आबूलेन व्यापार संघ चुनाव से पहले एक गुट ने लगाया फर्जी वोट बनाने का आरोप
Meerut News - मेरठ में आबूलेन व्यापार संघ चुनाव में प्रदीप कुमार गुट ने फर्जी वोट बनाने के आरोप में कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया। उन्होंने जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपा, जिसमें 211 व्यापारियों की वोटर लिस्ट की जांच...

मेरठ, वरिष्ठ संवाददाता। आबूलेन व्यापार संघ चुनाव में आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है। चुनाव मैदान में उतरे प्रदीप कुमार गुट ने सोमवार को फर्जी वोट बनवाने को लेकर कलक्ट्रेट पर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी व एसएसपी को शिकायती पत्र सौंपा। प्रदीप गुप्ता ने पत्र में कहा कि संरक्षक ने 211 व्यापारियों की वोटर लिस्ट दी है, जब इसकी जांच की गई तो 170 वोट ही सही मिले। चुनाव अधिकारी दूसरे गुट की सुन रहे हैं। प्रदीप गुप्ता ने निष्पक्ष चुनाव कराने की मांग की। वहीं चुनाव लड़ रहे आकाश खन्ना गुट ने इन सभी आरोपों को झूठा करार देते हुए बताया कि 211 व्यापारियों के ही वोट के लिए आवेदन आए थे। कोई भी आवेदन पेंडिंग नहीं हैं। हार के डर से इस तरह के आरोप लगाए जा रहे हैं। आकाश खन्ना गुट की तरफ से महामंत्री पद पर खड़े सरदार राजवीर सिंह ने बताया कि चुनाव 30 अप्रैल को होना है। व्यापारियों में वोट डालने के लिए पूरा उत्साह है। एक-एक वोट आवेदन पत्रों की जांच करने के बाद ही बनाई गई है। इसके लिए व्यापारियों को पूरा समय दिया गया था।
प्रदीप गुप्ता गुट की तरफ से प्रदीप गुप्ता अध्यक्ष, मुकुल त्यागी महामंत्री और चितवन अरोड़ा कोषाध्यक्ष पद के लिए लड़ रहे हैं, जबकि आकाश खन्ना गुट की तरफ से आकाश खन्ना अध्यक्ष, सरदार राजवीर सिंह महामंत्री और गौरव सेठ कोषाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे हैं। 16 पदों पर होने वाले चुनाव में मीडिया प्रभारी सचिन रस्तोगी निर्विरोध चुने जा चुके हैं। अब 15 पदों के लिए चुनाव होगा।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।