Mahakumbh 2025: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ एक बार फिर प्रयागराज आ रहे हैं। यहां मौनी अमावस्या स्नान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगम की तैयारियां परखेंगे। महाकुंभ में अब तक 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालु त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा चुके हैं।
प्रयागराज महाकुम्भ में अब तक 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदी के त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा चुके हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने गुरुवार को यह जानकारी दी। एक बयान के अनुसार, 10 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का यह आंकड़ा बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे पार हो गया। जानें महाकुंभ से जुड़े लाइव अपडेट्स
23 Jan 2025, 10:22:43 PM IST
महाकुम्भ में दिख रही विविध संस्कृतियों की झलक
संगम स्नान के लिए आने वाले श्रद्धालुओं के जोश और उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है। पूरे देश और दुनिया से पवित्र त्रिवेणी में श्रद्धा और आस्था के साथ डुबकी लगाकर पुण्य प्राप्त करने के लिए प्रतिदिन लाखों की संख्या में श्रद्धालु आ रहे हैं। गुरुवार को कार्यदिवस होने के बावजूद पूरे महाकुम्भ मेला क्षेत्र में भक्तों का तांता लगा रहा। देश के विभिन्न प्रान्तों और विश्व के अनेक देशों से आए श्रद्धालुओं ने पवित्र संगम में स्नान किया। संगम के तटों पर इस समय पूरे देश की विविध संस्कृतियों की झलक देखने को मिल रही है।
23 Jan 2025, 10:02:05 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में भीड़ का प्रभावी प्रबंधन देख पूरी दुनिया चकित: शाह
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि दुनिया में कोई भी अन्य आयोजन सद्भाव एवं एकता के मामले में महाकुंभ जितना शक्तिशाली संदेश नहीं देता। यहां कोई भी व्यक्ति अपनी पहचान की परवाह किए बिना गंगा में स्नान कर सकता है। उन्होंने कहा, प्रयागराज में महाकुंभ का जिस पैमाने पर आयोजन किया गया है, उसे देखकर दुनियाभर के लोग आश्चर्यचकित हैं।
23 Jan 2025, 07:11:41 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में 1.21 लाख से अधिक लोगों ने निशुल्क आयुष परामर्श और दवाइयां
महाकुंभ 2025 में आयुष मंडप अंतरराष्ट्रीय आगंतुकों के लिए प्रमुख आकर्षण बना हुआ है और 1.21 लाख से अधिक लोगों ने निशुल्क आयुष परामर्श और दवाइयां दी गयी हैं। केंद्रीय आयुष मंत्रालय ने गुरुवार को यहां बताया कि प्रयागराज में महाकुंभ में श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों और आगंतुकों के लिए आयुष ओपीडी, क्लीनिक, स्टॉल और सत्र प्रमुख आकर्षण बन कर उभर रहे हैं। मंत्रालय ने राष्ट्रीय आयुष मिशन, उत्तर प्रदेश के सहयोग से इस महाकुंभ में आयुष सुविधाओं की एक श्रृंखला की व्यवस्था की है, जिसमें घरेलू और अंतरराष्ट्रीय श्रद्धालुओं को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। इन सुविधाओं पर 1.21 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने आयुष सेवाओं का लाभ उठाया है।
23 Jan 2025, 06:28:33 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में नई नवेली दुल्हन दो महीने बाद बनी संन्यासिनी
दुनिया का सबसे बड़ा आध्यात्मिक और सांस्कृतिक समागम महाकुम्भ में अलग-अलग तरह के संत-साध्वी देखने को मिल रहे है जो अचानक परिवार और ग्रहस्थ जीवन त्याग कर अध्यात्म का रुख कर रहे हैं। ऐसी ही एक साध्वी महाकुंभ के किन्नर अखाड़े में आयी है जिनकी शादी के दो महीने बाद ही वह संन्यासिनी बन चुकी हैं।
23 Jan 2025, 06:21:21 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में अव्यवस्थाएं, सरकार को साधु, संतों व श्रद्धालुओं की चिंता नहीं: अजय राय
