दिल्ली में 5 दिन तूफानी हवा के साथ बारिश का अलर्ट; NCR में कैसा मौसम, 23 मई तक का हाल
Delhi Mausam: दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में शनिवार को आंधी-बारिश से काफी नुकसान हुआ। मौसम विभाग ने दिल्ली में आगे भी आंधी बारिश वाला मौसम रहने का अनुमान जताया है।

दिल्ली के साथ ही एनसीआर के इलाकों में शनिवार को दोपहर के वक्त आंधी-बारिश से काफी नुकसान हुआ। इस दौरान हवा की स्पीड करीब 74 किलोमीटर प्रतिघंटा देखी गई। इससे कई जगहों पर पेड़ उखड़ गए। इस वजह से लोगों को शाम तक भारी जाम से जूझना पड़ा। वहीं, दो अलग-अलग हादसों में तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं न्यू अशोक नगर में नमो भारत स्टेशन की छत को भारी नुकसान पहुंचा। छत उड़ जाने से रेल का संचालन रोकना पड़ा।
मौसम विभाग ने आने वाले घंटों के दौरान भी तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली में 5 दिन आंधी बारिश वाला मौसम रहेगा। मौसम विभाग ने दिल्ली में 18 मई यानी को बादल छाए रहने और दोपहर/शाम के समय गरज चमक के साथ हल्की बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। दिल्ली में 15 से 25 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से हवाएं चलेंगी। आंधी के दौरान हवा की स्पीड 35 किमी प्रति घंटे तक जा सकती है।
मौसम विभाग ने 19 और 20 मई को दिल्ली में मौसम खराब रहने की चेतावनी दी है। इन दोनों ही दिन दिल्ली में आंशिक रूप से बादल छाए रहने और तूफानी हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। दोनों ही दिन हवा की स्पीड 30 से 40 किमी प्रति घंटा देखी जाएगी। आंधी के दौरान हवा की स्पीड अस्थायी रूप से 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। इन दोनों ही दिन अधिकतम तापमान 38 से 40 डिग्री जबकि न्यूनतम 27-29 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया जा सकता है।
मौसम विभाग ने 21 से लेकर 23 मई तक दिल्ली में आंधी और बारिश वाला मौसम रहने का अनुमान जताया है। मौसम विभाग की मानें तो इन तीनों ही दिन तेज आंधी के साथ हल्की बारिश की संभावना है। हवा की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। यह आंधी के दौरान अस्थायी रूप से 50 किलोमीटर तक पहुंच सकती है। इन तीनों ही दिन दिल्ली में अधिकतम तापमान 37 से 40 डिग्री जबकि न्यूनतम 26 से 29 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग की मानें तो एनसीआर के गाजियाबाद, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, फरीदाबाद और गुरुग्राम में भी मौसम कमोबेश ऐसा ही रहने का अनुमान है। कुल मिलाकर कहा जा सकता है कि दिल्ली एनसीआर के लोगों को इस हफ्ते गर्मी से तो राहत मिलती रहेगी लेकिन आंधी मुश्किलें बढ़ा सकती है। आईएमडी ने रविवार को भी आंधी-तूफान के साथ हल्की बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। रविवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान 42 डिग्री और 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।