इलाज में लापरवाही पर नपेंगे जिम्मेदार डॉक्टर व कर्मी : प्राचार्य
Sultanpur News - सुलतानपुर के स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में प्राचार्य प्रो. सलिल कुमार श्रीवास्तव ने मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए रात में औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने...

सुलतानपुर,संवाददाता। स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर गुरुवार की रात प्राचार्य प्रो. सलिल कुमार श्रीवास्तव ने पुरुष व महिला विंग के दोनों सीएमएस के साथ औचक निरीक्षण किया। रात्रि निरीक्षण से डॉक्टरों व कर्मियों में अफरातफरी मच गई। इस बीच उन्होंने सभी चिकित्सकों व कर्मियों को लापरवाही से दूर रहकर मरीजों का प्राथमिकता से इलाज करने की नसीहत दी। लापरवाही उजागर होने पर सेवा समाप्त करने की भी चेतावनी दी। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य ने कहा कि जनपद मुख्यालय पर स्थित जिला पुरुष व महिला अस्पताल को एक अप्रैल 2023 से मेडिकल कॉलेज में चिकित्सा शिक्षा विभाग की ओर से मर्ज कर लिया गया।
जिसके बाद से मेडिकल कॉलेज में 24 घंटे इमरजेंसी ओपीडी व जांच सुविधाएं शुरू करा दी गई। जूनियर, सीनियर रेजीडेंट, सहायक आचार्य व विभागाध्यक्षों की भी नियुक्ति की गई। चिकित्सकों व स्वास्थ्य कर्मियों का संकट दूर करते हुए नई बहुमंजिला बिल्डिंग में सेवाएं शुरू करा दी गई। दवा व अन्य सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराई गई है। इसके बाद भी कुछ कर्मचारी अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहे हैं। वह मनमानी कर रहे हैं। अब उन्हें मेडिकल कॉलेज के नियमानुसार काम करना होगा। जिसको पसंद नहीं है वह छोड़कर चला जाए। अब तक सुबह-शाम के साथ रात्रि में भी औचक निरीक्षण किया जाएगा। जो भी लापरवाही व गड़बड़ियों में संलिप्त मिलेगा उसकी सेवा समाप्त कर दी जाएगी। प्राचार्य ने ब्लड बैंक, सभी वार्ड, औषधि भंडारण, डियूटी करने वाले कर्मियों के साथ व्यवस्थाओं की हकीकत को परखा। इसके साथ ही प्रो. डॉ. सलिल ने पुरुष व महिला दोनों विंग के सीएमएस डॉ.आरके मिश्र व डॉ.आरके यादव से गहनता से जानकारी ली।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।