कलेक्ट्रेट में 13.52 करोड़ के जलाए गए स्टांप
Basti News - बस्ती में 5000 से अधिक मूल्य के स्टांप को कलेक्ट्रेट परिसर में नष्ट किया गया। इनकी कुल कीमत 13 करोड़ 52 लाख 25 हजार रुपये थी। शासन के निर्देश पर इन स्टाम्पों को जलाया गया। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान की...

बस्ती। चलन से बाहर हुए 5000 से अधिक मूल्य के स्टांप को कलेक्ट्रेट परिसर में नष्ट किया गया। इसकी कुल कीमत 13 करोड़ 52 लाख 25 हजार रुपये थी। शासन ने इनको नष्ट करने का निर्देश दिया था। डीएम रवीश गुप्ता ने एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान की अध्यक्षता में कमेटी का गठन किया था। कमेटी ने अपने देखरेख में गुरुवार को इन स्टाम्पों को नष्ट करा दिया। शासन ने बस्ती में रखे पांच हजार से अधिक मूल्य वाले स्टांप की सूचना मांगी थी। इन स्टांपों को 30 अप्रैल 2025 को चलन से बाहर कर दिया गया था। इन स्टांपों में 10 हजार, 15 हजार और 25 हजार मूल्य के थे।
वित्त विभाग उत्तर प्रदेश ने इनको नष्ट करने का आदेश दिया था। एडीएम प्रतिपाल सिंह चौहान की अध्यक्षता में सीटीओ अशोक कुमार प्रजापति, सीओ सिटी सतेन्द्र भूषण तिवारी, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट राजेश कुमार यादव, एआईजी स्टांप के प्रतिनिधि की मौजूदगी में सभी स्टांपों को सहेजा गया। उसके बाद इनको कलेक्ट्रेट परिसर में जला दिया गया है। जलाने के दौरान कोई हादसा नहीं हो, इसको ध्यान में रखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी अपनी टीम के साथ मौके पर मौजूद रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।