समझाने की कोशिश कर रहा था टोलकर्मी, चालक ने दौड़ा दी कार; एक किलोमीटर तक घसीटा
यमुना एक्सप्रेसवे के खंदौली टोल प्लाजा पर तैनात कर्मचारी को गुरुवार को जान के लाले पड़ गए। दादरी के चालक ने कार दौड़ा दी, जिससे टोलकर्मी बोनट पर गिर गया। आरोपी चालक इसी अवस्था में कार को एक किलोमीटर दूर तक तेजी से ले गया।

मुना एक्सप्रेसवे के खंदौली प्लाजा पर तैनात कर्मचारी को गुरुवार शाम जान के लाले पड़ गए। कार चालक ने कार दौड़ा दी। कर्मचारी कार के बोनट पर गिर गया। दादरी-नोएडा निवासी चालक कार को एक किलोमीटर तक दौड़ाकर ले गया। कार रुकी तो कर्मचारी गिर पड़ा। जख्मी हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा।
कर्मचारी ने फास्टैग ब्लैकलिस्ट होने पर कार रोकी थी। घटना शाम करीब साढ़े पांच बजे की है। आगरा से लेन एक में एक कार नोएडा की तरफ जा रही थी। कार यूपी 16 सीएच-5160 का फास्टैग ब्लैक लिस्ट था। टोल पर तैनात कर्मचारी ने चालक को इसकी जानकारी दी। आरोप है कि कार चालक ने गाली देना शुरू कर दिया। बैरियर खोलने के लिए कहा। कर्मचारी कार के पास आया। चालक को समझाने का प्रयास किया, तब कर्मचारी संतोष कार के सामने था, तभी चालक ने कार दौड़ा दी। बचने के लिए कर्मचारी उछला और कार के बोनट पर जा गिरा।
चालक कार को एक किलोमीटर तक दौड़ाते हुए ले गया। कर्मचारी को बोनट पर लटका देख चालक ने कार को लहराना शुरू कर दिया। तेजी से ब्रेक लगाए। कर्मचारी संतोष कार से एक्सप्रेसवे पर गिरा। गनीमत यह रही कि पीछे से आ रही किसी गाड़ी ने उसे चपेट में नहीं लिया। घटना के समय अन्य कर्मचारी भी टोल प्लाजा पर मौजूद थे। वे बुरी तरह घबरा गए। अपने साथी की मदद के लिए भागे। सिक्योरिटी को सूचना दी। कर्मचारियों को संतोष कुमार सड़क किनारे जख्मी हालत में मिला। उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा।
दादरी के युवक की है कार
पुलिस ने बताया कि कार नंबर के आधार पर एप की मदद से मालिक का नाम देखा गया। कार का पंजीकरण आशीष कुमार के नाम है। वह पुराना कठेरा रोड, दादरी (गौतमबुद्ध नगर) का निवासी है। उसकी जानकारी नोएडा पुलिस को भी दी गई है। एसीपी एत्मादपुर पियूष कांत राय ने बताया कि टोल कर्मी की तहरीर पर कार चालक के खिलाफ मुकदमा लिखा गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी चालक को पकड़ने के लिए थाना पुलिस की ओर से प्रयास किए जा रहे। जल्द आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दबंगों ने टोलकर्मी को पीटा था
इससे पहले पिछले साल नंवबर में यमुना एक्सप्रेसवे के दनकौर इलाके में थार सवार दबंगों ने टोलकर्मी के साथ मारपीट की थी। थार कार सवारों ने टोल बूथ के अंदर घुसकर टोलकर्मी पर हमला किया था। दबंगों ने टोल प्लाजा की रैंप पर बूम बैरियर को तोड़ दिया था। जब टोलकर्मियों ने इसका विरोध किया तो उन्होंने उनपर डंडे से हमला कर दिया। पीड़ित ने केबिन के अंदर घुसकर अपनी जान बचाई। इसके बाद बदमाशों ने तोड़फोड़ शुरू कर दी।