Hindi Newsगैलरीशिखर धवन ने लिया संन्यास, जानिए उनके करियर की सबसे यादगार पारियां

शिखर धवन ने लिया संन्यास, जानिए उनके करियर की सबसे यादगार पारियां

  • शिखर धवन ने क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से संन्यास ले लिया है। धवन ने भारत के लिए 269 मैच खेले और लगभग 40 की औसत से 10,867 रन बनाए। घरेलू क्रिकेट में भी उनका प्रदर्शन शानदार रहा था और 2004 अंडर-19 विश्व कप में वह स्टार रहे थे। हालांकि उन्हें भारतीय टीम में जगह बनाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ा था।

Himanshu SinghSat, 24 Aug 2024 05:36 PM
1/5

शिखर धवन

शिखर धवन का करियर काफी अच्छा रहा है। बतौर बल्लेबाज उन्होंने भारत का तीनों फॉर्मेट में प्रतिनिधित्व किया और उन्हें इस पर गर्व है। वह भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में 12वें स्थान पर है। उन्होंने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 24 शतक और 79 अर्धशतक लगाये हैं। धवन ने अपने 12 साल के क्रिकेटर करियर के दौरान कई यादगार पारियां खेली हैं, यहां हम आपको उन कुछ चुनिंदा पारियों के बारे में बताने जा रहे हैं।

2/5

पूर्व सलामी बल्लेबाज शिखर धवन

शिखर धवन ने 2013 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मोहाली में 187 रनों की दमदार पारी खेली थी। उनकी इस पारी की मदद से भारत ने जीत दर्ज की थी। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीसरे टेस्ट में फॉर्म से जूझ रहे सहवाग की जगह ली और भारतीय बल्लेबाज द्वारा डेब्यू मैच में ही सबसे ज्यादा स्कोर बनाने का रिकॉर्ड बना दिया। ऑस्ट्रेलिया ने पहली पारी में 408 रन बनाए थे। धवन ने 187 रन की पारी के दौरान 33 चौके और दो छक्के जड़े। उन्होंने 85 गेंद में शतक लगाया था। इस पारी की बदौलत भारत 91 रन की बढ़त हासिल की और फिर ऑस्ट्रेलिया 223 पर आउट करके 6 विकेट शेष रहते मैच अपने नाम किया।

3/5

शिखर धवन

दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी में 114 रनों की पारी की मदद से धवन को अन्य प्रारूपों में भी जगह बनाने में मदद मिली। 2013 में रोहित और धवन बतौर ओपनर खेलने उतरे थे और फिर पीछे मुड़कर नहीं देखा। इस मैच में रोहित और धवन ने 127 रनों की साझेदारी की। धवन ने पहला शतक लगाया, जिससे भारत 7 विकेट पर 331 रन बनाने में कामयाब हुआ। धवन ने 94 गेंद में 12 चौके और एक छक्के की मदद से 114 रन बनाए। वह 2013 सत्र में सर्वाधिक रन (363) बनाकर भारत की चैंपियंस ट्रॉफी जीत में टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बने।

4/5

शिखर धवन

2015 में हुए वनडे विश्व कप में शिखर धवन ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 137 रन की पारी खेली थी। मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड पर डेल स्टेन और मोर्ने मोर्कल की मौजूदगी वाले दक्षिण अफ्रीकी तेज गेंदबाजी आक्रमण के खिलाफ धवन ने ताबड़तोड़ शॉट खेले। रोहित जीरो पर आउट हुए। उसके बाद धवन ने कोहली और रहाणे के साथ साझेदारी की। धवन ने 18 चौके और दो छक्के लगाए। धवन के आउट होने से पहले भारत ने 300 का स्कोर पार कर लिया था। धवन ने बेहतरीन पारी के साथ दो कैच भी लपके। भारत ने अफ्रीका को 177 पर ढेर कर दिया और 130 रन से जीत हासिल की थी।

5/5

शिखर धवन

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ओवल में 2019 विश्व कप में उनकी 109 गेंद में 117 रन की पारी शायद भारत के लिए उनकी अंतिम महत्वपूर्ण पारी थी। अफ्रीका को हराने के बाद भारत की भिड़ंत ऑस्ट्रेलिया से थी। इस मैच में धवन ने 95 गेंद में शतक लगाया। इस दौरान उन्होंने 16 चौके जड़े। ये आईसीसी टूर्नामेंट्स में उनका छठा और अंतिम शतक था। भारत ने 5 विकेट पर 352 रन बनाए और 36 रन से जीत हासिल की। इस मैच में शिखर धवन का अंगूठा टूट गया था और वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।