दबंगों ने पुलिस को दौड़ाया, एंबुलेंस का शीशा तोड़ा
Prayagraj News - हनुमानगंज के जमुनीपुर बिंद बस्ती में बच्चों के विवाद के चलते दो पक्षों में जमकर मारपीट हुई। पुलिस की पहुंचने पर भी दबंगों ने ईंट-पत्थर से हमला किया। एंबुलेंस का शीशा तोड़ दिया गया और कई राउंड फायरिंग...

हनुमानगंज, हिन्दुस्तान संवाद। सरायइनायत थानाक्षेत्र के जमुनीपुर बिंद बस्ती में गुरुवार शाम बच्चों के विवाद में दो पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस और रोवर पुलिस को दबंगों ने ईंट पत्थर लेकर दौड़ा लिया। घायलों के लेने पहुंची एंबुलेंस का शीशा भी तोड़ दिया। इस दौरान काफी देर तक अफरातफरी मची रही। इस दौरान कई राउंड फायरिंग की भी चर्चा रही।
बिंद बस्ती के रतई बिंद और संतोष बिंद के बीच बच्चों के विवाद में शाम पांच बजे कहासुनी हुई। कुछ लोगों ने उस समय बीचबचाव कर विवाद को सुलह करा दिया था लेकिन शाम 6:30 बजे एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और जमकर मारपीट होने लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक मारपीट के दौरान लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर के साथ कई राउंड फायरिंग भी की गई। कुछ लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम और एंबुलेंस को सूचित कर दिया। पीआरवी पुलिस के पहुंचने पर उन्हें भी ईंट पत्थर लेकर दौड़ा लिया गया। एंबुलेंस का भी शीशा तोड़ दिया गया। पीआरवी पुलिस खुद को फंसते देखा तो पुलिस कंट्रोल रूम के अलावा थाने की पुलिस को भी फोन करने लगे। वहां पहुंचे 112 नंबर के पुलिस कर्मियों ने बताया बार-बार फोन करने पर इलाके के चौकी प्रभारी गुरु प्रसाद प्रजापति पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि मारपीट करने वाले दबंगों की गिरफ्तारी के बजाए चौकी प्रभारी खोखा खोजने लगे। जिससे स्थानीय लोग भड़क गए। बहरहाल पुलिस ने मौके से किसी को गिरफ्तार नहीं कर सकी। मारपीट में एक पक्ष से बिंदु बिंद (42) तथा दूसरे पक्ष से ननका बिंद (21) घायल हुए हैं ।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।