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय ने आरोप लगाते हुए कहा है कि प्रयागराज में आयोजित महाकुंभ में काफी अव्यस्थाएं हैं। साधु, संतों और श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। राज्य सरकार को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने मांग की है कि महाकुंभ में खर्च बजट की जांच कराई जानी चाहिए।
23 Jan 2025, 05:35:03 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: अब तक 10 करोड़ श्रद्धालुओं ने लगाई त्रिवेणी संगम में डुबकी
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित किए जा रहे महाकुम्भ में अब तक 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालु गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती नदी के त्रिवेणी संगम में डुबकी लगा चुके हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। 10 करोड़ श्रद्धालुओं के डुबकी लगाने का यह आंकड़ा बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे पार हो गया।
यहां पढ़े पूरी खबर: 10 करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने लगाई आस्था का डुबकी
23 Jan 2025, 03:47:25 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: दक्षिण अफ्रीका से हजारों श्रद्धालुओं के महाकुम्भ में शामिल होने की उम्मीद
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में जारी महाकुम्भ में दक्षिण अफ्रीका से हजारों श्रद्धालुओं के जाने की उम्मीद है। जोहानिस्बर्ग में भारत के महावाणिज्यदूत महेश कुमार ने बुधवार शाम कहा, ''13 जनवरी को महाकुम्भ की शुरुआत के बाद से कुछ ही दिनों में उन लोगों के लिए सौ से ज्यादा वीजा जारी किए जा चुके हैं जो इसमें शामिल होने के इच्छुक हैं और कई लोगों ने इसमें शामिल होने के लिए अपने प्रवासी भारतीय नागरिकता (ओसीआई) कार्ड का इस्तेमाल किया है।''
23 Jan 2025, 03:30:45 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: पुनर्वास संबंधी परोपकारी सेवाओं के लिए भी जाना जाता है संस्थान
धर्मार्थ संस्था नरवन सेवा संस्थान पोलियो प्रभावित मरीजों के उपचार और उनके पुनर्वास संबंधी परोपकारी सेवाओं के लिए भी जाना जाता है। बलिया निवासी जयशंकर कुमार के दोनों पैर दो साल पहले गंभीर संक्रमण के कारण काटने पड़े थे और अब वह नई उम्मीद के साथ महाकुंभ पहुंचे हैं। उन्होंने कहा, ''अपने दोनों पैर खोने के बाद मैं बैसाखी के सहारे चलता हूं। चिकित्सकों ने सुझाव दिया कि मैं कृत्रिम अंग लगा सकता हूं, लेकिन वो महंगे हैं और मैं उनका खर्च नहीं उठा सकता। जब हमें पता चला कि ये अंग यहां मुफ्त में उपलब्ध होंगे, तो मैंने अपने परिवार के साथ कुंभ जाने का फैसला किया। हम यहां स्नान भी करेंगे।''
23 Jan 2025, 03:29:29 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में दिव्यांगों को मुफ्त मिल रहे कृत्रिम अंग, उपचार की भी सुविधा
महाकुंभ के लिए जहां भारी संख्या में श्रद्धालु प्रयागराज में उमड़ रहे हैं वहीं कई दिव्यांग लोग मुफ्त इलाज और कृत्रिम अंगों के प्रत्यारोपण के लिए भी यहां पहुंच रहे हैं। विभिन्न धार्मिक समूहों के शिविरों के बीच दिव्यांगों को राहत पहुंचाने के मकसद से काम करने वाली जयपुर की धर्मार्थ संस्था नरवन सेवा संस्थान ने भी यहां एक शिविर लगाया है। शिविर में चिकित्सक यहां आने वाले 'दिव्यांगों' की देखभाल में व्यस्त हैं और एक टीम उन दिव्यांगों के लिए कृत्रिम अंगों का माप ले रही है।
23 Jan 2025, 03:11:25 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: संगम स्नान के लिए जा रही मिनी बस ट्रक से टकराई, 24 श्रद्धालु घायल
