Hindi Newsविदेश न्यूज़France president Emmanuel Macron predict on ukraine russia truce after talk with us president donald trump

पहले ट्रंप को नसीहत, अब यूक्रेन पर बड़ी भविष्यवाणी; मैक्रों ने बताया– कब होगा युद्धविराम

  • फ्रांस के राष्ट्रपति मैक्रों ने यूक्रेन-रूस युद्धविराम को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। मैक्रों ने यह बयान ट्रंप से मुलाकात के बाद एक टीवी इंटरव्यू के दौरान दिया। इससे पहले यूक्रेन मसले पर उन्होंने ट्रंप को मीडिया के सामने नसीहत भी दी।

Gaurav Kala लाइव हिन्दुस्तानTue, 25 Feb 2025 05:46 PM
share Share
Follow Us on
पहले ट्रंप को नसीहत, अब यूक्रेन पर बड़ी भविष्यवाणी; मैक्रों ने बताया– कब होगा युद्धविराम

Ukraine Russia Truce: रूस और यूक्रेन युद्ध के तीन साल पूरे होते ही यूरोपीय देशों ने इस महाजंग को जल्द से जल्द खत्म करने के लिए कसरत तेज कर दी है। पहले यूएन में रूसी सेना वापस जाओ वाला प्रस्ताव पास किया। वहीं, कुछ ने रूस पर एक बार फिर प्रतिबंधों की झड़ी लगा दी। उधर, तुर्की ने युद्धविराम के लिए मध्यस्थता का ऑफर दिया है। सोमवार से तमाम यूरोपीय देशों ने यूक्रेन में डेरा डालना भी शुरू कर दिया। इस बीच फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने यूक्रेन युद्धविराम को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। मैक्रों ने इससे पहले सोमवार को वाइट हाउस में डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात की थी और यूक्रेन मसले पर मीडिया के सामने नसीहत देने से भी नहीं चूके।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने कहा है कि यूक्रेन और रूस के बीच आने वाले हफ्तों में युद्धविराम पर सहमति बन सकती है। मैक्रों ने यह बयान वाइट हाउस में ट्रंप से मुलाकात के बाद फॉक्स न्यूज से बातचीत के दौरान दिया। दोनों नेताओं के बीच यह बैठक रूस के यूक्रेन पर आक्रमण की तीसरी वर्षगांठ के अवसर पर हुई थी।

ट्रंप और मैक्रों में जमकर ठनी

ट्रंप ने दावा किया कि युद्ध "कुछ हफ्तों" में समाप्त हो सकता है, लेकिन उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि यूक्रेन में शांति स्थापित करने की लागत और जिम्मेदारी यूरोप को उठानी चाहिए, न कि केवल अमेरिका को। जवाब में मैक्रों ने कहा कि कोई भी शांति समझौता ऐसा नहीं होना चाहिए जो "यूक्रेन के आत्मसमर्पण" के समान हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस तरह के किसी भी समझौते को सुरक्षा गारंटी के साथ लागू किया जाना चाहिए। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि वाइट हाउस में ट्रंप की वापसी "गेम चेंजर" साबित हो रही है और उन्होंने भरोसा जताया कि युद्धविराम और दीर्घकालिक शांति वार्ता शुरू करना "संभव" है।

ये भी पढ़ें:ट्रंप को मैक्रों ने बीच में रोका, यूक्रेन पर किया फैक्ट चेक, बोले- आपने गलत कहा

यूरोपीय सुरक्षा बल भेजने पर चर्चा

मैक्रों ने बताया कि उन्होंने 30 अन्य यूरोपीय नेताओं और सहयोगियों से बातचीत की है, जिनमें से कई यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी देने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि वह ब्रिटिश प्रधानमंत्री सर कीर स्टार्मर के साथ मिलकर यूक्रेन में यूरोपीय शांति सैनिकों की तैनाती का प्रस्ताव तैयार कर रहे हैं। मैक्रों ने कहा, "हमारे सैनिक युद्ध के मोर्चे पर नहीं जाएंगे, न ही किसी टकराव में शामिल होंगे। वे केवल उन स्थानों पर तैनात होंगे, जो समझौते के तहत निर्धारित किए जाएंगे, ताकि शांति बनाए रखी जा सके और हमारी सामूहिक विश्वसनीयता बनी रहे।"

उन्होंने यह भी कहा कि यूक्रेन की संप्रभुता सुनिश्चित करने के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता हासिल करने का एक तरीका महत्वपूर्ण खनिजों पर एक समझौता हो सकता है, जिस पर वर्तमान में वॉशिंगटन और कीव के बीच बातचीत चल रही है।

UN में अमेरिका के तटस्थ प्रस्ताव को मंजूरी

इस बीच, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अमेरिका द्वारा तैयार किया गया एक प्रस्ताव पारित हुआ, जिसमें युद्ध को लेकर एक तटस्थ रुख अपनाया गया। इस प्रस्ताव का रूस ने समर्थन किया, जबकि फ्रांस और ब्रिटेन ने मतदान में भाग नहीं लिया। यह वैश्विक कूटनीति में अमेरिका के बदलते रुख का संकेत माना जा रहा है।

युद्धविराम पर ट्रंप और मैक्रों की अलग-अलग राय

मैक्रों से बातचीत के बाद संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में ट्रंप ने यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी का जिक्र नहीं किया, लेकिन उन्होंने कहा कि यूरोपीय देशों को शांति स्थापित करने की लागत और जिम्मेदारी उठानी चाहिए। इस पर मैक्रों ने कहा कि यूरोप को "सुरक्षा भार को अधिक समान रूप से साझा करने" की जरूरत है और सोमवार की बातचीत ने एक स्पष्ट रास्ता दिखाया है। ट्रंप ने यह भी कहा कि वह युद्धविराम समझौते के बाद रूस का दौरा कर राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मिलेंगे।

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

अगला लेखऐप पर पढ़ें