ट्रैक्टर द्वारा रौंदने से दो चचेरे भाइयों की मौत
Mathura News - मथुरा के छटीकरा में एक सड़क हादसे में दो चचेरे भाइयों सूरज (23) और जितेंद्र (26) की मौत हो गई। दोनों कोसीकलां में ईंट भट्ठे पर काम करते थे। हादसे के समय वे वाहन का इंतजार कर रहे थे, तभी तेज रफ्तार...

छटीकरा (मथुरा)। थाना जैंत के अंतर्गत हाइवे पर केडी डेंटल हॉस्पिटल के समीप बुधवार देर रात हादसे में अवैरनी, बलदेव निवासी दो चचेरे भाइयों की मौत हो गयी। इसकी जानकारी होने पर परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। थाना प्रभारी निरीक्षक जैंत अश्वनी कुमार ने बताया कि गांव अवैरनी, बलदेव निवासी सूरज (23) अपने चचेरे भाई जितेंद्र (26) के साथ बुधवार रात करीब नौ बजे गांव कोटा-छरौरा के समीप से कोसीकलां जाने के लिये वाहन का इंतजार कर रहे थे। तभी ट्रैक्टर चालक ने तेजी व लापरवाही से चलाते हुए दोनों को टक्कर मार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
हादसे की सूचना पर पहुंची इलाका पुलिस ने राहगीरों की मदद से घायलों को उपचार के लिये अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार के दो युवकों की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्रभारी निरीक्षक जैंत अश्वनी कुमार ने बताया कि मृतक परिवारिक भाई थे, कहीं मजदूरी करते थे। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। ट्रैक्टर को पुलिस ने कब्जे में कर थाने पर खड़ा कर लिया है। पुलिस ट्रैक्टर चालक की तलाश कर रही है। दोनों करते थे कोसीकलां में भट्ठे पर मजदूरी दोनों चचेरे भाई कोसी ईंट भट्ठा पर मजदूरी करते थे। मृतक सूरज के भाई कृष्णा ने बताया कि उनका भाई सूरज व चचेरा भाई जितेंद्र कोसीकलां स्थित ईंट भट्ठा पर मजदूरी का कार्य करते थे। दोनों वहीं जा रहे थे। सूरज का रिश्ता हो गया था तय, जितेन्द्र था विवाहित मृतक सूरज के भाई कृष्णा ने बताया कि चचेरे भाई जितेंद्र की दो साल पहले शादी हुई थी। उस पर अभी कोई बच्चा नहीं था। वहीं भाई सूरज की शादी तय हो गई थी। अगले माह उसकी शादी होनी थी। परिवार में शादी की तैयारियां चल रही थीं। सूरज की मौत के बाद परिवार में शादी की खुशियां काफूर हो गयीं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।