आसमान से बरसी आग, जमीन पर झुलसे लोग
Hapur News - - लू के थपेड़ों और झुलसाती गर्मी में जीना हुआ दुश्वार, घर से बाहर निकले लोग छांव और ठंडे पानी की तलाश करते दिखे

सूरज के तेवर शनिवार को और उग्र हो गए। सुबह रिमझिम बारिश के बाद दोपहर में आसमान से आग बरसने लगी। अधिकतम पारा 40 डिग्री तक पहुंच गया। इस दौरान गर्मी से पस्त हुए लोग बचाव के लिए तरह-तरह से जतन करते नजर आए। घर से बाहर निकले लोग छांव और ठंडे पानी की तलाश करते दिखे। शनिवार को सुबह के समय न्यूनतम पारा 21 डिग्री तक रहा जो सुबह 11 बजे तक 24 डिग्री तक जा पहुंचा। हापुड़ में शनिवार की शुरूआत सुहाने मौसम के साथ हुई। आसमान में काले बादल छाए रहे, तेज रफ्तार से हवाएं चली। कुछ देर को रिमझिम बारिश हुई।
उम्मीद थी कि मौसम दिनभर सुहाना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। लेकिन सुबह 11 बजे ही मौसम पूरी तरह साफ हो गया। ठंडी हवाओं की जगह गर्म हवा चलने लगी। यह हवा लोगों के शरीर में तीखी चुभन का अहसास करा रही थी। दोपहर दो बजे तक पारा 40 डिग्री पर पहुंच गया। इससे गर्मी और बढ़ गई। बाजार की रौनक पर भी असर दिखा। गर्मी से बचने के लिए लोग विभिन्न उपाय करते रहे। जिधर छांव दिखाई देती, उधर ही चल रहे थे। लोग छाता और गमछा के के जरिये धूप से बचाव कर रहे थे। इस बढ़ती गर्मी में ठंडे पेय पदार्थों की मांग भी काफी बढ़ गई। रेलवे स्टेशन पर तेज धूप और गर्मी से बचने के लिए यात्रियों के समूह फुट ओवर ब्रिज के नीचे छांव में बैठे थे। मनुष्य ही नहीं पशु-पक्षी भी गर्मी से बेहाल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।