उत्तर प्रदेश में कौशांबी जिले के कोखराज क्षेत्र में गुरुवार सुबह महाकुंभ के लिये मथुरा से जा रहे तीर्थयात्रियों से भरी एक मिनी बस ट्रक से टकरा गयी। इस हादसे में 24 लोग मामूली रुप से घायल हो गये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मथुरा से श्रद्धालुओं को लेकर महाकुंभ प्रयागराज संगम स्नान के लिए जा रही मिनी बस क्षेत्र के कल्यानपुर गांव के पास राष्ट्रीय मार्ग पर आगे जा रहे ट्रक से टकरा गई, जिससे उसमें सवार 24 श्रद्धालु घायल हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस प्राथमिक उपचार के बाद दूसरी बस से सभी को संगम स्नान के लिए रवाना कर दिया। बस में सवार श्रद्धालु डी डी अग्रवाल ने बताया कि बस बुधवार की शाम प्रयागराज के लिए रवाना हुयी थी कि कल्यानपुर के पास ट्रक में पीछे से टकरा गई। इस हादसे में बस सवार लालती देवी (50), रेशमा देवी (50), रामचरण (54), भगवती देवी (48), पुष्पा देवी (49), दिनेश कुमार (53), मोनू गुप्ता,नीलम (62) आदि घायल हो गए।
23 Jan 2025, 02:10:25 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महानिर्वाणी अखाड़े पर जारी किया लिफाफा
महाकुम्भ केंद्रीय डाकघर में प्रयागराज की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर को समर्पित विशेष कवर का विमोचन किया। साथ ही महानिर्वाणी अखाड़े पर भी कवर जारी किया गया। महानिर्वाणी अखाड़े के महासचिव श्रीमहंत रविंद्रपुरी ने डाक विभाग को कवर जारी करने के लिए धन्यवाद दिया।
23 Jan 2025, 01:52:12 PM IST
एआई चैट बॉट में जोड़े तीन नए फीचर
महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं को अब किसी भी सुविधा और जानकारी के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। चैटबॉट में तीन नए फीचर बढ़ाए गए हैं। एआई आधारित चैटबॉट श्रद्धालुओं को उनके एक किमी दायरे में पार्किंग, फूड कोर्ट और अस्पताल की सटीक जानकारी उपलब्ध कराएगा।
एआई चैटबॉट न केवल श्रद्धालुओं को महाकुम्भ की सम्पूर्ण मैपिंग दिखाएगा, बल्कि हर सेक्टर की विशेष जानकारी और गूगल मैप लिंक भी प्रदान करेगा। इस चैटबॉट के जरिए लोग पार्किंग, ट्रांसपोर्ट, बैंकिंग, पब्लिक वाटर एटीएम और अन्य सुविधाओं की जानकारी सेकेंडों में पा सकते हैं। चैटबॉट के जरिए श्रद्धालु अपनी सुविधा के अनुसार रियल टाइम पीडीएफ डाउनलोड कर सकते हैं।
23 Jan 2025, 01:31:32 PM IST
निरंजनी अखाड़े में साधुवेश में घुसा अराजकतत्व
श्री पंचायती निरंजनी अखाड़े की छावनी में भगवा कपड़े पहन संत वेश में अज्ञात व्यक्ति घुस गया। उसने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष को धमकी दी। इस दौरान मौजूद अनुयायियों ने उसे बाहर भगा दिया। वह किसी महिला को साध्वी बनाने का विरोध कर रहा था। उसका कहना था कि वो पश्चिमी परिधान में रहती है। उसे संत नहीं बनाना चाहिए। उसने अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी और महामंडलेश्वर स्वामी अन्नपूर्णा भारती को धमकी दी। स्वामी राम रतन गिरि का कहना है कि ऐसे शरारतीतत्वों की पहचान कर उन्हें सलाखों के पीछे भेजना होगा।
23 Jan 2025, 01:15:03 PM IST
रेलवे ने लंबी दूरी की 29 और ट्रेनें निरस्त की
मौनी अमावस्या और वसंत पंचमी स्नान पर्व पर आने वाली संभावित भीड़ को देखते हुए रेलवे ने ट्रैक खाली रखने का फैसला किया है। इसी क्रम में लंबी दूरी की 29 ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। दिल्ली-हावड़ा रूट की ट्रेनें सबसे ज्यादा प्रभावित हुई हैं। इससे पूर्व भी 29 ट्रेनों को निरस्त किया गया था। अब 58 ट्रेनों को निरस्त किया जा चुका है। इससे दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की समस्या बढ़ जाएगी।
23 Jan 2025, 01:01:41 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: 24 घंटे में दोगुना बढ़ गए मोनालिसा के फॉलोअर
महाकुम्भ में सोशल मीडिया पर सनसनी बनी इंदौर की मोनालिसा की लोकप्रियता तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में उसके अधिकृत इंस्टाग्राम एकाउंट मोनालिसा कुम्भ पर फॉलोअर की संख्या 10 लाख से अधिक हो गई। मोनालिसा के नाम पर इंस्टाग्राम पर कई एकाउंट चल रहे हैं, जिसे वह फर्जी बता रही है। मोनालिसा भोसले के नाम से एक अन्य एकाउंट पर 24 घंटे पहले दो लाख फॉलोअर थे। बुधवार रात इस एकाउंट पर फॉलोअर बढ़कर साढ़े चार लाख से अधिक हो गए। मोनालिसा के सभी अनाधिकृत एकाउंट पर औसत दो लाख से अधिक फॉलोअर हैं।
