झारखंड वेदर: कोडरमा में पड़े ओले, गरज-बरस के साथ पारा गिरने से गर्मी की हुई छुट्टी
कोडरमा में तेज ओलावृष्टि के साथ-साथ तेज हवाएं भी चलीं। कल शनिवार को रांची समेत अलग-अलग जिलों में आंधी-बारिश के दौरान वज्रपात के चलते नौ लोगों की मौत हो गई थी।

झारखंड में मौसम ने करवटें लेकर लोगों को राहत पहुंचाई है। दोपहर करीब 1:30 बजे शुरू हुई बारिश से तापमान में गिरावट आया है। इससे रांची समेत राज्य के कई हिस्सों में लोगों ने राहत की सांस ली है। कोडरमा में तेज ओलावृष्टि के साथ-साथ तेज हवाएं भी चलीं। कल शनिवार को रांची समेत अलग-अलग जिलों में आंधी-बारिश के दौरान वज्रपात के चलते नौ लोगों की मौत हो गई थी।
आज रविवार को राजधानी रांची में एक बार फिर मौसम सुहाना हो गया है। दोपहर से हुई बारिश ने लोगों को ठंडक महसूस कराई। हालांकि इस बीच कई स्थानों पर वज्रपात होने की भी खबर भी सामने आई है, लेकिन गनीमत रही कि इससे जान माल को अब तक ज्यादा नुकसान होने की खबर सामने नहीं आई है।
बता दें कि शनिवार को भी वज्रपात आंधी और बारिश से राज्य प्रभावित हुआ था। वज्रपात की घटना से राज्य भर में करीब 9 लोगों ने अपनी जान गवा दी थी। मौसम विभाग में पहले ही यह पूर्वानुमान लगाया लिया है कि इस बार झारखंड में अच्छी बारिश होने की संभावना है। उम्मीद जताई जा रही है कि इस मानसून सीजन में पिछले बार के मुकाबले करीब 5% अधिक बारिश हो सकती है।
इधर कोडरमा में भी तेज हवा और गरज के साथ झमाझम बारिश हुई। ओले गिरने से मौसम तेजी से बदलता दिखा। आज यहां दोपहर को 40 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। तेज बारिश से तापमान गिरने से गर्मी से फौरी राहत तो मिल गई, लेकिन आंधी पानी के कारण पूरे शहर की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई थी।