सिंचाई करते समय करंट की चपेट में आने से किसान की मौत
Gonda News - खरगूपुर के गांव चौखडिया में एक किसान राम बचन मौर्या गन्ने के खेत की सिंचाई करते समय करंट की चपेट में आ गया। इलाज के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव...

खरगूपुर, संवाददाता। थाना क्षेत्र के गांव चौखडिया के मजरे चौकियन पुरवा में शनिवार दोपहर गन्ने के खेत की सिंचाई कर रहा एक किसान अचानक करंट की चपेट में आ गया। आनन - फानन में उसे गांव के लोग इलाज के लिए स्थानीय सीएचसी ले जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं मौत के बाद परिजनों का रो - रोकर बुरा हाल है। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। घटना को लेकर लोग तरह - तरह की चर्चाएं भी कर रहे हैं।
बताया जाता है कि गांव निधि नगर के राम बचन मौर्या (45) अपने घर से सात किमी दूर ससुराल चौखडिया के मजरे चौकियन पुरवा में पिछले बीस वर्षों से रह रहे थे। वह वहीं रहकर खेतीबाड़ी करते थे। शनिवार दोपहर वह गन्ने के खेत की सिंचाई करने गए थे। विद्युत मोटर से गन्ने के खेत की सिंचाई कर ही रहे थे कि अचानक करंट की चपेट में आ गए। वह वहीं खेत में ही अचेत होकर गिर गए। आसपास खेत की सिंचाई कर रहे एक युवक ने देखा और गांव में सूचना दी। सूचना पाकर ग्राम प्रधान दिनेश कुमार सहित अन्य लोग राम बचन को स्थानीय सीएचसी ले जा रहे थे कि जहां रास्ते में उनकी मौत हो गई। मृतक के बड़े भाई ग्राम पंचायत निधिनगर निवासी राम नरेश मौर्य ने इसकी सूचना थाने पर दी है।उन्होंने बताया कि उनका छोटा भाई लगभग 20 वर्षो से यहां ससुराल में परिवार के साथ रहता था। थानाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए जिलामुख्यालय भिजवाया गया है। घटना की जांच की जा रही है। किसान की मौत से परिजन बेहाल : रामबचन सास - ससुर की मौत के बाद अपनी पत्नी और दो लड़के व दो लड़कियों के साथ ससुराल में ही रहते थे। मौत के बाद बड़ा लड़के उमेश कुमार (21) व छोटे बेटे दिनेश (14), बेटियां गुड़िया (17) व सरिता (12) के सिर से पिता का साया हट गया है। वहीं पत्नी सुमित्रा देवी भी पति को खोने के बाद रो - रोकर बेहाल हैं। वह रोते-रोते बेहोश हो जा रही हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।