संवाद के जरिए महिलाओं को अधिकारों के प्रति किया गया जागरूक
दहेज प्रथा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का भी आह्वान , जिले में महिला संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहे हैं। शुक्रवार को सदर प्रखंड के किनारी पंचायत में आयोजित संवाद...

दहेज प्रथा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का भी आह्वान सदर प्रखंड के किनारी पंचायत में संवाद कार्यक्रम का हुआ आयोजन जहानाबाद , हिंदुस्तान प्रतिनिधि। जिले में महिला संवाद कार्यक्रम लगातार आयोजित किया जा रहे हैं। शुक्रवार को सदर प्रखंड के किनारी पंचायत में आयोजित संवाद कार्यक्रम में महिला एवं बाल विकास निगम के कर्मियों सहित विभिन्न संस्थाओं के कर्मियों ने महिलाओं को उनके हित की योजनाओं के बारे में जरूरी जानकारियां देकर उन्हें कई अन्य उपयोगी जानकारियां देकर जागरूक करने की कोशिश की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं एवं जीविका दीदियां शामिल हुईं। इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक प्रियंका सिंह ने महिला एवं बाल विकास निगम द्वारा संचालित प्रमुख योजनाओं की जानकारी साझा की।
उन्होंने महिलाओं को अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न स्तरों पर योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिनका लाभ महिलाओं को समय पर लेना चाहिए। वन स्टॉप सेंटर की केन्द्र प्रशासक ज्योत्सना कुमारी ने वन स्टॉप सेंटर द्वारा प्रदान की जाने वाली सेवाओं जैसे कानूनी सहायता, परामर्श, चिकित्सा सेवा एवं पुलिस सहायता के बारे में विस्तार से जानकारी देकर महिलाओं को जरूरत पड़ने पर बेहिचक लाभ उठाने को प्रेरित किया। उन्होंने महिला हेल्पलाइन टोल-फ्री नंबर 181 के उपयोग की जानकारी दी और बताया कि किसी भी आपात स्थिति या समस्या की स्थिति में महिलाएं इस नंबर पर तत्काल सहायता प्राप्त कर सकती हैं। उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा एवं अन्य सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध जागरूकता फैलाने का भी आह्वान किया। जिला हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वीमेन के जेंडर स्पेशलिस्ट शैलेश कुमार ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना, मुख्यमंत्री बालिका पोशाक योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना आदि की जानकारी दी। उन्होंने योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया तथा लाभों के बारे में विस्तारपूर्वक चर्चा की। कार्यक्रम में जीविका दीदियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण महिलाएं उपस्थित रहीं, जिन्होंने इन जानकारियों को उपयोगी बताते हुए ऐसे आयोजनों की निरंतरता की अपेक्षा की। एक दूसरे को प्रेरित कर रही महिलाएं संवाद कार्यक्रम में जीविका समूहों से जुड़ी महिलाएं मंच पर अपनी जीवन संघर्ष यात्रा को आपस में साझा कर एक दूसरे को बेहतर करने को प्रेरित कर रही हैं। काको के खालिसपुर के महिला संवाद कार्यक्रम में जीविका समूह की सदस्य प्रमिला कुमारी ने बताया कि उनका जन्म होते ही उनके पिता ने उन्हें और उनकी मां को त्याग दिया था। अत्यंत कठिन परिस्थितियों में उनकी मां ने जीविका समूह से जुड़कर उन्हें पाला-पोसा और बीए तक पढ़ाई करवाई। राज्य सरकार की पोषाक योजना, साइकिल योजना, छात्रवृत्ति योजना आदि की सहायता से प्रमिला ने आगे की पढ़ाई पूरी की। वर्तमान में वे अपने गांव में सीसीए (कम्युनिटी कोऑर्डिनेटर) के रूप में कार्यरत हैं और भविष्य की तैयारी कर रही हैं। संवाद कार्यक्रमों से गांवों की महिलाओं का अच्छा ज्ञानवर्द्धन हो रहा है, जिससे वे अपने हक की योजनाओं को ले जागरूक हो रही हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।