जिले के 112 जलमीनार बंद, जनता परेशान : कांग्रेस
पूर्वी सिंहभूम जिले में हर घर नल जल योजना के तहत स्थापित 112 जलमीनारों की खराब स्थिति पर कांग्रेस कमेटी ने नाराजगी जताई है। जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे ने अधिकारियों से कहा कि संवेदकों की जिम्मेदारी...

हर घर नल जल योजना के तहत पूर्वी सिंहभूम जिले में स्थापित 112 जलमीनारों की खराब हालत और मरम्मत नहीं होने पर जिला कांग्रेस कमेटी ने विभागीय अधिकारियों पर नाराजगी जताई है। जिलाध्यक्ष आनन्द बिहारी दुबे के नेतृत्व में कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने आदित्यपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुमित कुमार और जमशेदपुर प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुनील कुमार से मुलाकात कर स्थिति पर नाराजगी जताई। जिलाध्यक्ष दुबे ने कहा कि विभाग द्वारा जलमीनार निर्माण का कार्य जिन संवेदकों को दिया गया, उन्हें पांच वर्षों तक रखरखाव की जिम्मेदारी होती है। बावजूद इसके, जलमीनारों की देखरेख नहीं हो रही है और विभाग संवेदकों पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है।
इससे आम जनता पेयजल संकट से जूझ रही है, जिससे सरकार की छवि खराब हो रही है। जिला कांग्रेस ने बताया कि पटमदा, बोडाम, पोटका, चाकुलिया, बहरागोड़ा, गुड़ाबांदा, धालभूमगढ़, घाटशिला, मुसाबनी, डुमरिया और जमशेदपुर प्रखंडों में स्थापित अधिकतर जलमीनारें खासकर सोलर सिस्टम आधारित, मरम्मत के अभाव में बंद पड़ी हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से गर्मी को देखते हुए शीघ्र जलमीनारों की मरम्मत सुनिश्चित करने की मांग की। अधिकारियों ने इस पर संज्ञान लेते हुए शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। जिलाध्यक्ष ने यह भी बताया कि जल्द ही कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल इस मुद्दे पर पेयजल एवं स्वच्छता मंत्री से मिलकर खराब जलमीनारों के दस्तावेज सौंपेगा। उन्होंने सभी प्रखंड व मंडल अध्यक्षों का आभार जताया जिन्होंने खराब जलमीनारों की सूची और फोटो उपलब्ध कराए। इस अवसर पर प्रदेश सचिव राकेश कुमार तिवारी समेत कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित थे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।