गाजियाबाद: बच्चे की शैतानी पर सौतेली मां बनी हैवान; छोटी बहन से गोद लिए बेटे को गला दबाकर मारा
छोटी बहन ने पुलिस को शिकायत में बताया कि बच्चा शैतानी कर रहा था, इससे उसकी बड़ी बहन ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।

गाजियाबाद के ट्रोनिका सिटी थाना क्षेत्र से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां छोटी बहन से गोद लिए बच्चे को बड़ी बहन ने गला दबाकर मार दिया। हत्या के पीछे की वजह बेहद मामूली थी। छोटी बहन ने पुलिस को शिकायत में बताया कि बच्चा शैतानी कर रहा था, इससे उसकी बड़ी बहन ने उसकी पिटाई करनी शुरू कर दी और फिर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी।
दौलत नगर कालोनी में रहने वाली रहमती खातून के पति मास्टर रजी अहमद की वर्ष 2021 में मौत हो गई थी। वह औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक निजी फैक्टरी में नौकरी करती हैं। निसंतान होने के चलते उन्होंने आठ साल पहले अपनी छोटी बहन अजमती पत्नी मोहम्मद फारूक से चार साल के बेटे साहिल को गोद लिया था। अजमति बिहार के बेगुसराय के बरौनी जिला में गोविंदपुर गांव में रहने वाली है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम 12 वर्षीय साहिल चारपाई पर बेसुध अवस्था में मिला था। मामले की सूचना पर पुलिस साहिल को नाई पुरा स्थित संयुक्त अस्पताल लेकर पहुंची थी, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने साहिल के परिजन को सूचना देकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। एसीपी सिद्धार्थ गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर मौत होने की पुष्टि हुई है।
साहिल के शरीर पर पिटाई के निशान थे। वहीं बिहार से पहुंचे मृतक की मां ने बड़ी बहन के खिलाफ बेटे की शैतानी से परेशान होकर पिटाई करने के बाद आवेश में आकर गला दबाकर हत्या करने की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया।