वंदे मातरम् और भारत माता की जयघोष से शुरू हुई तिरंगा शौर्य यात्रा
Sitapur News - सीतापुर में तिरंगा शौर्य यात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें मां भारती के रणबांकुरों का सम्मान किया गया। यात्रा का नेतृत्व मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने किया। इस दौरान भारतीय सेना की बहादुरी और ऑपरेशन...

सीतापुर, संवाददाता। सूर्य के अस्ताचलगामी होते ही शहर का प्रमुख बाजार वंदे मातरम् और भारत माता की जयघोष से गुंजायमान हो उठा। मौका था मां भारती के जांबाज रणबांकुरों के सम्मान में निकाली जाने वाली तिरंगा शौर्य यात्रा का। सरोजनी वाटिका से शुरू हुई इस विशाल तिरंगा शौर्य यात्रा का समापन अटल चौक पर हुआ। इस यात्रा का नेतृत्व जिले के प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने किया। यात्रा में मंत्रियों, विधायकों, भाजपा नेताओं, संस्कृत विद्यार्थियों, व्यापारियों, महिलाओं, युवाओं सभी वर्गों के लोगों ने प्रतिभाग किया। सरोजनी वाटिका से शुरू हुई यात्रा जब आंख अस्पताल के पास पहुंची तो अस्पताल के गेट के निकट स्थापित शहीद वीर अब्दुल हमीद की प्रतिमा पर माल्यापर्ण कर प्रभारी मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने उन्हें अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
यात्रा में लोगों ने ‘सिंदूर का सम्मान, आतंक का विनाश स्लोगन लिखी हुई तख्तियां लिए हुए थे। इस मौके पर प्रभारी मंत्री ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सेना की सफलता में जिस शौर्य और पराक्रम का परिचय दिया है, उसकी जितनी सराहना की जाए वह कम है। अपने प्राणों की परवाह किए बिना जंग के मैदान में उतरने का साहस भारतीय सेना ही दिखा सकती है। भारत की सेना पर हर देश के हर एक निवासी को गर्व करना चाहिए। इन्हीं भारतीय सैनिकों के शौर्य और पराक्रम के द्वारा ही ऑपरेशन सिंदूर सफल हो सका है। यात्रा में शामिल हुए भाजपा प्रदेश मंत्री देवेश कोरी ने बताया कि आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारतीय सेना ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए आतंकवाद के ठिकानों ध्वस्त कर दिया है। जिससे आतंकवादियों के हौसले जमींदोज हो गए हैं। कारागार मंत्री सुरेश राही ने बताया कि भारत की वीर सेना ने ऑपरेशन सिंदूर के द्वारा पाकिस्तान को धूल चटा दी है। पाकिस्तानी आतंकवाद को मुंहतोड़ जवाब देने वाले सैनिकों के पराक्राम की किसी से तुलना नहीं की जा सकती है। सभी लोग भारत की वीर सेना के प्रति सम्मान का भाव रखते हुए यात्रा में शामिल हुए हैं। देश का प्रत्येक नागरिक ऑपरेशन सिंदूर में भारत की सफलता पर सैनिकों को प्रणाम कर रहा है। आज भारतीय सैनिकों का शौर्य का परचम पूरी दुनिया में लहरा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष राजेश शुक्ला ने बताया कि देशभक्ति ही हमारी असली पहचान है हम अपने भारतवर्ष से अटूट प्रेम करते हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।