23 Jan 2025, 12:49:09 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: यहां भंडारे में परोस रहे नान, इडली और डोसा
संगमनगरी में भंडारे बहुत चल रहे हैं, लेकिन एक शिविर ऐसा भी है, जहां भंडारे में एकदम दिव्य भोजन मिलेगा। महाकुम्भ नगर के काली मार्ग पर जूना अखाड़े की निर्माण मंत्री सहज योगिनी शैलजा देवी का शिविर लगा है। जहां प्रतिदिन हजारों लोग प्रसाद पा रहे हैं। शिविर में जैसा भंडारा हो रहा है, वो एकदम अलग है। टेबल कुर्सी पर बैठे साधु संत और सामने नॉन, इडली, डोसा, सांभर, बटर नॉन, बेसन की रोटी, शाही पनीर, मटर पनीर जैसे व्यंजन परोसे जाते हैं।
23 Jan 2025, 12:30:41 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: वृंदावन की श्रद्धा मूर्ति गिरि बनीं महामंडलेश्वर
महानिर्वाणी अखाड़े में वृंदावन की महिला संत श्रद्धामूर्ति गिरि को महामंडलेश्वर बनाया गया। धर्म ध्वजा के नीचे सभी संतों ने पद देने से पहले संत का दूध और गंगा जल से अभिषेक किया। 21 वेद पाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया और सभी ने श्रद्धा मूर्ति गिरि को माला पहनाकर महामंडलेश्वर बनाया।
23 Jan 2025, 12:17:41 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: ट्रेनें निरस्त होने से सफर में आफत! सैंकड़ों बसें भी जा रहीं प्रयागराज, फरवरी तक ये ट्रेन कैंसिल
परिवहन सेवाओं पर ऐसा गृहण लगा है, जो हट नहीं रहा। ट्रेनों का संचालन पहले से प्रभावित है, अब रोडवेज बसों की कमी भी मुसाफिरों को सात फरवरी तक परेशान करेगी। 22 जनवरी से 510 बसों की रवाना शुरू हो गई। 27 जनवरी तक सभी बसें चली जाएंगी।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
23 Jan 2025, 12:02:05 PM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: धर्म जागरण यात्रा का हुआ आगमन
गुजरात के गुरु आश्रम से 22 फरवरी, 2024 को निकली धर्म जागरण यात्रा बुधवार को संगम पहुंची थी। यात्रा के समापन अवसर पर 31 जनवरी को संगम पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इस मौके पर 251 कलशों की शोभायात्रा निकाली जाएगी। प्रजापति समाज की ओर से यादे माता के नाम की धर्मध्वजा भी स्थापित की जाएगी।
23 Jan 2025, 11:39:37 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में मौनी अमावस्या और गणतंत्र दिवस की तैयारी जारी, मकर संक्रांति से ज्यादा भीड़ होगी जमा
मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं के लिए मकर संक्रांति से भी बेहतर इंतजाम किए जा रहे हैं। यातायात के साथ ही साफ-सफाई के लिए मैन पावर में बढ़ोतरी की जाएगी। डीजीपी प्रशांत कुमार ने बुधवार को संगम में स्नान के बाद जानकारी दी।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
23 Jan 2025, 11:22:48 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: मौनी अमावस्या पर हजारों विदेशी भक्त करेंगे स्नान
29 जनवरी को मौनी अमावस्या पर पुण्य की डुबकी लगाने के लिए 10 करोड़ लोगों के पावन त्रिवेणी के तट पर पहुंचने का अनुमान है। इस पुण्य और पावन अवसर का भागीदार बनने के लिए कई देशों से श्रद्धालु महाकुम्भ नगर आ रहे हैं। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के महामंडलेश्वर स्वामी शैलेशानंद गिरि बताते हैं कि अकेले उनके शिविर में इस पुण्य पर्व पर फ्रांस, इटली, जापान और रूस से 5000 से अधिक विदेशी भक्तों के लिए व्यवस्था की जा रही है।
23 Jan 2025, 11:00:47 AM IST
Mahakumbh 2025 LIVE: महाकुंभ में अयोध्या की तरह 'राम मंदिर' तैयार, दर्शन के लिए देना होगा शुल्क
