किराएदार बन पहुंचे बाइक सवार ने महिला से झपट ली चेन
धनबाद के सरायढेला वृंदावन कॉलोनी में दो लड़के मकान की तलाश में आए। एक महिला से पूछताछ करते समय एक उचक्के ने उसके गले से सोने की चेन झपट ली। महिला के बेटे ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने...

धनबाद, मुख्य संवाददाता मुहल्ले में मकान खोजने की बात कहते हुए बाइक सवार दो लड़के गुरुवार की शाम सरायढेला वृंदावन कॉलोनी पहुंचे। दोनों ने घर के बाहर बैठी एक महिला से किराए के मकान के संबंध में पूछताछ की। इसी बीच मौका पाकर एक उचक्के ने महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। महिला के पुत्र राजीव कुमार सिन्हा ने मामले की शिकायत सरायढेला थाना में की है। राजीव कुमार सिन्हा ने पुलिस को दिए शिकायत में बताया कि उनकी मां किरण सिन्हा शाम छह बजे अपने घर के बाहर बैठी थीं। दो लड़के बाइक से वहां पहुंचे। दोनों ने बगल के एक मकान के संबंध में पूछताछ की।
उनकी मां ने दोनों को बताया कि उस घर वाले का नंबर उनके पास नहीं है। इसी बीच एक उचक्के ने चेन छीनी और दोनों आठ लेन होते हुए मेमको मोड़ की तरफ भाग गए। राजीव की सूचना पर सरायढेला पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी की जांच शुरू की। धनबाद शहर में चेन छिनतई की घटनाएं कम होने का नाम ही नहीं ले रही हैं। अब छिनतई करने वाले मुहल्ले के अंदर घुस कर चेन झपट ले रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।