मौसम का कहर, वज्रपात से 15 लोगों की मौत
मौसम :: झारखंड में मौसम का कहर, वज्रपात से छह की मौत - रांची में

वज्रपात से झारखंड में छह और उड़ीस में 9 लोगों की मौत, बोकारों में 44 मिमी बारिश - रांची में एक, हजारीबाग एक, पलामू एक, जामताड़ा एक, बोकारो में दो की मौत - गांवों में उड़े घरों के छप्पर, दर्जनों पेड़ गिरे, देवघर में मां मनसा मंदिर का गुंबद गिरा रांची/धनबाद/जमशेदपुर, हिटी। झारखंड में रांची समेत विभिन्न जिलों में शनिवार को आंधी-बारिश के दौरान वज्रपात से छह लोगों की मौत हो गई। वहीं करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। कई जगह सड़कों पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित रहा। कई जिलों में आंधी की वजह से घंटों बिजली गुल रही और घरों के छप्पर उड़ गए।
जानकारी के अनुसार, वज्रपात से हजारीबाग के चलकुशा में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि रांची के रातू में एक व्यक्ति की जान चली गई। पलामू के हुसैनाबाद में एक युवक की मौत हो गई। उधर, बोकारो के चंद्रपुरा घटियारी में मवेशी चरा रहे 65 वर्षीय बुजुर्ग शनिचर महतो की जान चली गई। बोकारो के ही पेटरवार में ठनका की चपेट में आकर सात साल की सुशीता कुमारी की मौत हो गई। उधर, जामताड़ा में महुआ पेड़ की डाली उठाने गए व्यक्ति की मौत वज्रपात से हो गई। वज्रपात से पलामू के हुसैनाबाद में तीन लोग घायल हो गए। वहीं बरही में 14 वर्षीय गुलाम मुस्तफा घायल हो गया। बोकारों में सर्वाधिक बारिश : राज्य के अन्य हिस्सों में भी आंधी-बारिश और वज्रपात की खबर है। वहीं शनिवार को सबसे अधिक बारिश बोकारों में 44 मिमी दर्ज की गई। देवघर में 16.5 मिमी, गोड्डा में 6 मिमी, हजारीबाग में 4.5 मिमी, रांची में 4.8 मिमी बारिश हुई। जबकि पिछले 24 घंटों के दौरान साहिबगंज में 20.2 मिमी, सिमडेगा में 20.0 समेत अन्य जगहों पर हल्की बारिश हुई। 21 तक जारी रहेगा मौसम का कहर : झारखंड में अगले चार दिन यानी 21 मई तक आंधी-बारिश के साथ वज्रपात का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। शनिवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 43.8, गढ़वा का 42.5, कोडरमा का 41, गोड्डा का 40.7, हजारीबाग का 39.9, चाईबासा 39.4, जमशेदपुर 38, रांची का 37.5, बोकारो का 34.1 डिग्री रहा। ओडिशा में बिजली गिरने से नौ लोगों की मौत भुवनेश्वर, एजेंसी। ओडिशा राज्य में आंधी-तूफान के बीच वज्रपात की घटनाओं में छह महिलाओं समेत नौ लोगों की मौत और कुछ अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार को वज्रपात से कोरापुट जिले में तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि जाजपुर और गंजम जिलों में दो-दो और ढेंकनाल और गजपति जिलों में एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई। राज्य सरकार ने अधिकारियों को शोक संतप्त परिवारों को शीघ्र वित्तीय सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए हैं। यूपी: लू से बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी लखनऊ, एजेंसी। उत्तर प्रदेश में इन दिनों भीषण गर्मी और ‘लू के प्रकोप को देखते हुए राज्य सरकार ने बचाव के लिए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। साथ ही लोगों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है। सीएम ने निर्देश दिया है कि श्रमिकों की निगरानी के लिए ‘मित्र प्रणाली तुरंत लागू की जाए। भारी श्रम कार्यों को सुबह या शाम के समय में कराया जाए। स्वास्थ्य विभाग ने लू से संबंधित बीमारियों के लक्षणों को भी पोस्टरों के माध्यम से साझा किया है। इनमें शरीर का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच जाना, लाल और सूखी त्वचा, चक्कर आना, मांसपेशियों में कमजोरी, सांस फूलना, सिरदर्द, घबराहट, मतली या उल्टी शामिल हैं। यदि किसी व्यक्ति को ये लक्षण दिखें तो उसे तुरंत छायादार जगह पर ले जाकर ठंडा पानी पिलाएं, संभव हो तो ठंडे पानी से नहलाएं और तुरंत एम्बुलेंस या चिकित्सक को बुलाएं। उत्तराखंड : पहाड़ों में बारिश, मैदानी इलाकों में गर्मी देहरादून, वरिष्ठ संवाददाता। उत्तराखंड के पांच पर्वतीय जिलों में रविवार को हल्की बारिश के आसार हैं। वहीं, मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ सकता है। मौसम विभाग के निदेशक डॉ. बिक्रम सिंह ने बताया कि उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की बारिश गर्जना के साथ हो सकती है। अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी इलाकों में 40 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। शनिवार को देहरादून, हरिद्वार, ऋषिकेश समेत अन्य इलाकों में गर्म हवाएं चलीं। देहरादून में अधिकतम तापमान 36.8 और पंतनगर में 37.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि मुक्तेश्वर में 26.2 और नई टिहरी में 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा। तेलंगाना में भारी बारिश के आसार हैदराबाद, एजेंसी। तेलंगाना में 24 घंटों के दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग ने हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटा और वर्षा के साथ बिजली चमकने का अनुमान जताया है। राज्य में बारिश का सिलसिला सात दिनों तक रहेगा। राजस्थान : श्रीगंगानगर में पारा 45 पार जयपुर, एजेंसी। राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर जारी है। श्रीगंगानगर में अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार इस दौरान पूर्वी राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की बारिश हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान में मौसम शुष्क रहा। सर्वाधिक बारिश 15 मिलीमीटर सरदारगढ़ (राजसमंद) में हुई। सर्वाधिक तापमान श्रीगंगानगर में 45.9 डिग्री सेल्सियस रहा। आगामी दो से तीन दिन जोधपुर, बीकानेर संभाग के सीमावर्ती क्षेत्रों में तेज धूल भरी हवाएं चलने का अनुमान है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।