ने 11 MLA को जिला विकास समितियों का अध्यक्ष बनाया, AAP के भी 3 विधायक शामिल
दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए 11 विधायकों को जिला विकास समितियों का अध्यक्ष बनाया है। इनमें आम आदमी पार्टी के भी तीन विधायक शामिल हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार को आदेश जारी किया गया।

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक महत्वपूर्ण फैसला लेते हुए 11 विधायकों को जिला विकास समितियों का अध्यक्ष बनाया है। इनमें आम आदमी पार्टी के भी तीन विधायक शामिल हैं। इस संबंध में सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार को आदेश जारी किया गया।
स्थानीय स्तर पर विकास कार्यों को गति देने के लिए दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विधायकों को 11 जिला विकास समितियों का अध्यक्ष नामित किया है। सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से शनिवार को जारी आदेश के अनुसार, मुख्यमंत्री ने इन समितियों में भाजपा के 8 और आप के 3 विधायकों को नामित किया है।
इनमें उत्तर पश्चिम दिल्ली जिले के कुलवंत राणा, उत्तर-पूर्व जिले के अजय महावर, दक्षिणी दिल्ली के गजेंद्र यादव, दक्षिण-पश्चिम जिले के पवन शर्मा, पश्चिम दिल्ली के मनोज शौकीन, उत्तरी जिले के राज कुमार भाटिया, नई दिल्ली के शिखा रॉय और शहादरा के जीतेन्द्र महाजन शामिल हैं। ये सभी बीजेपी के विधायक हैं।
इसी तरह, मध्य दिल्ली जिले के संजीव झा, पूर्वी दिल्ली जिले के रविकांत और दक्षिण-पूर्व जिले के राम सिंह नेताजी को अध्यक्ष बनाया गया है। ये सभी आम आदमी पार्टी के विधायक हैं।
दिल्ली सरकार के पास विकास कार्यों के संबंध में फैसला लेने के लिए दो स्तरीय संरचना है, जिसमें राज्य और जिला स्तर शामिल हैं। जिला समितियों का उद्देश्य निर्णय लेने में विधायकों, नगर पार्षदों, निवासी कल्याण संघों, जिला मजिस्ट्रेटों तथा अन्य विभागों और नागरिक निकायों के जिला स्तरीय अधिकारियों को शामिल करके एक जिम्मेदार प्रशासन प्रदान करना है।
अधिकारियों ने बताया कि सार्वजनिक उपयोगिता और बुनियादी नागरिक सुविधाओं से संबंधित मामलों में निर्णय लेने के लिए विभिन्न योजनाओं, परियोजनाओं और नीतियों की योजना, क्रियान्वयन और निगरानी की प्रक्रिया में लोगों के साथ-साथ निर्वाचित प्रतिनिधियों को भी प्रत्यक्ष रूप से शामिल किया जाता है।