VTR के वनकर्मियों पर महिलाओं से मारपीट का आरोप, सड़क पर बवाल; बिहार-यूपी को जोड़ने वाला NH-727 जाम
- बगहा में वीटीआर के वन कर्मियों की तानाशाही के विरोध में बिहार-यूपी को जोड़ने वाले नेशलन हाइवे - 727 को लोगों ने जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण गोरखपुर-बेतिया मुख्य सड़क पर उतर आए हैं।
पश्चिम चंपारण के बगहा में वाल्मीकि टाइगर रिजर्व यानी वीटीआर के वन कर्मियों पर मारपीट करने के संगीन आरोप लगे हैं। यह आरोप लगने के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए हैं और मंगलवार को नाराज लोग सड़क पर उतर आए। बगहा में वीटीआर के वन कर्मियों की तानाशाही के विरोध में बिहार-यूपी को जोड़ने वाले नेशलन हाइवे - 727 को लोगों ने जाम कर दिया। आक्रोशित ग्रामीण गोरखपुर-बेतिया मुख्य सड़क पर उतर आए हैं। बताया जा रहा है कि जंगल में लकड़ी चुनने गई महिलाओं के साथ वीटीआर कर्मियों पर मारपीट करने और बदसलूकी करने का आरोप है। इसी मामले में नाराज होकर स्थानीय लोगों ने सड़क पर उतर प्रदर्शन किया है।
आक्रोशित लोगों ने मदनपुर रेंज का घेराव किया है और बगहा क एसपी और एसडीएम को बुलाने की मांग की है। लोगों के हंगामे को देखते हुए नौरंगिया थानाध्यक्ष दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे हैं। बताया जा रहा है कि यहां महादलित बस्ती में रहने वाले गरीब तबके के लोग बरसों से जंगलों में लकड़ी चुनने का काम करते आए हैं। इसी कड़ी में लोगों का आरोप है कि मदनपुर वन विभाग की टीम में शामिल महिला आरक्षी और अन्य वन कर्मियों के द्वारा उनके साथ बदसलूकी की गई है।
इन लोगों का यह भी कहना है कि उनकी बेरहमी से पिटाई की गई है। यह लोग शरीर पर जख्म के निशान होने का भी दावा कर रहे हैं। महिलाओं का आरोप है कि उनके बच्चों की भी पिटाई की गई है। इसी बात से नाराज सैकड़ों की संख्या में लोगों ने मदनपुर रेंज का घेराव कर दिया है। इस बीच यूपी-बिहार को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को जाम कर दिया गया है। आक्रोशित लोग वहां उच्च अधिकारियों को बुला कर न्याय की मांग कर रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।