महाकुम्भ नगर में अयोध्या की तरह बन रहा राम मंदिर (प्रतिकृति) अब तैयार हो चुका है। बुधवार को इसमें रामलला की प्रतिमा स्थापित कर दी गई, रामलला की प्रतिमा भी बिल्कुल अयोध्या के मंदिर जैसी ही है।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
23 Jan 2025, 10:41:28 AM IST
बुधवार को 47 लाख लोगों ने संगम में लगाई डुबकी
महाकुम्भ में पुण्य अर्जित करने की आस लिए आस्थावानों से सभी सड़के भरी दिखाई दे रही हैं। हर तरफ हाथ में झोला, सिर पर बैग लिए श्रद्धालु संगम की ओर बढ़ रहे हैं। आमदिनों में भी लाखों श्रद्धालु संगम में डुबकी लगा रहे हैं। बुधवार को शाम छह बजे तक तकरीबन 47 लाख श्रद्धालुओं ने स्नान किया। इनमें दस लाख से अधिक कल्पवासी भी शामिल हैं। मंगलवार तक 9.24 करोड़ आस्थावान संगम में पुण्य की डुबकी लगा चुके थे। इस प्रकार बुधवार शाम छह बजे तक स्नान करने वालों की संख्या 9.71 करोड़ पहुंच चुकी है।
23 Jan 2025, 10:28:58 AM IST
संगम स्नान को महाकुंभ पहुंचे रामनामी, शरीर पर गुदवाया राम, कौशल्या को मानते बहन
सिर पर मोरपंखी का मुकुट, बदन पर रामनामी चादर, पैर में घुंघरू और पूरे शरीर में राम नाम का गोदना, ऐसी वेशभूषा धारण किए रामनामी समुदाय के कुछ लोग बुधवार को संगम स्नान करने छत्तीसगढ़ से महाकुम्भ नगर पहुंचे।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
23 Jan 2025, 09:57:16 AM IST
इसरो ने महाकुम्भ की पहले और अब की तस्वीरें जारी कीं
इसरो ने बुधवार को महाकुम महाकुम्भ नगर में टेंट सिटी की पहले ने और बाद की उपग्रह तस्वीरें जारी कीं। इसमें महाकुम्भ की भव्यता दिखती हैं। इसरो ने बयान में कहा, ईओएस-04 सी बैंड माइक्रोवेव सैटेलाइट की टाइम सीरीज तस्वीरें 15 सितंबर 2023 और 29 दिसंबर 2024 की है। यह महाकुम्भ मेला 2025 के लिए स्थापित की जाने वाली टेंट सिटी के विवरण के साथ शिवालय पार्क का निर्माण दिखाया है।
23 Jan 2025, 09:32:14 AM IST
महाकुंभ यात्रियों को प्रयागराज से चेन्नई-मुंबई समेत चार शहरों के लिए मिलेगी सीधी फ्लाइट, देखें शेड्यूल
महाकुम्भ में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए एयर इंडिया और स्पाइस जेट ने बुधवार को नया फ्लाइट शेड्यूल जारी किया है। मुम्बई और दिल्ली के साथ अब चेन्नई, हैदराबाद शहरों से भी प्रयागराज के लिए फ्लाइट सेवा शुरू की गई।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
23 Jan 2025, 09:16:20 AM IST
महाकुम्भ में एक और हेलीकॉप्टर सेवा शीघ्र
उत्तर प्रदेश ईको टूरिज्म डेवलपमेंट बोर्ड की ओर से शीघ्र हेलीकाप्टर सेवा भी शुरूव की जाएगी, जिसका ट्रायल हो चुका है। श्रद्धालु आसमान की उंचाइयों से महाकुम्भ के दर्शन के साथ-साथ राज्य की समृद्ध प्राकृतिक विरासत से परिचित होंगे। यह जानकारी पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने दी। उन्होंने बताया कि प्रदेश में ईको टूरिज्म को शिखर पर पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
23 Jan 2025, 09:02:37 AM IST
Prayagraj Weather: कोहरे के बाद दिन में खिलेगी धूप, पारा बढ़ा, एक फरवरी तक शुष्क-गर्म रहेगा मौसम
माघ के महीने में बुधवार को फाल्गुन जैसा मौसम रहा। चटख धूप खिली तो ठंड के महीने में पसीना छूटने लगा। मौसम में हुए बदलाव से पांच दिन में अधिकतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस बढ़ गया। गुरुवार को भी ऐसा ही मौसम रहेगा।
यहां क्लिक कर पढ़ें पूरी खबर
23 Jan 2025, 09:01:23 AM IST
महाकुम्भ में अयोध्या की तरह 'राम मंदिर' तैयार
महाकुम्भ नगर में अयोध्या की तरह बन रहा राम मंदिर (प्रतिकृति) अब तैयार हो चुका है। बुधवार को इसमें रामलला की प्रतिमा स्थापित कर दी गई, रामलला की प्रतिमा भी बिल्कुल अयोध्या के मंदिर जैसी ही है। इसे देखकर अयोध्या के मूल राम मंदिर और महाकुम्भ मेला क्षेत्र के सेक्टर एक (परेड मैदान) के पास बने इसके प्रतिकृति में अंतर कर पाना बहुत मुश्किल हो रहा है।