HSSC : हरियाणा में 25000 पदों पर भर्ती का रिजल्ट शपथ ग्रहण से पहले, 1.50 लाख कॉन्ट्रेक्ट कर्मियों को भी तोहफा संभव
- हरियाणा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि लगभग 25000 ग्रुप सी पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षाओं के परिणाम जल्द ही घोषित किए जाएंगे।

हरियाणा के निवर्तमान मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को कहा कि लगभग 25000 ग्रुप सी पदों के लिए हुई भर्ती परीक्षाओं के परिणाम जल्द ही घोषित किए जाएंगे। सैनी ने कहा कि यहां तक की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नयी सरकार के गठन से पहले ही परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे। पुलिस कांस्टेबल समेत 25562 पदों पर भर्ती की प्रक्रिया हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग की ओर से चलाई जा रही है। एचएसएससी अधिकारियों ने बताया है कि 3 अक्टूबर तक आयोग 26 कैटेगरी में 1.25 लाख उम्मीदवारों को भर्ती करने की प्रक्रिया पूरी कर चुका है।
नायब सिंह ने हरियाणा में भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता सौंपने के लिए राज्य के लोगों का आभार भी व्यक्त किया। सैनी कुरुक्षेत्र जिले के पिपली, लाडवा और बबैन अनाज मंडियों का दौरा करने के बाद संवाददाताओं से बात कर रहे थे। उन्होंने हाल ही में हुए हरियाणा विधानसभा चुनावों में लाडवा सीट से जीत दर्ज की थी।
उन्होंने घोषणा की कि चुनाव से पहले भाजपा द्वारा किए गए वादे के तहत नयी सरकार के शपथ ग्रहण से पहले ही लगभग 25,000 पदों के लिए परीक्षा परिणाम जल्द ही जारी किए जाएंगे। उनके साथ सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा, उपायुक्त राजेश जोगपाल और पुलिस अधीक्षक वरुण सिंगला भी थे। नयी सरकार 17 अक्टूबर को शपथ लेगी।
टाइम्स ऑफ इंडिया की खबर के मुताबिक हरियाणा सरकार के सूत्रों ने यह भी संकेत दिया कि 1.50 लाख अस्थायी या संविदा कर्मचारियों की नौकरी की सुरक्षा से संबंधित एक कानून लाया जा सकता है क्योंकि इस संबंध में अगस्त में सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार द्वारा एक अध्यादेश पारित किया गया था।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।