Notification Icon
Hindi Newsबिहार न्यूज़Bihar flood Ganga Kosi rivers crossed red mark in Seemanchal

Bihar Flood: सीमांचल में गंगा-कोसी समेत 4 नदियां लाल निशान पार, घर छोड़ गांव से शहर आ रहे पीड़ित

गंगा में लगातार बढ़ते पानी से भागलपुर के दियारा क्षेत्र में पानी फैल गया है। फसलें डूब गईं हैं। वहां रहने वाले लोग नाव से सुरक्षित स्थान तक पहुंच रहे हैं। केन्द्रीय जल आयोग ने पूर्वानुमान जताया है कि सोमवार को भागलपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर हो सकता है।

Sudhir Kumar हिन्दुस्तानMon, 12 Aug 2024 04:19 AM
share Share

कोसी, सीमांचल और पूर्वी बिहार के जिलों में नदियों के जलस्तर में वृद्धि रविवार को भी जारी रही। खगड़िया में गंगा और गंडक नदी खतरे के निशान से ऊपर हो गई है तो कटिहार में कोसी और बरंडी नदी लाल निशान के पार बह रही है। भागलपुर में हर जगह गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। यहां गंगा खतरे के निशान से महज 26 सेमी नीचे रह गई है।

गंगा में लगातार बढ़ते पानी से भागलपुर के दियारा क्षेत्र में पानी फैल गया है। फसलें डूब गईं हैं। वहां रहने वाले लोग नाव से सुरक्षित स्थान तक पहुंच रहे हैं। केन्द्रीय जल आयोग ने पूर्वानुमान जताया है कि सोमवार को भागलपुर में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर हो सकता है। कहलगांव और सुल्तानगंज में गंगा लाल निशान पार कर चुकी है। यहां और पानी बढ़ेगा।

सुपौल में कोसी नदी के जलस्तर में वृद्धि जारी है। जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता वरुण कुमार ने बताया कि जलस्तर में वृद्धि हो रही है लेकिन अभी खतरा नहीं है। खगड़िया के परबत्ता व गोगरी में सैकड़ों एकड़ में लगी फसलें डूब गईं हैं। कटिहार के कुरसेला, अमदाबाद, बरारी और मनिहारी के निचले इलाके में लोगों को बाढ़ की चिंता सताने लगी है। अधीक्षण अभियंता दीपक कुमार ने बताया कि कोसी नदी खतरे के निशान से 62 सेमी और बरंडी नदी 35 सेमी ऊपर हो गई है।

शहर आने लगे गांवों के लोग

भागलपुर के शंकरपुर, बिंदटोली दियारा आदि जगहों से लोग बड़ी संख्या में पशु, घर के सामान आदि के साथ शहरी सीमा में आ रहे हैं। वे विश्वविद्यालय परिसर को अपना ठिकाना बना रहे हैं। उधर, सबौर क्षेत्र में बगडेर में पानी घुस गया है और लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। कुछ लोगों ने परेशानी से बचने के लिए दूसरी जगहों पर शरण ली है। वरीय उपसमाहर्ता आपदा प्रबंधन मीनाक्षी कुमारी ने बताया कि हर जगह की स्थिति पर नजर है। गंगा का जलस्तर बढ़ा है और कुछ जगहों पर खतरे के निशान से ऊपर भी है। लेकिन अभी बाढ़ की स्थिति नहीं है।

ये भी पढ़े:लाल निशान के ऊपर गंगा, पटना के घाटों की जलसमाधि; कई जिलों में बाढ़ जैसे हालात

आज गंगा खतरे के निशान को कर सकती है पार

भागलपुर में भी गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी जारी है। रविवार को भागलपुर जिले में हर जगह गंगा के जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज की गई। भागलपुर में गंगा खतरे के निशान से महज 26 सेमी नीचे रह गई है। भागलपुर का जलस्तर 33.42 पर पहुंच गया है। वहीं कहलगांव और सुल्तानगंज में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। कहलगांव में रविवार को जलस्तर 31.42 मीटर मापा गया। इधर, गंगा में लगातार बढ़ते पानी से दियारा क्षेत्र पूरी तरह से पानी से भर गया है। फसलें डूब गई हैं। वहां रहने वाले लोग नाव से सुरक्षित ठिकाने तक पहुंच रहे हैं। केन्द्रीय जल आयोग की ओर से पूर्वानुमान में बताया गया कि सोमवार को भागलपुर का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर हो सकता है। कहलगांव और सुल्तानगंज में पानी और बढ़ेगा।

कहलगांव में गंगा का जलस्तर खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊप

इधर कहलगांव में गंगा के जलस्तर में वृद्धि का दौर जारी है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार प्रति दो घंटे में एक सेंटीमीटर की बढ़त के साथ गंगा का जलस्तर रविवार की संध्या छह बजे तक 31.44 मीटर पर जा पहुंचा था। जो खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊपर पहुंच गया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार गंगा के जलस्तर में बढ़त रहने की संभावना व्यक्त की गई है। बीरबन्ना पंचायत के मुखिया प्रतिनिधि संजय मंडल और प्रशास्तडीह पंचायत के मुखिया अतुल पांडे ने प्रशासन से नौका की मांग की है। ताकि लोगों को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र से निकाला जाए।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें