Hindi Newsदेश न्यूज़Amit Shah gifts guitar to 7 year old singer in Mizoram Love for India unites us

'भारत के लिए प्यार हमें जोड़ता है'; अमित शाह ने मिजोरम में 7 साल की गायिका को दिया गिटार

  • Amit Shah in mizoram: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने 7 साल की गायिका को गिटार तोहफे में दिया है। केंद्रीय मंत्री ने इसकी जानकारी देते हुए लिखा कि हमारे दिलों में भारत के प्रति प्रेम हमें आपस में जोड़ता है।

Upendra Thapak लाइव हिन्दुस्तानSun, 16 March 2025 11:08 AM
share Share
Follow Us on
'भारत के लिए प्यार हमें जोड़ता है'; अमित शाह ने मिजोरम में 7 साल की गायिका को दिया गिटार

केंद्रीय मंत्री अमित शाह फिलहाल पूर्वोत्तर राज्यों के दौरे पर हैं। अपनी इस यात्रा के दौरान गृहमंत्री के स्वागत में एक 7 साल की बच्ची ने भावपूर्ण तरीके से वंदे मातरम् का गायन किया, जिसे सुनने के बाद अमित शाह ने एक गिटार तोहफे में देते हुए, उसकी तारीफ भी की। इस पूरे वाकये को बाद में उन्होंने सोशल मीडिया साइट पर भी साझा किया। इससे इतर गृहमंत्री ने इस दौरान असम राइफल्स की जमीन को मिजोरम सरकार को हस्तांतरित करने के समारोह में भी भाग लिया और असम राइफल्स की तारीफ की।

सोशल मीडिया साइट एक्स पर इसके बारे में जानकारी देते हुए अमित शाह ने लिखा, "भारत के प्रति प्रेम हम सभी को जोड़ता है। आज आइजोल में मिजोरम की वंडर किड एस्तेर लालदुहामी हनामते को वंदे मातरम गाते हुए सुनकर मैं बहुत भावुक हो गया। सात वर्षीय बच्ची का भारत माता के प्रति प्रेम उसके गीत में झलकता है, जिससे उसे सुनना एक मंत्रमुग्ध कर देने वाला अनुभव बन गया।"

आपको बता दें कि मिजोरम की बाल गायिका हनामते का 2020 में मां तुझे सलाम गीत गाते हुए वीडियो वायरल हुआ था। तब पहली बार देशभर का ध्यान उनकी तरफ गया था। इस गीत के वायरल होने के बाद पूरे देश से उन्हें जबरदस्त प्रशंसा मिली, इतना ही नहीं मिजोरम सरकार ने भी उन्हें कई पुरस्कार दिए और राज्यपाल ने भी उनकी विशेष प्रशंसा की थी।

गृहमंत्री ने असम राइफल्स की तारीफ की

इसके अलावा 3 दिवसीय कार्यक्रम पर पूर्वोत्तर के राज्यों में पहुंचे गृहमंत्री शाह ने असम राइफल्स की जमीन को मिजोरम सरकार को हस्तांतरित करने के एक कार्यक्रम में भी भाग लिया। यहां पर गृहमंत्री ने लोगों की सेवा करने के लिए असम राइफल्स के जवानों की तारीफ भी की।

शाह ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर लिखा,"असम राइफल्स ने भाईचारे के माध्यम से सुरक्षा का मार्गदर्शक सिद्धांत के माध्यम से मिजोरम के लोगों की सेवा की है। आज, बल ने लोगों के लाभ के लिए अपनी जमीन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा राज्य सरकार को सौंपकर लोगों के प्रति प्रतिबद्धता में एक अनुकरणीय मानक स्थापित किया है"

इसके अलावा सभा को संबोधित करते हुए गृहमंत्री शाह ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि असम राइफल्स के मुख्यालय को मध्य मिजोरम से जोखावसांग में स्थांतरित किया जा रहा है, जो कि मिजोरम के विकास के लिए भारत सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि यह निर्णय केवल प्रशासनिक निर्णय नहीं बल्कि मिजो लोगों के प्रति सरकार की जिम्मेदारी का प्रतीक है।

अगला लेखऐप पर पढ़ें