नम हवा ने मौसम में घोली ठंडक
सोमवार को मुंगेर का मौसम सुहावना रहा, जिसमें घने बादलों और पूर्वी हवाओं के चलते तापमान में गिरावट आई। अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहा। अगले कुछ दिनों में हल्की से...

मुंगेर, एक संवाददाता। सोमवार को सुबह से ही मुंगेर का मौसम सुहावना बना रहा। आसमान में घने बादलों की मौजूदगी और 18 किमी प्रति घंटा की अधिकतम गति से चल रही पूर्वी हवा ने तापमान में गिरावट लाकर लोगों को भीषण गर्मी से राहत दी। सुबह से ही सूरज की झलक नहीं दिखी, जिससे लोगों ने दिन की शुरुआत ठंडक और ताजगी के साथ की। हालांकि, दोपहर होते-होते हल्की धूप निकल आई, लेकिन उसका मौसम पर कोई खास प्रभाव नहीं पड़ा। वातावरण में नमी बनी रही और पूर्वी हवाओं के चलते गर्मी महसूस नहीं हुई। शहरवासियों ने दिनभर खुशनुमा मौसम का आनंद लिया।
वेदर डॉट कॉम के अनुसार सोमवार को मुंगेर के अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की कमी आई। इससे वह 31 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर आ गया। जबकि, न्यूनतम तापमान पूर्व की भांति 26 डिग्री सेल्सियस पर बना रहा। मुंगेर में 24 घंटे के दौरान 2.3 मिमी तक वर्षा होने के भी अनुमान हैं। वहीं, आज भी मुंगेर में बारिश होने की संभावना बनी हुई है। आज भी आसमान में बादल छाए रहेंगे एवं हल्की पूर्वी हवा चलेगी। हवा की अधिकतम गति आज भी 18 किमी प्रति घंटा रहने के अनुमान हैं। इसके साथ ही आज मुंगेर की अधिकतम तापमान में 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। ऐसे में मुंगेर का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। जबकि, न्यूनतम तापमान के 26 डिग्री सेल्सियस के स्तर पर ही बने रहने की संभावना है। पूर्वी हवाओं के सक्रिय रहने के कारण अगले एक-दो दिनों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है। साथ ही, बारिश की स्थिति में तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। स्थानीय नागरिकों और किसानों के लिए यह मौसम काफी राहत भरा साबित हो रहा है। खेतों में बुआई की तैयारी कर रहे किसानों को संभावित वर्षा से लाभ मिलेगा, वहीं आमजन को भी गर्मी से कुछ दिन के लिए निजात मिल सकती है। मौसम विभाग के अनुसार तो पूर्वी बिहार के अन्य जिलों की तरह मुंगेर में भी नमी युक्त हवाएं अगले कुछ दिनों तक सक्रिय रहेंगी, जिससे वातावरण में ठंडक बनी रहेगी। ऐसे में नागरिकों को सलाह दी गई है कि, वे मौसम की स्थिति को देखते हुए बाहर निकलें और आवश्यकतानुसार छाता या रेनकोट साथ रखें। फिलहाल, मुंगेर में मौसम का यह बदलाव गर्मी से जूझ रहे लोगों के लिए एक सुखद बदलाव बनकर आया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।